भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले को 14 रन से अपने नाम किया. इसी के साथ मेजबान देश ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है, भारत की जीत में अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी अहम रही, अभिषेक ने 69 रन की पारी खेली जिसके कारण भारतीय टीम 223 रन बना पाने में सफल रही थी. अभिषेक ने 39 गेंद पर 69 रन की पारी खेली, अपनी पारी में अभिषेक ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए. अभिषेक ने मैच के बाद प्रेस से बात करते हुए कहा कि, वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने उनके लिए जाल बुना था. लेकिन उन्होंने उनके हर एक रणनीति को फेल कर दिया.
जब अभिषेक से पूछा गया कि क्या कवर और पॉइंट एरिया में शॉट खेलना कोई सोची-समझी रणनीति थी, तो उन्होंने कहा, "मैं यह तो नहीं कहूंगा कि यह जानबूझकर किया गया था, लेकिन मेरे दिमाग में यह बात ज़रूर थी कि उन्होंने मेरे खिलाफ कोई योजना बनाई है."
अभिषेक ने कहा, " जाहिर है, पहला ओवर एक ऑफ-स्पिनर डाल रहा था. तो, यह बस मेरे और उसके बीच की लड़ाई थी. और जैसा कि मैंने पारी के बाद इंटरव्यू में भी कहा, मैंने पहले ओवर में उसे सम्मान दिया क्योंकि मुझे लगता है कि वह इस सीरीज में बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहा है. तो, मेरे लिए भी यह प्लान काफी अच्छा रहा क्योंकि पावरप्ले में मैं बस कुछ रन बनाने की कोशिश कर रहा था. और ज़ाहिर है, उन्होंने मेरे लिए एक प्लान बनाया था, और मुझे उससे बेहतर खेलना था. बस यही बात है. "
मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पारी की अंतिम गेंद पर 223 रन पर सिमट गई. मेजबान टीम ने 7 के स्कोर पर संजू सैमसन (3) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों मे 108 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 115 के स्कोर तक पहुंचाया. ईशान 18 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. इस बीच अभिषेक शर्मा 30 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हो गए। आलम ये रहा कि टीम ने 135 रन तक 5 विकेट खो दिए.
इसके बाद तिलक वर्मा ने नितीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन और अक्षर पटेल के साथ सातवें विकेट के लिए 25 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। तिलक वर्मा 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नितीश रेड्डी ने 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, अक्षर पटेल ने 20 रन बनाए. मेहमान खेमे से रोस्टन चेज, शमर जोसेफ और शमर स्प्रिंगर ने 2-2 विकेट निकाले. कीमो पॉल और गुडाकेश मोती ने 1-1 विकेट चटकाए.
इसके जवाब में वेस्टइंडीज निर्धारित ओवरों में 209/7 का स्कोर ही बना सकी. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 44 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि नमन धीर ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, अक्षर पटेल और नितीश रेड्डी को 1-1 सफलता हाथ लगी. भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी, जिसके बाद टी20 सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से जीता,लेकिन दूसरे मुकाबले को वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. सीरीज के अंतिम दो मुकाबले 14 और 17 अक्टूबर को क्रमश: हैदराबाद और बेंगलुरु में खेले जाने हैं.
यह भी पढ़ें | अभिषेक शर्मा नंबर 1, रोहित से आगे कोहली, वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 5 बैटर
यह भी पढ़ें | तीसरे टी-20 में जीत के बाद भी इस बात से खुश नहीं हैं श्रेयस अय्यर, बोले- खुश हूं, लेकिन यह सुधार जरूरी है
यह भी पढ़ें | IND vs WI, 3rd T20I: हार से निराश हुए शाई होप, बताया कहां पलट गई बाजी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं