- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड डिपो के पास तेल चोरी के बड़े संगठित गिरोह का पनकी पुलिस ने भंडाफोड़ किया
- गिरोह टैंकर चालकों को लालच देकर डिपो के पास गुप्त परिसर में तेल चोरी करता था और सरकारी ताले काटता था
- मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया. भारी मात्रा में चोरी का तेल बरामद हुआ
कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) डिपो के पास लंबे समय से चल रहे तेल चोरी के एक बड़े और काले कारोबार का पनकी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की और रंगे हाथों गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, इस पूरे खेल का मुख्य मास्टरमाइंड पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
टैंकर चालकों को लालच देकर ऐसे होती थी चोरी
पुलिस पूछताछ और जांच में इस गिरोह के काम करने के अनोखे और शातिर तरीके का खुलासा हुआ है. डीसीपी कासिम अब्दी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था. गिरोह के सदस्य डिपो से निकलने वाले तेल टैंकरों के चालकों और वाहन स्वामियों को पैसों का लालच देकर जाल में फंसाते थे.
इसके बाद, टैंकरों को तय रास्ते से हटाकर डिपो के पास ही स्थित एक गुप्त हाते (परिसर) में ले जाया जाता था. वहां सुरक्षा को ताक पर रखकर गैस कटर की मदद से टैंकर के वाल्व पर लगे सरकारी तालों को बेहद सफाई से काट दिया जाता था. ताले काटने के बाद पाइपों के जरिए बड़ी मात्रा में तेल चोरी कर लिया जाता था और फिर टैंकर को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाता था ताकि किसी को शक न हो.
4 आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार लीटर तेल बरामद
कासिम अब्दी, डीसीपी ने बताया कि ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जब पनकी पुलिस की टीम ने डिपो के समीप स्थित परिसर में दबिश दी, तो वहां हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके से गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शेख शाहीन उर्फ भानु (शातिर अपराधी), रोहित सैनी, आशीष कुमार श्रीवास्तव और पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के रूप में हुई है.
पुलिस ने मौके से कई सामग्री बरामद की है, जिसमें 20,000 लीटर चोरी के तेल से भरा एक विशाल टैंकर, ताले काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले गैस कटर और अन्य उपकरण, तेल निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाले बड़े पाइप और कैन आदि शामिल हैं.
बाप-बेटे हैं मास्टरमाइंड, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिसिया पूछताछ में कबूल किया है कि वे टैंकर चालकों और मालिकों के साथ मिलकर एक बड़ा संगठित सिंडिकेट चला रहे थे. इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड वकील अहमद और उसका बेटा शेख शाहीन उर्फ भानु हैं. बेटा पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है, जबकि मुख्य आरोपी पिता वकील अहमद अभी भी फरार है.
"पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. मुख्य आरोपी वकील अहमद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा." इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और यह चोरी का तेल बाजार में किन लोगों को सप्लाई किया जाता था.
ये भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा: दोबारा पोस्टमार्टम के बाद तेरहवीं के दिन अंतिम संस्कार, जानें 13 दिनों की पूरी टाइमलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं