Stock Market Opening: साल 2026 की अब तक की सबसे लंबी साप्ताहिक बढ़त दर्ज करने के बाद आज यानी सोमवार 29 जून को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त रही. बाजार में उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिल रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड ऑयल (Brent Crude) की कीमतें 0.8% बढ़ गईं, जिससे निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया. शुरुआती कारोबार में बीएसई (BSE) सेंसेक्स करीब 95 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 77,005 के स्तर पर और एनएसई (NSE) निफ्टी करीब 11 अंकों के हल्के नुकसान के साथ 24,044 के स्तर पर खुला.
कच्चे तेल की महंगाई के दबाव के बीच अन्य एशियाई बाजारों में भी करीब 0.4% की गिरावट दर्ज की गई.
फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में तेजी
बाजार की फ्लैट शुरुआत के बावजूद फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में निवेशकों की अच्छी दिलचस्पी देखी जा रही है. शुरुआती ट्रेड में निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स टॉप गेनर बने हुए हैं. इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक के शेयर भी मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं.
वहीं, कई प्रमुख सेक्टर्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं. इनमें निफ्टी आईटी (IT),निफ्टी ऑटो (Auto),निफ्टी इंडिया डिफेंस,निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी एनर्जी एंड इन्फ्रा शामिल हैं.
आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स
शेयर बाजार की सपाट शुरुआत के बीच शुरुआती कारोबार में फार्मा और बैंकिंग शेयरों में अच्छी मजबूती है, जिसके चलते सन फार्मा (Sun Pharma), बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), ट्रेंट और टाटा स्टील आज के टॉप गेनर्स (Top Gainers) की लिस्ट में बने हुए हैं. इनके अलावा एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा और मारुति सुजुकी के शेयरों में भी तेजी का रुख है.
दूसरी तरफ, आईटी, ऑटो और डिफेंस सेक्टर में बिकवाली का दबाव साफ दिख रहा है. इसकी वजह से कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, इन्फोसिस (Infosys), टीसीएस (TCS), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), बीईएल (BEL), भारती एयरटेल और एलएंडटी (L&T) आज के टॉप लूजर्स (Top Losers) में शामिल हैं और लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं.
अमेरिका-ईरान तनाव से ग्लोबल मार्केट में भी सुस्ती
एशियाई बाजारों में आज मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है. जहां टोक्यो, सियोल और जकार्ता के बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में हैं, वहीं शंघाई, हांगकांग और बैंकॉक के बाजारों में तेजी देखी जा रही है. इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसमें डाओ जोन्स 0.09% और नैस्डैक 0.24% टूटकर बंद हुआ था.
बाजार में सुस्ती की वजह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का फिर से बढ़ना है. हालांकि, ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों अब एक-दूसरे पर हमले रोकने पर सहमत हो गए हैं और मंगलवार को कतर में एक अहम बैठक कर सकते हैं.
कच्चा तेल फिर हुआ महंगा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में एक बार फिर उछाल आया है. डब्ल्यूटीआई क्रूड (WTI Crude) 1.23 फीसदी की तेजी के साथ 70.07 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 0.98 फीसदी की मजबूती के साथ 73.30 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. क्रूड की इस तेजी का असर भारतीय बाजार के एनर्जी और ऑयल स्टॉक्स पर साफ देखा जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं