12th Paper leak in Chhattisgarh: NSUI ने सोमवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के घेराव का ऐलान किया है. NSUI ने आरोप लगाया है कि 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय का प्रश्न पत्र परीक्षा से एक दिन पहले ही लीक हो गया था. इस मामले को लेकर NSUI ने निष्पक्ष जांच के साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
NSUI के पदाधिकारी शांतनु का कहना है कि 14 मार्च को आयोजित 12वीं हिंदी विषय की बोर्ड परीक्षा से पहले 13 मार्च की देर रात एक व्हाट्सएप ग्रुप में प्रश्न पत्र से जुड़े सवाल वायरल हुए थे. संगठन के मुताबिक 13 मार्च की रात करीब 2 बजकर 41 मिनट पर एक व्हाट्सएप ग्रुप में हाथ से लिखे 15 प्रश्न भेजे गए थे. इसके दो मिनट बाद यानी 2 बजकर 43 मिनट पर उसी नंबर से एक और संदेश आया, जिसमें लिखा था- “इसे भी देख लेना.”
जो प्रश्न व्हाट्सऐप ग्रुप में शेयर किए गए, लगभग वही अगले दिन के प्रश्नपत्र में आया
NSUI का दावा है कि जो प्रश्न उस व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए गए थे, वही सवाल अगले दिन 14 मार्च को आयोजित हिंदी के प्रश्नपत्र में लगभग उसी क्रम में पूछे गए. संगठन का कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो चुका था, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं.
NSUI ने की जांच की मांग
इस मामले को लेकर NSUI के कार्यकर्ता आज बड़ी संख्या में पहुंचकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय का घेराव करेंगे. संगठन ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह पता चल सके कि प्रश्नपत्र लीक होने के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं.
यह भी पढ़ें- फिंगेश्वर से कृषि कॉलेज हटाने पर गरमाई सियासत, पूर्व CM बघेल ने भाजपा सरकार पर जनता को लड़ाने का लगाया आरोप
साथ ही NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और शिक्षा मंडल इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो छात्र संगठन राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगा. NSUI का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा यह गंभीर मामला है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होना जरूरी है.
यह भी पढ़ें- महिला समूह से 8.85 लाख की धोखाधड़ी, सदस्यों के नाम पर लोन लेकर निजी-खर्च में किए इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं