हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की. नतीजा ये हुआ कि मार्केट बंद होते समय हरे निशान पर कारोबार करता रहा. सेंसेक्स 261.79 अंक चढ़कर 77,763 लेवल पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी भी 95 अंक की तेजी के साथ 24,270 पर रहा. आज मार्केट में टेक शेयरों का बोलबाला रहा. टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक के शेयरों में निवेशक लगातार खरीदारी करते दिखे. वहीं दूसरी तरफ बैंकिंग शेयर्स आज सबसे ज्यादा प्रेशर में दिखाई दिए. एक्सिस बैंक हो या देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक एसबीआई, लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए.
टॉप 5 गेनर्स (सेंसेक्स)
- एचसीएल टेक (5.80)
- टेक महिंद्रा (2.08)
- भारती एयरटेल (1.81)
- सन फार्मा (1.79)
- बजाज फिनसर्व (1.72)
टॉप 5 लूजर्स (सेंसेक्स)
- एक्सिस बैंक (-1.54)
- एसबीआई (-1.13)
- महिंद्रा एंड महिंद्रा (-1.11)
- एलटी (-0.76)
- कोटक बैंक (-0.68)
कैसा रहा सुबह का हाल?
शुक्रवार को शेयर मार्केट में खुलते ही उछाल देखा गया. 650 अंक या 0.84 प्रतिशत की उछाल के साथ 78,152.34 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी लगभग 200 अंक या 0.83 प्रतिशत की बढ़त लेकर 24,375.65 पर ओपन हुआ. आईटी, मेटल, फार्मा और केमिकल शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर बेंचमार्क सूचकांकों में करीब 1-1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. हालांकि कुछ मिनटों के भीतर बाजार थोड़ा स्थिर दिखा. सुबह 9:23 बजे निफ्टी 50 करीब 173 अंकों के उछाल के साथ 24,352 पर ट्रेड करता दिखा, जबकि सेंसेक्स 542 अंकों के उछाल के साथ 78,042 के लेवल पर कारोबार करता दिखा.
एक्सपर्ट्स का क्या कहना है?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शॉर्ट टर्म के लिए बाजार का नजरिया सतर्कता के साथ सकारात्मक (Cautiously Optimistic) बना हुआ है. विशेषज्ञों का कहना है कि निफ्टी के लिए 24,000 के स्तर से ऊपर बने रहना व्यापक रूप से तेजी के ट्रेंड को सकारात्मक रखता है. बाजार के लिए तात्कालिक रुकावट (Immediate Resistance) 24,300 पर है, जिसके बाद अगला रेजिस्टेंस 24,450 पर देखा जा रहा है.
गिरावट की स्थिति में 24,050 एक महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल (Key Support Level) बना हुआ है. अगर यह स्तर टूटता है, तो बाजार में 23,900 की तरफ एक सुधारात्मक गिरावट (Correction) आ सकती है.
एक्सपर्ट्स ने यह भी सलाह दी है कि निवेशकों को वैश्विक स्तर पर तकनीकी शेयरों में चल रही बिकवाली (Global Technology Sell-off) पर नजर रखनी चाहिए. सेमीकंडक्टर शेयरों में दोबारा कमजोरी आने से घरेलू आईटी शेयरों में हालिया तेज रैली के बाद मुनाफावसूली (Profit Booking) देखने को मिल सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं