Share Market Closing: अमेरिका-ईरान में टेंशन कम होता देख भारतीय मार्केट में गजब की तेजी देखी गई. हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, नजीतन सेंसेक्स 986 अंक तो निफ्टी 298 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ. बैंकिंग सेक्टर के साथ कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने से पेंट्स सेक्टर की कंपनियों में तेजी आई है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में टेंशन कम हो रही है तो कच्चे तेल की कीमतें नीचे आईं हैं, इस खबर का स्वागत भारतीय शेयर मार्केट ने दिल खोलकर किया. सबसे अच्छी बात रही कि आज के सेशन में किसी एक सेक्टर में ग्रोथ नहीं हुई, बल्कि बैंकिंग, ऑटो, पेंट्स की कंपनियों में निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ा.
टॉप 5 गेनर्स (सेंसेक्स)
- इंडिगो (7.05)
- ट्रेंट (4.09)
- एसबीआई (3.84)
- एशियन पेंट्स (3.65)
- एचडीएफसी बैंक (3.04)
टॉप 5 लूजर्स (सेंसेक्स)
- रिलायंस (-1.72)
- पावर ग्रिड (-1.41)
- एलटी (-1.09)
- एनटीपीसी (-0.94)
- एचसीएल टेक (-0.78)
कैसी रही आज सुबह की शुरुआत
अच्छे ग्लोबल संकेतों और खाड़ी देशों से तनाव कम होने की खबरों के बीच बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty बढ़त के साथ खुले. बाजार खुलते ही सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी 50 ने 200 अंकों की मजबूत बढ़त दर्ज की. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयानों ने निवेशकों के सेंटिमेंट को मजबूत किया, जिससे बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई.
क्यों आई बाजार में तेजी?
बाजार में इस उछाल की मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में तनाव कम होना है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों को रास्ता दिया जाएगा. साथ ही, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने "ऑपरेशन एपिक फ्यूरी" (Operation Epic Fury) के समाप्त होने की घोषणा की है. इन खबरों से सप्लाई चेन बहाल होने की उम्मीद जगी है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की संभावनाओं के चलते कच्चे तेल के दाम नीचे आए हैं, जिससे भारतीय बाजार को राहत मिली है.एशियाई बाजारों में भी बुधवार को बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है.
इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 27 पैसे मजबूत होकर 95.29 के स्तर पर खुला, जो बाजार के लिए एक पॉजिटिव संकेत है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं