विज्ञापन

Stock Market Today: सुस्त शुरुआत के बाद संभला बाजार,सेंसेक्स-निफ्टी में मामूली तेजी, फार्मा शेयरों में रौनक

Share Market Today: 16 फरवरी को सेंसेक्स और निफ्टी की सपाट शुरुआत रही. हालांकि फार्मा सेक्टर में खरीदारी दिखी, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी स्थिति मिलीजुली है. जानें पूरी डिटेल.

Stock Market Today: सुस्त शुरुआत के बाद संभला बाजार,सेंसेक्स-निफ्टी में मामूली तेजी, फार्मा शेयरों में रौनक
Share Market Updates: शुरुआती कारोबार में जहां बड़े सेक्टर दबाव में दिखे, वहीं फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली.
नई दिल्ली:

भारतीय शेयर बाजार के लिए हफ्ते का पहला दिन यानी 16 फरवरी मिलाजुला रहा. वैश्विक बाजारों से मिल रहे मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत लगभग सपाट हुई. सुबह 9:21 बजे सेंसेक्स 21 अंक की मामूली गिरावट के साथ 82,605 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 2 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,473 के स्तर पर देखा गया. बाजार में फिलहाल 'वेट एंड वॉच' की स्थिति बनी हुई है.

फार्मा और हेल्थकेयर ने संभाला मोर्चा

शुरुआती कारोबार में जहां बड़े सेक्टर दबाव में दिखे, वहीं फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली. निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स आज के टॉप गेनर्स में शामिल रहे. इसके अलावा रियल्टी, एनर्जी और प्राइवेट बैंक शेयरों में भी हरा निशान (तेजी) नजर आया. दूसरी ओर, आईटी, मेटल और डिफेंस सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा.

दिग्गज शेयरों का हाल: कौन चढ़ा, कौन गिरा?

पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और मारुति सुजुकी जैसे शेयरों में मजबूती देखी गई.वहीं, इन्फोसिस, एसबीआई, टाइटन, टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े नाम आज लाल निशान में कारोबार करते दिखे.

लार्जकैप के मुकाबले स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में ज्यादा कमजोरी रही. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.34% और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.47% टूटकर ट्रेड कर रहे थे.

ग्लोबल और कमोडिटी मार्केट का हाल

अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो वहां भी स्थिति मिलीजुली है. एशियाई बाजारों में टोक्यो और हांगकांग के बाजार गिरावट के साथ खुले. कमोडिटी मार्केट में कच्चे तेल (Crude Oil) में तेजी जारी है; ब्रेंट क्रूड $67.80 और डब्ल्यूटीआई क्रूड $62.80 प्रति बैरल पर पहुंच गया है.

वहीं, सोने और चांदी की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. वैश्विक बाजार में सोना 0.80% गिरकर $5,002 प्रति औंस और चांदी 3.61% की भारी गिरावट के साथ $75.11 प्रति औंस पर आ गई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com