विज्ञापन

बाइक से नदी-नाले पार कर मोरपल्ली पहुंचे सुकमा कलेक्टर और CEO, बोले- अब गांव में ही मिलेगा राशन, दी ये सौगात

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खात्मे के बाद प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर विकास की सौगात दे रहा है. सुकमा कलेक्टर अमित कुमार बाइक से नदी-नाले और जंगली रास्ते को पार कर मोरपल्ली गांव पहुंचे और लोगों की समस्या सुनी. उन्होंने गांव में ही राशन मिलने समेत अन्य सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया.

बाइक से नदी-नाले पार कर मोरपल्ली पहुंचे सुकमा कलेक्टर और CEO, बोले- अब गांव में ही मिलेगा राशन, दी ये सौगात
​सुकमा के जंगली क्षेत्र में बाइक पर सवार होकर मोरपल्ली पहुंचे कलेक्टर अमित कुमार.

​सुकमा: जिले के अंतिम छोर पर बसे पहुंचविहीन और संवेदनशील इलाकों में विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने अब सीधे जमीन पर मोर्चा संभाल लिया है. ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि सुकमा के अंदरूनी क्षेत्र मोरपल्ली में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर चमचमाती सरकारी गाड़ियों को छोड़कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर उबड़-खाबड़ रास्तों और नदी-नालों को पार कर ग्रामीणों के बीच पहुंचे. आला ​अधिकारियों को अचानक अपने बीच पाकर ग्रामीणों का प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ. कलेक्टर ने गांव में चौपाल लगाकर न सिर्फ बुनियादी सुविधाओं का फीडबैक लिया, ग्रामीणों की कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने के निर्देश दिए. साथ ही, उन्होंने गांव को एक खुशखबरी भी दी कि कुछ दिन बाद उन्हें गांव में ही राशन मिलेगा. 

बाइक पर सवार ​सुकमा कलेक्टर अमित कुमार.

नहीं जाना होगा दूर, गांव में ही मिलेगा राशन 

चौपाल में ग्रामीणों ने अधिकारियों को राशन, पेयजल, बिजली और आंगनबाड़ी की स्थिति से अवगत कराया. ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि राशन दुकान का निर्माण हो रहा है, जो अब अंतिम चरण में है. अगले महीने काम पूरा हो जाएगा, उसके बाद गांव में ही खाद्यान्न का भंडारण और वितरण शुरू कर दिया जाएगा. इस सुविधा से ग्रामीणों को पैदल नहीं जाना पड़ेगा. 

इंद्रावती नदी पर 648 मीटर लंबा फुंडरी ब्रिज बनकर तैयार, नहीं बंटेगा बीजापुर, अबूझमाड़ के 50 गांव को फायदा
 

मोरपल्ली गांव में ग्रामीणों से बात करते सुकमा कलेक्टर और प्रशासन के अधिकार.

पानी और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं दूर करने के दिए निर्देश 

पानी की समस्या को लेकर चौपाल में कलेक्टर अमित कुमार ने मोरपल्ली ग्राम पंचायत में तत्काल नए बोर खनन कराने और खराब पड़े सोलर संयंत्रों की मरम्मत करने के निर्देश. पिछले एक वर्ष से लंबित ग्राम पटेल के मानदेय का भुगतान भी तुरंत सुनिश्चित करने को कहा.  ग्रामीणों को ऑनलाइन सुविधाओं से जोड़ने के लिए गांव में नया सीएससी खोलने की मंजूरी दी. साथ ही, सुरपनगुड़ा गांव में हर शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार शुरू कराने और मिनपा उप स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण कराने के भी निर्देश दिए. यह सौगात पाकर ग्रामीणों की समस्या में कमी आएगी. 

सुकमा के मोरपल्ली में जिला प्रशासन ने लगाई चौपाल.

​बच्चों से की बात, महिलाओं से कहा ई-केवाईसी जरूर कराएं  

इस दौरे के दौरान अधिकारियों ने प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण कर शिक्षा के स्तर की भी जांच की. कलेक्टर अमित कुमार ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया. साथ ही, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कलेक्टर ने महिलाओं से 'महतारी वंदन योजना' का पूरा लाभ उठाने के लिए शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने की अपील की. ग्रामीणों को वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड और अन्य जरूरी सरकारी दस्तावेज बनवाने के लिए जागरूक किया. 

छत्तीसगढ़ की सुपर गर्ल चारू पांडेय, SSC से लेकर बैंक-रेलवे समेत 19 सरकारी नौकरियों का रिकॉर्ड

(सुकमा से सलीम शेख की रिपोर्ट) 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sukma News, Sukma Collector Amit Kumar, Cg News, Chattisgarh Development News, Sukma Development News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com