दिल्ली के सबसे पॉश और वीआईपी इलाकों में गिने जाने वाले लुटियंस दिल्ली में एक बड़ा प्रॉपर्टी सौदा हुआ है. Essel Group के चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने राजधानी के भगवान दास रोड स्थित अपने बंगले को बेचने का फैसला किया है. ET की रिपोर्ट के मुताबिक, सुभाष चंद्रा ने अपने इस बंगले को एक दिल्ली के बिजनेस परिवार को ₹1,260 करोड़ में बेचने पर सहमति जताई है. इस डील से जुड़े लोगों के अनुसार, यह भारत के सबसे बड़े और महंगे रेजिडेंशियल रियल एस्टेट ट्रांजैक्शनों में से एक है.
2015 में ₹304 करोड़ में खरीदी थी प्रॉपर्टी
सुभाष चंद्रा ने यह 2.8 एकड़ की रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी साल 2015 में ₹304 करोड़ में खरीदी थी. अब करीब एक दशक बाद इसकी कीमत बढ़कर ₹1,260 करोड़ पहुंच गई है. यानी पिछले 10 साल में इस प्रॉपर्टी की वैल्यू चार गुना से भी ज्यादा बढ़ चुकी है.
कब तक पूरी होगी डील?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी डील की सभी औपचारिकताएं 30 दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है. डील पूरी होने के बाद यह दिल्ली के लक्जरी रियल एस्टेट मार्केट की सबसे पॉपुलर डील्स में शामिल हो सकती है.
क्यों खास है लुटियंस बंगलो जोन?
यह प्रॉपर्टी नई दिल्ली के लुटियंस बंगलो जोन (LBZ) में स्थित है. यह राजधानी का सबसे प्रतिष्ठित और सख्त नियमों वाला रिहायशी इलाका माना जाता है. यहां बड़े भूखंड वाली प्रॉपर्टियां बहुत कम बिकती हैं, इसलिए जब भी कोई सौदा होता है तो उस पर पूरे रियल एस्टेट सेक्टर की नजर रहती है.इस इलाके में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, जज, राजनयिक और कुछ चुनिंदा कारोबारी परिवार रहते हैं. सीमित सप्लाई और सख्त डेवलपमेंट नियमों की वजह से यहां जमीन की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं.
दिल्ली के लक्जरी प्रॉपर्टी बाजार के लिए बड़ा संकेत
लुटियंस दिल्ली में प्रॉपर्टी की बिक्री बेहद कम होती है. ऐसे में हर बड़ी डील को देश के अल्ट्रा-लक्जरी हाउसिंग मार्केट के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है. यह सौदा भी दिखाता है कि राजधानी के सबसे प्रीमियम इलाकों में जमीन की मांग अब भी मजबूत बनी हुई है.
हाई-वैल्यू एसेट्स बेचने का बढ़ रहा ट्रेंड
यह प्रस्तावित बिक्री ऐसे समय में हो रही है जब देश के कई बड़े कारोबारी परिवार अपनी हाई-वैल्यू संपत्तियों के जरिए एसेट मोनेटाइजेशन पर फोकस कर रहे हैं. हालांकि भगवान दास रोड स्थित यह बंगला सुभाष चंद्रा की व्यक्तिगत संपत्ति है, लेकिन इतनी बड़ी डील हमेशा वेल्थ मैनेजमेंट और कैपिटल अलोकेशन को लेकर भी चर्चा में रहती है.
दिल्ली के रियल एस्टेट बाजार में बना नया बेंचमार्क
₹1,260 करोड़ की संभावित कीमत के साथ यह सौदा दिल्ली के लक्जरी हाउसिंग मार्केट में एक नया बेंचमार्क स्थापित कर सकता है. साथ ही यह भी दिखाता है कि राजधानी के सबसे खास इलाकों में मौजूद सीमित जमीन की मांग आज भी बेहद मजबूत है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं