रायपुर पुलिस ने ओडिशा से एक 69 साल के नटवरलाल बिंगसन जॉन को गिरफ्तार किया है. तमिलनाडु का रहने वाला ये नटवरलाल फ्रांसीसी सिरियल 'बिकिनी किलर' चार्ल्स शोभराज को अपना हीरो मानता है. उससे प्रभावित होकर उसने खुद को बड़ा ठग बना लिया. आरोपी बिंगसन जॉन के निशाने पर देश के लग्जरी और नामी होटल रहते थे, जहां वह खुद को फॉरेन ट्रैवल गाइड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर रुकता था. उसके भरोसा जीतकर धोखाधड़ी करने के इसी अंदाज ने उसे 'कॉनमैन' बना दिया.
आरोपी बिंगसन साल 1990 से वह अलग-अलग राज्यों में स्थित होटल में रुकता और जमकर मौज करता. हजारों-लाखों रुपये का बिल होने के बाद वह होटल से चुपचाप चेकआउट कर जाता. इतना ही नहीं, आरोपी बिंगसन जॉन होटल से कीमती सामान भी ले जाता था. अपने इस कारनामे और अन्य अपराध को लेकर वह दिल्ली की तिहाड़ जेल समेत देश की अन्य जेलों में 15 साल बंद रहा है. लेकिन, जेल से निकलते ही वह एक नए होटल में पहुंच जाता और मुफ्त में लैविश लाइफ जीता.
बिंगसन जॉन गिरफ्तार।
— Police Commissionerate Raipur (@CPRaipurPolice) July 3, 2026
देश के कई राज्यों में ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मात्र 72 घंटे में गिरफ्तार किया।#policecommissionerateraipur #raipurpolicecommissionerate pic.twitter.com/VsCB8g1G5o
सबसे पहले जानते हैं, कौन है नटवरलाल बिंगसन जॉन?
- नटवरलाल जॉन तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के नटराजपुरम स्ट्रीट कील रसड़ा का रहने वाला है.
- 69 साल के आरोपी बिंगसन जॉन के पिता का नाम ज्ञान प्रकाश है.
- 1990 से वह देश के अलग-अलग करीब 10 राज्यों के नामी लग्जरी होटलों में फ्री में रह रहा है.
- बिंगसन जॉन ने अब तक 300 से ज्यादा होटल मालिकों को ठगा है, होटल के लग्जरी स्वीट में रहा, लेकिन बिल नहीं चुकाया.
- नटवरलाल बिंगसन जॉन दिल्ली की तिहाड़ समेत देश की कई जेलों में 15 साल बंद रहा है.
- आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि 1996 से लेकर अब तक उसने अपना अधिकतर समय या तो जेल में गुजारा है या फिर देश के नामी होटलों में लैविश लाइफ जी है.

300 से ज्यादा लग्जरी होटल में फ्री में रुकने वाला 69 साल का नटवरला बिंगसन जॉन.
नटवरलाल बिंगसन जॉन होटलों में कैसे काट रहा था मुफ्त की मौज?
69 साल का नटवरलाल बिंगसन जॉन बड़ा शातिर है. वह खुद को फॉरेनर टूरिस्ट गाइड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर बड़े होटलों में कमरे और स्वीट बुक करता. यहां रहने के दौरान वह जमकर खाता-पिता और मौज करता. कुछ दिन बाद बिल बढ़ने में किसी तरह होटल से फरार हो जाता. वह अपने साथ होटल रूम में मौजूद कीमती सामान को भी अपने साथ ले जाता. अपनी इन हरकतों की वजह से वह कई बार पकड़ा गया, लेकिन जेल से छूटते ही वह यही काम फिर शुरू कर देता था.
कौन है 'बिकनी किलर' चार्ल्स शोभराज?
- अपराध की दुनिया में यह कोई छोटा-मोटा नाम नहीं है. चार्ल्स शोभराज एक चोर, ठग और सीरियल किलर था.
- उसके पिता भारतीय मूल के नागरिक थे और मां वियतनाम की रहने वाली थीं. चार्ल्स का जन्म साल 1944 में वियतनाम के हो ची मिन्ह शहर में हुआ था.
- उसके माता-पिता ने कभी शादी नहीं हुई थी, बाद में पिता ने उसे अपनाने से मना कर दिया.
- कुछ समय बाद चार्ल्स शोभराज की मां ने फ्रांसीसी सैनिक से शादी कर ली. चार्ल्स परिवार के साथ फ्रांस में रहने लगा.
'बिकनी किलर' चार्ल्स शोभराज हत्यारा ही नहीं शातिर चोर और शातिर ठग भी था.
बचपन से ही करने लगा था अपराध
चार्ल्स शोभराज ने बचपन में ही अपराध करना शुरू कर दिया. 1963 में उसे चोरी के आरोप में जेल हुई और यहीं से उसके अपराध की शुरूआत हुई. चार्ल्स के दिखने में अच्छा लगता था और वह महिलाओं से दोस्ती करने में एक्सपर्ट था. इसी का फायदा उठाकर वह महिलाओं की हत्या करता. उसके निशाने पर बिकनी गर्ल होती थी.
तिहाड़ जेल से फरार हो गया था चार्ल्स
70 के दशक में चार्ल्स ने भारत, थाईलैंड, तुर्की और ईरान जैसे देशों में 20 से अधिक लोगों की हत्या की. जुलाई 1976 में उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया. फ्रांसीसी और इजरायली नागरिकों की हत्या के मामले में उसे 21 साल की सजा हुई, लेकिन 1986 में वह दिल्ली की तिहाड़ जेल से फरार हो गया था. साल 2022 में उसे नेपाल की जेल से रिहा कर फ्रांस भेज दिया गया था. इसके बाद से बिकनी किलर वहीं रह रहा है, उसकी उम्र करीब 82 साल है.
अब जानिए क्या है रायपुर होटल से जुड़ा मामला?
डीसीपी स्मृतिक राजनाला, एंटी क्राइम यूनिट रायपुर कमिश्नरेट ने बताया कि तेलीबांधा थाने में होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने बिंगसन जॉन के खिलाफ केस दर्ज कराया. जिसमें उन्होंने बताया कि बिंगसन 25 जून को होटल में रुका था, 27 जून की सुबह करीब 7:44 बजे वह चुपचाप होटल से चला गया. उसके नंबर बंद आ रहे थे. आरोपी बिंगसन जॉन ने होटल का 63,755 रुपये का बिल का भुगतान नहीं किया, साथ ही वह अपने साथ किराए पर उपलब्ध कराए गए एक लैपटॉप को भी अपने साथ ले गया, जिसकी करीब 1.50 लाख रुपये थे. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में उसने चौंकाने वाला राज खोला.
कौन है ये नटवरलाल? 36 साल तक देश के 300 नामी होटलों में मुफ्त में काटी मौज, कैसे पकड़ा गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं