अगर आप भी हर महीने के आखिर में अपने बैंक अकाउंट का बैलेंस चेक करते हुए इस बात से डरते हैं कि कहीं मिनिमम बैलेंस कम होने पर बैंक आपकी मेहनत की कमाई से पेनल्टी न काट ले, तो यह खबर आपके लिए ही है. दरअसल, पिछले 3 सालों में बैंकों ने पेनल्टी के नाम पर ग्राहकों की जेब से ₹19,083 करोड़ रुपये झटक लिए हैं. ऐसे में इस भारी-भरकम जुर्माने और टेंशन से बचने का सबसे स्मार्ट तरीका है जीरो बैलेंस सेविंग्स अकाउंट (Zero Balance Account). अगर आप भी इस जुर्माने के झंझट और अपनी मेहनत की कमाई को कटने से बचाना चाहते हैं, तो 'जीरो बैलेंस अकाउंट' आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन है. यह एक ऐसा खाता है जिसमें आप ₹0 बैलेंस होने पर भी बिना किसी डर के बैंकिंग का पूरा मजा ले सकते हैं.
आइए जानते हैं... जीरो बैलेंस अकाउंट क्या है, इसके फायदे क्या-क्या है. इसके साथ भी ये भी जानेंगे कि कौन-कौन से बैंक जीरो बैलेंस अकाउंट खोलने की सुविधा दे रहे हैं और यह अकाउंट किन लोगों के लिए बेस्ट है?
क्या होता है जीरो बैलेंस अकाउंट?
रिजर्व बैंक (RBI) ने कई साल पहले बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) अकाउंट शुरू किया था, जिसे आम भाषा में 'जीरो बैलेंस अकाउंट' भी कहते हैं. इसे रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा फाइनेंशियल इन्क्लूजन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है. इसमें आपको खाते में मिनिमम बैलेंस' के तौर पर एक भी रुपया रखने की मजबूरी नहीं होती. अगर आपका बैलेंस शून्य (Zero) भी हो जाए, तो बैंक आप पर कोई जुर्माना नहीं लगा सकता.
जीरो बैलेंस अकाउंट के शानदार फायदे
- मिनिमम बैलेंसपेनल्टी से छुटकारा: आपको महीने के अंत में बैंक बैलेंस चेक करने की चिंता नहीं करनी पड़ती. बैलेंस शून्य होने पर भी खाता एक्टिव रहता है और कोई चार्ज नहीं कटता.मिनिमम बैलेंस मेंटेन न करने पर लगने वाली भारी पेनल्टी से आपको हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाता है.
- फ्री बैंकिंग सर्विसेज: अधिकतर बैंक की ओर से इस अकाउंट के साथ ग्राहकों को मुफ्त डेबिट कार्ड (Debit Card) और पासबुक (Passbook) दी जाती है.
- डिजिटल पेमेंट की सुविधा: आप अपनी जरूरत के हिसाब से बिना किसी रोक-टोक के यूपीआई (UPI), नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के कर सकते हैं.
- एटीएम विड्रॉल: आपको हर महीने कुछ फ्री एटीएम विड्रॉल (ATM Withdrawals) की सुविधा भी मिलती है.
किन लोगों के लिए बेस्ट है यह खाता?
यह अकाउंट उन लोगों के लिए बेहतरीन है जिनकी कमाई फिक्स नहीं है या जो सिर्फ डिजिटल ट्रांजेक्शन के लिए एक अलग खाता चाहते हैं या फिर अपनी छोटी-छोटी बचत को सुरक्षित रखना चाहते हैं.
जीरो बैलेंस अकाउंट खास तौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो बिना किसी टेंशन और पाबंदी के बैंकिंग से जुड़ना चाहते हैं. यह स्टूडेंट्स, फ्रीलांसर, हाउस वाईफ और पहली बार बैंक खाता खोलने वालों के लिए सबसे सिक्योर और आसान ऑप्शन है. इससे आप अपनी इमरजेंसी फंड की बचत बिना किसी डर के कर सकते हैं.
कौन-कौन से बैंक दे रहे हैं जीरो बैलेंस अकाउंट खोलने की सुविधा?
भारत के लगभग सभी बड़े सरकारी और प्राइवेट बैंक यह सुविधा दे रहे हैं. 2026 में जीरो बैलेंस अकाउंट देने वाले टॉप भारतीय बैंक की लिस्ट देख लें...
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI)
- पंजाब नेशनल बैंक (PNB)
- बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB)
- HDFC बैंक
- ICICI बैंक
- एक्सिस बैंक (Axis Bank)
कैसे खोलें अपना जीरो बैलेंस अकाउंट?
जीरो बैलेंस अकाउंट खोलना बहुत आसान और पेपरलेस (Paperless) है. इसके लिए आपको जरूरी डॉक्यूमेंट्स के तौर पर बस आधार कार्ड (Aadhaar Card),पैन कार्ड (PAN Card) और पासपोर्ट साइज फोटो अपने पास रखना होगा.आप बैंक की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर वीडियो केवाईसी (Video KYC) के जरिए घर बैठे यह खाता खोल सकते हैं या फिर पास की किसी भी बैंक ब्रांच में जाकर आवेदन कर सकते हैं.आप इसे इन तीन तरीकों से खोल सकते हैं...
- ऑनलाइन एप्लीकेशन: बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जाकर सीधे अप्लाई करें.
- वीडियो केवाईसी (Video KYC): आधार और पैन कार्ड की मदद से वीडियो कॉल पर अपनी पहचान कराएं और तुरंत खाता चालू करें.
- ब्रांच विजिट: आप पास के किसी भी बैंक में जाकर केवल आधार (Aadhaar) और पैन (PAN) कार्ड जमा करके यह खाता खुलवा सकते हैं.
जीरो बैलेंस अकाउंट खोलने से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
जीरो बैलेंस अकाउंट के कई फायदे हैं. भले ही इसमें पेनल्टी नहीं लगती लेकिन इसकी कुछ लिमिट भी हैं. जैसे, हर महीने फ्री एटीएम विड्रॉल (ATM Withdrawals) की संख्या लिमिटेड हो सकती है. कुछ बैंक इसमें चेकबुक (Cheque Book) की सुविधा नहीं देते. इसके अलावा, एक व्यक्ति एक ही बैंक में केवल एक ही BSBD यानी जीरो बैलेंस अकाउंट रख सकता है. अगर आपका पहले से कोई रेगुलर सेविंग्स अकाउंट है, तो उसे बंद करना या कन्वर्ट करना पड़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं