मशहूर टीवी कपल इशिता दत्ता और वत्सल सेठ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ पर्सनल जिंदगी की झलकियां शेयर करते रहते हैं. हाल ही में दोनों ने मुंबई एयरपोर्ट से एक ऐसा वीडियो शेयर किया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वीडियो में कपल ने एयरपोर्ट पर बेहद सस्ते दामों में मिलने वाले खाने-पीने के सामान की तारीफ की और सरकार की इस पहल को शानदार बताया. दरअसल, आमतौर पर एयरपोर्ट पर पानी, चाय, कॉफी और स्नैक्स जैसी बेसिक चीजें काफी महंगी मिलती हैं. लेकिन इस बार इशिता और वत्सल को एयरपोर्ट पर केवल 20 रुपये में पानी की दो बोतलें मिलीं, जिसे देखकर दोनों काफी खुश नजर आए.
ये भी पढ़ें: 90s की इन 5 हॉरर फिल्मों ने थिएटर में मचा दी थी दहशत, तीसरी वाली देखने के बाद अकेले सोने से डरते थे लोग
वीडियो में दिखाया रेट-चार्ट
इशिता दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वो और वत्सल मुंबई एयरपोर्ट पर बने ‘उड़ान यात्री कैफे' में दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दोनों कैफे के बाहर लगे रेट-चार्ट को दिखाते हैं, जहां चाय, कॉफी, समोसा और पानी जैसी चीजों की कीमतें बेहद कम थीं. वीडियो में वत्सल अपने लिए कॉफी लेते हैं, जबकि इशिता दो पानी की बोतलें खरीदती हैं. दोनों का कुल बिल केवल 20 रुपये आता है. इस दौरान वत्सल कहते हैं, “सरकार ने ये बहुत अच्छा काम किया है. लोग अक्सर शिकायत करते थे कि एयरपोर्ट पर बेसिक जरूरतों की चीजें भी बहुत महंगी मिलती हैं. इतनी कम कीमतों पर सामान मिलना सच में कमाल की बात है.”
क्या है ‘उड़ान यात्री कैफे' योजना?
इशिता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'क्या आपको पता है? उड़ान यात्री कैफे.' बता दें कि ये पहल मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने शुरू की है. इसका मकसद यात्रियों को एयरपोर्ट पर सस्ते दामों में साफ-सुथरा और क्वालिटी फूड उपलब्ध कराना है. देश के 11 बड़े एयरपोर्ट्स पर मार्च 2026 तक ‘उड़ान यात्री कैफे' शुरू किए जा चुके हैं. यहां यात्रियों को 10 से 20 रुपये में स्नैक्स और बेवरेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
कोलकाता से हुई थी योजना की शुरुआत
इस योजना का पहला कैफे दिसंबर 2024 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुरू किया गया था. इसके बाद इस योजना का विस्तार पुणे, चेन्नई, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, ईटानगर, हैदराबाद और लखनऊ के एयरपोर्ट्स तक किया गया, ताकि यात्रियों को कम कीमत में बेहतर खान-पान की सुविधा मिल सके.
टीवी शो के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी
अगर इशिता दत्ता और वत्सल सेठ की पर्सनल जिंदगी की बात करें, तो दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘रिश्तों का सौदागर - बाजीगर' के सेट पर हुई थी. दोस्ती के बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आए और फिर 28 नवंबर 2017 को मुंबई के इस्कॉन मंदिर में गुपचुप शादी कर ली. आज यह कपल दो बच्चों के माता-पिता हैं और सोशल मीडिया पर फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं