विज्ञापन

TCS को 220 मिलियन डॉलर का फटका! अमेरिकी कंपनी के सीक्रेट चुराए थे, कोर्ट में अपील काम नहीं आई

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रेड सीक्रेट मामले में टीसीएस की याचिका खारिज कर दी है. इसके बाद कंपनी को करीब 220 मिलियन डॉलर का वित्तीय झटका लगेगा. कोर्ट ने डीएक्ससी टेक्नोलॉजी के पक्ष में दिए गए 168 मिलियन डॉलर के हर्जाने के फैसले को भी बरकरार रखा है.

TCS को 220 मिलियन डॉलर का फटका! अमेरिकी कंपनी के सीक्रेट चुराए थे, कोर्ट में अपील काम नहीं आई
TCS को भरना होगा अमेरिका में जुर्माना, पूरा मामला समझिए
(File Photo)

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को अमेरिका में चल रहे ट्रेड सीक्रेट मामले में बड़ा झटका लगा है. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी की याचिका खारिज कर दी है. इस मामले के कारण टीसीएस को कुल करीब 220 मिलियन डॉलर का वित्तीय नुकसान होगा. कंपनी ने मंगलवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने डीएक्ससी टेक्नोलॉजी के पक्ष में दिए गए 168 मिलियन डॉलर के हर्जाने के फैसले को बरकरार रखा है.

कंपनी को करना होगा अतिरिक्त प्रावधान

टीसीएस ने अपनी फाइलिंग में कहा कि 15 जून 2026 को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दायर उसकी समीक्षा याचिका को खारिज कर दिया. कंपनी के मुताबिक, उसने पहले ही इस मामले के लिए अपने अकाउंट्स में 150 मिलियन डॉलर का प्रावधान कर रखा था. अब नुकसान, ब्याज और कानूनी खर्चों को देखते हुए अतिरिक्त 70 मिलियन डॉलर का प्रावधान किया जाएगा. इसे वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में एक बार होने वाले विशेष खर्च के रूप में दिखाया जाएगा.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 2019 में डलास की फेडरल कोर्ट में दायर किए गए एक मुकदमे से जुड़ा है. डीएक्ससी टेक्नोलॉजी की पूर्व कंपनी कंप्यूटर साइंसेज कॉर्पोरेशन ने टीसीएस पर आरोप लगाया था कि उसने इंश्योरेंस कंपनी ट्रांसअमेरिका के करीब 2,200 कर्मचारियों को नौकरी पर रखा और उनकी अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल करके एक प्रतिस्पर्धी लाइफ इंश्योरेंस प्लेटफॉर्म तैयार किया.

पहले भी टीसीएस के खिलाफ आया था फैसला

साल 2023 में जूरी ने कहा था कि टीसीएस को ट्रेड सीक्रेट्स का जानबूझकर इस्तेमाल करने के लिए 210 मिलियन डॉलर का भुगतान करना चाहिए. हालांकि बाद में यूएस डिस्ट्रिक्ट जज ब्रेंटली स्टार ने इस राशि को घटाकर 168 मिलियन डॉलर कर दिया. इसमें 56 मिलियन डॉलर वास्तविक हर्जाना और 112 मिलियन डॉलर दंडात्मक हर्जाना शामिल था. इसके बाद 2025 में फिफ्थ यूएस सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स ने भी इस फैसले को बरकरार रखा था.

टीसीएस ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी थी कि डीएक्ससी को वास्तविक नुकसान साबित किए बिना इतना हर्जाना नहीं मिलना चाहिए और दंडात्मक हर्जाने की राशि भी बहुत ज्यादा है. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी की दलीलों को स्वीकार नहीं किया और याचिका खारिज कर दी.

ये भी पढ़ें: E100 फ्यूल क्या है, क्या ये पेट्रोल की जगह ले सकता है? जानिए इसके फायदे और नुकसान
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TCS Trade Secret Lawsuit, US Supreme Court, TCS Case In US, TCS Trade Secrets Case, TCS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com