विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2017

पुलिस फायरिंग में किसानों की मौत के हफ्ते भर के अंदर मध्य प्रदेश की गृह सचिव मधु खरे का तबादला

हालांकि सरकार ने उनके तबादले पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन गृह सचिव का ट्रांसफर मंदसौर में पिछले हफ्ते पुलिस की फायरिंग में छह किसानों के मारे जाने के बाद हुआ है.

पुलिस फायरिंग में किसानों की मौत के हफ्ते भर के अंदर मध्य प्रदेश की गृह सचिव मधु खरे का तबादला
मंदसौर में पिछले हफ्ते पुलिस की फायरिंग में छह किसानों की मौत हो गई थी
भोपाल: मध्य प्रदेश की गृह सचिव मधु खरे का सोमवार को तबादला कर दिया गया. उन्हें खादी ग्रामोद्योग विभाग में भेजा गया है. हालांकि सरकार ने उनके तबादले पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन गृह सचिव का ट्रांसफर मंदसौर में पिछले हफ्ते पुलिस की फायरिंग में छह किसानों के मारे जाने के बाद हुआ है. मधु खरे की जगह केदार शर्मा लेंगे.

मंदसौर फायरिंग के बारे में पहले तो सरकार ने दावा किया था कि पुलिस ने फायरिंग नहीं की थी. इसके बाद किसानों का प्रदर्शन और उग्र हो गया. बाद में सरकार ने पुलिस फायरिंग की बात स्वीकार की.

शनिवार और रविवार को 28 घंटे तक उपवास पर बैठे रहने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने वादा किया था कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. हालांकि अभी तक पुलिस के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन सरकार ने मंदसौर फायरिंक की जांच के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जे.के जैन की अध्यक्षता में एक-सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है.

यह आयोग अपने गठन की अधिसूचना के मध्य प्रदेश राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से तीन माह के अंदर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत करेगा. आयोग का मुख्यालय इंदौर रहेगा. अधिकारी ने बताया कि यह जांच आयोग पांच बिंदुओं की जांच करेगा.

उन्होंने कहा कि इन बिंदुओं में उपरोक्त घटना किन परिस्थितियों में घटी तथा क्या पुलिस द्वारा जो बल प्रयोग किया गया, वह घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए उपयुक्त था या नहीं? यदि नहीं तो इसके लिए दोषी कौन है? इसके अलावा, क्या जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने उस समय के हालात और घटनाओं के लिए पर्याप्त एवं सामयिक कदम उठाए थे? भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो, इस संबंध में यथोचित सुझाव और ऐसे अन्य विषय, जो जांच के अधीन मामले में आवश्यक या अनुषांगिक हो इसमें शामिल हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh, Farmers Agitation, Madhu Khare
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com