टाटा ग्रुप के रिटेल बिजनेस को लेकर एक बहुत बड़ी खबर आ रही है. नोएल टाटा की बेटी और रतन टाटा की भतीजी माया टाटा को ट्रेंट लिमिटेड के सबसे बड़े फैशन ब्रांड वेस्टसाइड में एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 37 साल की माया टाटा अब वेस्टसाइड के ऑनलाइन बिजनेस और ओवरसीज ई-कॉमर्स मार्केटिंग का काम संभालेंगी. यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब वेस्टसाइड अपने डिजिटल बिजनेस को तेजी से आगे बढ़ा रहा है और विदेशों में भी अपने पैर पसार रहा है.
इस पूरे प्लान के पीछे उनके पिता नोएल टाटा का अहम रोल माना जा रहा है जो इस समय ट्रेंट के चेयरमैन हैं और इस साल नवंबर में रिटायर होने वाले हैं. हालांकि इस खबर पर ट्रेंट की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
टाटा डिजिटल के बाद अब नया रोल
माया टाटा इससे पहले टाटा डिजिटल में काम कर रही थीं जहां से हाल ही में उन्होंने इस्तीफा दिया है. टाटा डिजिटल में करीब 17,000 करोड़ रुपये के नुकसान की खबरों के बीच अब उन्हें इस नए रोल में देखा जा रहा है. माया टाटा के पास डिजिटल कॉमर्स, ऑनलाइन रिटेल और ग्राहकों को ब्रांड से जोड़ने का बहुत अच्छा अनुभव है जिसका फायदा अब वेस्टसाइड को मिलेगा.
टाटा डिजिटल से पहले उन्होंने टाटा कैपिटल के टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड में भी काम किया था. माया टाटा के भाई नेविल टाटा भी ट्रेंट के हाइपरमार्केट बिजनेस 'स्टार बाजार' को संभाल रहे हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन ग्रुप के होटल बिजनेस से जुड़ी हैं. इस तरह टाटा परिवार की नई पीढ़ी अब ग्रुप के अलग-अलग बिजनेस में अपनी जगह बना रही है
कौन हैं माया टाटा?
हमेशा लाइमलाइट और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहने वाली माया टाटा टाटा ट्रस्ट्स के मौजूदा चेयरमैन नोएल टाटा की छोटी बेटी हैं. उनका जन्म साल 1989 में मुंबई में हुआ था. उन्होंने अपनी पढ़ाई यूके की यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक से पूरी की है और इसके बाद लंदन के बिजनेस स्कूल से बिजनेस मैनेजमेंट और फाइनेंस की डिग्री हासिल की है.
टाटा ग्रुप में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बहुत छोटे लेवल से की थी. ऐसा कहा जाता है कि माया टाटा ने अपने करियर की शुरुआत खुद रतन टाटा के गाइडेंस में की थी, इसलिए उनके पास काम करने का एक बेहतरीन नजरिया है जो वेस्टसाइड के डिजिटल और ग्लोबल कारोबार को आगे बढ़ाने में काम आएगा.
वेस्टसाइड का बिजनेस और टाटा का मेगा प्लान
ट्रेंट लिमिटेड के लिए वेस्टसाइड कितना जरूरी है इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि ट्रेंट की कुल कमाई का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा अकेले वेस्टसाइड से आता है. कंपनी अब ऑनलाइन स्टोर्स के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी अपने स्टोर्स तेजी से बढ़ा रही है. कंपनी का टारगेट है कि वह हर साल वेस्टसाइड के करीब 50 नए स्टोर्स खोलेगी. आपको बता दें कि कंपनी ने सिर्फ वित्त वर्ष 2026 में ही 53 नए स्टोर्स खोल दिए थे.
Westside ने हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE में अपना पहला इंटरनेशनल स्टोर खोलकर ग्लोबल मार्केट में कदम रखा है. कंपनी अब अपने भारतीय फैशन ब्रांड को दुनिया के दूसरे बाजारों तक पहुंचाना चाहती है.ऐसे में ऑनलाइन बिजनेस और डिजिटल मार्केटिंग की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है, माना जा रहा है कि माया टाटा की अगुवाई में Westside अपने डिजिटल कारोबार को और मजबूत करेगी और ग्लोबल बाजार में अपनी पहचान बनाने की कोशिश तेज करेगी.
ट्रेंट लिमिटेड का शानदार परफॉर्मेंस
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट लिमिटेड का रिटेल नेटवर्क देश भर में बहुत तेजी से फैल रहा है. कंपनी वेस्टसाइड के अलावा जुडियो और स्टार बाजार जैसे पॉपुलर ब्रांड्स भी चलाती है. वित्त वर्ष 2026 तक ट्रेंट लिमिटेड का कुल रेवेन्यू लगभग 19,700 करोड़ रुपये रहा है. इसके साथ ही कंपनी का पूरा रिटेल नेटवर्क अब देश के 321 शहरों में 1,286 स्टोर्स तक पहुंच चुका है.
अब माया टाटा की एंट्री से कंपनी को उम्मीद है कि उनकी डिजिटल सूझबूझ से वेस्टसाइड का ऑनलाइन और ग्लोबल मार्केट का बिजनेस एक नए मुकाम पर पहुंचेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं