उत्तर प्रदेश में अपना घर खरीदने या दुकान खोलने की चाहत रखने वालों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने राज्य के 6 प्रमुख जिलों में 12 नए रियल्टी प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दे दी है.इन प्रोजेक्ट्स को चेयरमैन संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई UP RERA की 214वीं अथॉरिटी मीटिंग में मंजूरी मिली. इन सभी प्रोजेक्ट्स के जरिए कुल ₹1,663.85 करोड़ का बड़ा निवेश होगा, जिससे 3,090 नए आवासीय घर और कमर्शियल यूनिट्स तैयार की जाएंगी.
लखनऊ और गाजियाबाद को सबसे ज्यादा प्रोजेक्ट्स
इस नई मंजूरी में सबसे ज्यादा फायदा राजधानी लखनऊ और गाजियाबाद को मिला है. राजधानी में चार प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी मिली है. इनमें दो रेजिडेंशियल, एक कमर्शियल और एक मिक्स्ड-यूज प्रोजेक्ट तैयार होगा.इन चारों प्रोजेक्ट्स में करीब ₹609.35 करोड़ का निवेश होगा और कुल 1,972 यूनिट्स तैयार होंगी.
इसके बाद गाजियाबाद में तीन रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है. यहां ₹605.06 करोड़ के निवेश से 574 घर बनाए जाएंगे.
हापुड़,अयोध्या, कानपुर और प्रयागराज में भी शुरू होंगे नए प्रोजेक्ट
हापुड़ में दो आवासीय प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है. इनमें ₹123.45 करोड़ का निवेश होगा और 192 यूनिट्स बनेंगी.वहीं कानपुर में ₹201.72 करोड़ के एक प्रोजेक्ट से 158 यूनिट्स तैयार होंगी.
प्रयागराज में ₹51.66 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है, जिसमें 109 यूनिट्स बनेंगी. अयोध्या में ₹72.61 करोड़ की लागत वाले प्रोजेक्ट में 85 रेजिडेंशियल यूनिट्स तैयार होंगी.
RERA का फोकस सिर्फ मंजूरी पर नहीं
UP RERA के मुताबिक, इन प्रोजेक्ट्स से निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.इससे कंस्ट्रक्शन मटीरियल, इंजीनियरिंग और ट्रांसपोर्ट जैसे सेक्टर्स में भी बड़े पैमाने पर रोजगार के मौके बनेंगे.
चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने साफ किया कि RERA नियमों का पालन, समय पर प्रोजेक्ट्स पूरा करना और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा अथॉरिटी की प्राथमिकता रहेगी.
सितंबर में ₹2,380 करोड़ के 13 प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी
इससे पहले सितंबर में UP RERA की 212वीं और 213वीं बैठकों में ₹2,380.04 करोड़ के 13 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी जा चुकी है. ये प्रोजेक्ट्स बाराबंकी, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और आगरा में थे.इनसे कुल 4,724 आवासीय और कमर्शियल यूनिट्स बनने की बात कही गई थी.
इनमें बाराबंकी में ₹751.42 करोड़ के दो प्रोजेक्ट्स और 591 यूनिट्स, जबकि लखनऊ में ₹385.76 करोड़ के एक प्रोजेक्ट में 1,392 यूनिट्स शामिल थीं.
वाराणसी में तीन प्रोजेक्ट्स के लिए ₹750.24 करोड़ और 1,189 यूनिट्स, गाजियाबाद में तीन प्रोजेक्ट्स के लिए ₹286.27 करोड़ और 864 यूनिट्स को मंजूरी मिली थी. गौतम बुद्ध नगर में करीब ₹186 करोड़ के दो प्रोजेक्ट्स से 564 यूनिट्स और आगरा में ₹20.35 करोड़ के दो प्रोजेक्ट्स से 124 यूनिट्स बनने की बात कही गई है.
ये भी पढ़ें- नई गाड़ी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर: IRDAI बदलने जा रहा है इंश्योरेंस खरीदने का तरीका, सीधे घटेंगे दाम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं