Stock Market Opening: ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मिले-जुले संकेतों के बीच आज यानी 30 जून 2026 को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई है. शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुले हैं. शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (BSE Sensex) 277.14 अंक यानी 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ 77,005.51 के स्तर पर खुला. दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty 50) भी पीछे नहीं रहा और वह 85.80 अंक यानी 0.35 फीसदी की मजबूती दिखाते हुए 24,032.05 के आंकड़े पर पहुंच गया है.
बाजार के इस दमदार तेजी से निवेशकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. निवेशकों की नजरें आने वाले दिनों में होने वाली डेरिवेटिव्स एक्सपायरी और जून तिमाही के नतीजों (Q1 Earnings) पर टिकी हुई हैं.
कौन से सेक्टर्स चमके और कहां रही बिकवाली
बाजार में आज सबसे ज्यादा खरीदारी रियल एस्टेट (Nifty Realty) सेक्टर्स में देखी जा रही है, जो करीब 0.54 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे आगे चल रहा है. इसके अलावा प्राइवेट बैंक और ऑटो सेक्टर्स में भी 0.45 फीसदी तक की तेजी है. साथ ही केमिकल, सरकारी बैंक, ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है. दूसरी तरफ, आईटी (Nifty IT) और मेटल (Nifty Metal) सेक्टर्स में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जबकि एफएमसीजी सेक्टर सपाट नजर आ रहा है.
ये हैं आज के टॉप लूजर्स
शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच निफ्टी के कुछ बड़े शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रहा है. इनमें आयशर मोटर्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज, मैक्स हेल्थकेयर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंफोसिस जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जो आज लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं.
बाजार पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय?
बाजार के जानकारों का कहना है कि इस समय मार्केट में कोई बहुत बड़ा नया ट्रिगर नहीं है, जिसकी वजह से बाजार एक सीमित दायरे में ही रहेगा. अब निवेशकों का पूरा फोकस कंपनियों के आने वाले जून तिमाही के नतीजों पर होगा. एक्सपर्ट्स के मुताबिक ट्रेडर्स को अभी निफ्टी के लिए ऊपर की तरफ 24,200 का लेवल और नीचे की तरफ 23,800 का लेवल देखना चाहिए. जब तक निफ्टी इस दायरे से बाहर नहीं निकलता, तब तक बाजार में ऐसा ही मिला-जुला रुख रहेगा और चुनिंदा शेयरों में ही एक्शन देखने को मिलेगा.
कच्चे तेल और ग्लोबल मार्केट का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो कच्चे तेल की कीमतों में हल्की नरमी आई है. ब्रेंट क्रूड 0.66 फीसदी गिरकर 73.42 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जबकि अमेरिकी क्रूड (WTI) भी करीब 1 फीसदी की गिरावट के साथ 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ चुका है. एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और साउथ कोरिया का कोस्पी 1-1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ काम कर रहे हैं, जबकि हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट है. इससे पहले अमेरिकी बाजार अच्छे मुनाफे के साथ बंद हुए थे, जहां नैस्डैक में करीब 2 फीसदी की बड़ी तेजी देखी गई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं