विज्ञापन

शकुन ग्रुप के MD वल्लभ माहेश्वरी का सड़क हादसे में निधन, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पलटी BMW, उद्योग जगत में शोक 

शकुन ग्रुप के MD वल्लभ माहेश्वरी का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में निधन हो गया. अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार एक पुलिया की दीवार से टकराकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

शकुन ग्रुप के MD वल्लभ माहेश्वरी का सड़क हादसे में निधन, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पलटी BMW, उद्योग जगत में शोक 

औद्योगिक जगत के लिए एक दुखद खबर आई है. शकुन ग्रुप के प्रबंध निदेशक (MD) और प्रमुख उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी का रविवार को राजस्थान के अलवर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया. 62 वर्षीय माहेश्वरी अपनी लग्जरी BMW कार से जयपुर से मथुरा जा रहे थे.

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रेणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई. कार माहेश्वरी का ड्राइवर चला रहा था. अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार एक पुलिया की दीवार से टकराकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

हादसे के तुरंत बाद माहेश्वरी और उनके ड्राइवर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वल्लभ माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया. हालांकि, उनके ड्राइवर को इस दुर्घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई है. पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण कार की अत्यधिक गति या कोई तकनीकी खराबी बताई जा रही है.

पूर्व CM अशोक गहलोत ने जताया शोक

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, 'अलवर के रेणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर हुई दुखद सड़क दुर्घटना में उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. ओम शांति.'

शकुन ग्रुप में शोक की लहर

वल्लभ माहेश्वरी शकुन ग्रुप की कई ब्रांचेस में निदेशक के रूप में कार्यरत थे. साल 2000 की शुरुआत में स्थापित यह ग्रुप संसाधन प्रसंस्करण और औद्योगिक सेटअप के क्षेत्र में एक बड़ा नाम है. यह समूह न केवल कच्चे माल की प्रोसेसिंग करता है, बल्कि उत्पादों के परिवहन और अंतिम उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में भी शामिल है. उनके निधन से जयपुर के औद्योगिक जगत में शोक का माहौल है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com