जेल की सलाखों में 36 दिन बिताने के बाद बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने दिल्ली के खिलाफ शानदार शतक ठोका. शतक लगाने के बाद अभिषेक इमोशनल हो गए और रोने लगे, उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है. अपनी गर्लफ्रेंड के रेप और शादी के झूठे आरोप लगाए जाने के बाद उन्हें 36 दिन पुलिस कस्टडी में बिताने पड़े थे. उस दौरान क्रिकेट के बारे में सोचना भी उनके लिए बहुत मुश्किल रहा होगा, करियर बनाने पर ध्यान देना तो दूर की बात रही होगी. लेकिन अभिषेक ने खुद को साबित करने लिए हिम्मत को बनाए रखा, जमानत पर रिहा होने के बाद, पोरेल ने बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में घरेलू क्रिकेट में वापसी की और शतक लगाया. शतक लगाने के बाद अभिषेक भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. बता दें कि सबूतों की कमी के कारण कोर्ट में अभी तक ये आरोप साबित नहीं हुए हैं.
अभिषेक ने अपनी शतकीय पारी के बाद जेल की सलाखों में बिताए अपने उन मुश्किल पलों को लेकर कहा “उतार-चढ़ाव आए, चोटें लगीं और मेरी निजी जिन्दगी में भी कई घटनाएं हुईं. मैं रोना नहीं चाहता था, लेकिन आंसू अपने आप निकल आए. लेकिन मेरे सेलिब्रेशन का मतलब यह था कि मैं कुछ कहना नहीं चाहता, बस क्रिकेट खेलना चाहता हूं और क्रिकेट के जरिए ही सबको जवाब देना चाहता हूं”
मैच की बात करें तो दिल्ली को रविवार को पहली पारी में 240 रन पर समेटने के बाद बंगाल ने सोमवार को दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में तीन विकेट पर 304 रन बना लिए. घरामी 221 गेंदों पर 122 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि पोरेल ने 161 गेंदों पर नाबाद 114 रन बनाए. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 199 रन की अटूट साझेदारी कर बंगाल को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. घरामी ने अपनी पारी में 17 चौके लगाए जबकि पोरेल ने अधिक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 13 चौके और एक छक्का जड़ा.
बंगाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने 105 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. अंकुर पॉल 17, अभिमन्यु ईश्वरन 34 और सुदीप चटर्जी दो रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद घरामी और पोरेल ने मोर्चा संभालते हुए दिल्ली के गेंदबाजों को कोई और सफलता हासिल नहीं करने दी. दिल्ली की ओर से दिविज मेहरा ने 34 रन, नवदीप सैनी ने 44 रन देकर और आयुष बडोनी ने 37 रन देकर एक-एक विकेट लिया.
यह भी पढ़ें | वैभव सूर्यवंशी के प्लेइंग-11 में शामिल न करने पर पूर्व कोच बोले- मौका गंवाया तो पछताएंगे गंभीर और श्रेयस अय्यर
यह भी पढ़ें | वर्ल्ड कप 2027 के लिए गंभीर के लिए कैफ की चेतावनी, बोले- कोहली-रोहित नहीं, इसके बिना चैंपियन बनना मुश्किल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं