WhatsApp के यूजरनेम फीचर पर सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं. एक्सपर्ट्स तो सवाल उठा ही रहे हैं, केंद्र सरकार का भी यही मानना है कि इससे साइबर स्कैम के मामले बढ़ सकते हैं. केंद्र ने वॉट्सएप की मदर कंपनी मेटा (Meta) को शो-कॉज नोटिस भेजा है इस बढ़ते विवाद और असमंजस के बीच मेटा ने सामने आकर यूजर्स के मन में उठ रहे बड़े सवालों के जवाब दिए हैं. अगर आप भी वॉट्सऐप यूजर हैं, तो आपको इन 7 बातों का पता होना जरूरी है.
सवाल: क्या यूजरनेम रखना अनिवार्य (mandatory) है?
जवाब: नहीं, यह पूरी तरह से वैकल्पिक (optional) है.
सवाल: अगर मेरा मनपसंद यूजरनेम उपलब्ध न हो तो क्या करें?
जवाब: अपना पसंदीदा यूजरनेम न मिल पाने के कुछ मुख्य कारण हो सकते हैं:
वह पहले से ही किसी का इंस्टाग्राम या फेसबुक यूजरनेम है, ऐसे यूजरनेम उनके असली मालिकों के लिए रिजर्व रखे गए हैं.
हमने जाने-माने नामों और उनसे मिलते-जुलते नामों (जैसे—पब्लिक फिगर, सेलिब्रिटी, सरकारी संस्थान और मेटा-वेरिफाइड अकाउंट्स) को होल्ड पर रखा है, ताकि उन्हें सिर्फ उनके असली मालिक ही क्लेम कर सकें. अगर आप इन्हें रिजर्व करने की कोशिश करेंगे, तो सिस्टम 'not available' (उपलब्ध नहीं है) दिखाएगा.
किसी अन्य व्यक्ति ने वह सामान्य नाम पहले ही ले लिया है, ऐसी स्थिति में आप 'यूजरनेम जनरेटर' का इस्तेमाल कर सकते हैं.
सवाल: अगर कोई मेरे जैसा यूजरनेम बनाकर मेरी नकल (धोखाधड़ी) करने की कोशिश करे, तो आप उसे कैसे रोकेंगे?
जवाब: यूजरनेम का इस्तेमाल अभी मैसेजिंग के लिए शुरू नहीं हुआ है. जब यह शुरू होगा और आपको किसी नए व्यक्ति का मैसेज आएगा, तो हम आपको उसका देश (country origin) बताएंगे और पहली बार मैसेज आने पर एक चेतावनी (warning) भी देंगे. जाने-माने लोगों के नाम वेरिफाइड मालिकों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं. इसके अलावा, हम स्कैमर्स पर कार्रवाई करने के लिए ब्लॉक और रिपोर्ट जैसी एक्टिविटीज पर पैनी नजर रख रहे हैं.
सवाल: क्या कोई भी अनजान व्यक्ति मेरा यूजरनेम जान कर या अंदाजा लगाकर मुझे मैसेज कर सकता है?
जवाब: जिस तरह आप वॉट्सऐप पर किसी का फोन नंबर सर्च नहीं कर सकते, उसी तरह आप यूजरनेम भी सर्च नहीं कर पाएंगे. अनजान लोगों के संपर्क से बचने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप 'यूजरनेम की' (username key) इनेबल करें और ऐसा यूजरनेम चुनें जो सिर्फ वॉट्सऐप के लिए ही यूनिक हो.
अनचाहे मैसेजेस को रोकने के लिए मौजूदा सभी सुरक्षा उपाय जारी रहेंगे, जिसमें अज्ञात भेजने वालों की जानकारी (जैसे- क्या यह नया अकाउंट है, क्या आप दोनों किसी कॉमन ग्रुप में हैं, वे किस देश से हैं) और ब्लॉक व रिपोर्ट करने की सुविधा शामिल है.
सवाल: यह 'यूजरनेम की' (Username Key) क्या है?
जवाब: यह सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत (extra layer) है जिसे आप अपने यूजरनेम के साथ चालू कर सकते हैं. इसके बाद, किसी भी यूजर को आपसे संपर्क करने के लिए आपके यूजरनेम के साथ-साथ आपकी 'यूजरनेम की' भी पता होनी चाहिए. आप जब चाहें अपनी 'की' (key) को रीसेट कर सकते हैं, जिससे आपके यूजरनेम के जरिए आने वाले नए मैसेजेस रुक जाएंगे.
सवाल: क्या मुझे अपने अन्य मेटा (Meta) अकाउंट्स को इससे लिंक करना होगा?
जवाब: अगर आप अपना इंस्टाग्राम या फेसबुक वाला यूजरनेम ही वॉट्सऐप पर भी चाहते हैं, तो आपको उन्हें लिंक करना होगा. यह धोखाधड़ी को कम करने और यह पक्का करने का एक तरीका है कि आप ही उस अकाउंट के असली मालिक हैं. हालांकि, यूजरनेम मिलने के बाद आप चाहें तो अकाउंट को अनलिंक कर सकते हैं, या फिर वॉट्सऐप के लिए एक बिल्कुल अलग यूजरनेम चुन सकते हैं.
सवाल: क्या मैं अपना यूजरनेम बाद में बदल सकता हूं?
जवाब: हां, जब तक आपका नया पसंदीदा यूजरनेम उपलब्ध है, आप इसे कभी भी बदल सकते हैं.
कुछ और बातें जो ध्यान में रखनी जरूरी हैं...
कंपनी का कहना है कि लोग मशहूर या पॉपुलर यूजरनेम को रिजर्व करने के झूठे दावे कर रहे हैं- ये सच नहीं है. मशहूर हस्तियों के नाम सिर्फ उनके असली मालिक ही रिजर्व कर सकते हैं.
इस साल के अंत में यूजरनेम फीचर के पूरी तरह लॉन्च होने से पहले हमने रिजर्वेशन की सुविधा इसलिए दी है, क्योंकि हम जानते हैं कि लोग वॉट्सऐप पर अपना पसंदीदा यूजरनेम पाने के लिए उत्सुक हैं. हम थोड़ा समय ले रहे हैं और यूजर्स के फीडबैक सुन रहे हैं ताकि जब यह इस साल के अंत में रोल आउट हो, तो सब कुछ परफेक्ट हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं