विज्ञापन

पुर्तगाल, जर्मनी से कॉल... डिफेंस कारोबारी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पहले घर पर हुई थी फायरिंग

साहिल लूथरा विजयेन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस (VTDS) के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. शिकायत के मुताबिक अक्टूबर 2024 से ही उन्हें धमकियां मिल रही थीं. उसी दौरान कंपनी ने पंजाब में विस्तार की घोषणा की थी.

पुर्तगाल, जर्मनी से कॉल... डिफेंस कारोबारी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पहले घर पर हुई थी फायरिंग
डिफेंस सेक्टर से जुड़े कारोबारी को फिर धमकी भरा कॉल. (AI फोटो)
  • डिफेंस सेक्टर के कारोबारी साहिल लूथरा को फरवरी में दो इंटरनेशनल नंबरों से जान से मारने की धमकी मिली थी
  • लूथरा को धमकी देने वालों ने पिछले साल अमृतसर में हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने का दावा किया
  • धमकी भरे कॉल्स VoIP के जरिए पुर्तगाल, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका से की गईं, जिसकी जांच शुरू हो गई है
नई दिल्ली:

डिफेंस सेक्टर से जुड़े कारोबारी साहिल लूथरा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच स्पेशल सेल को सौंप दी है. शिकायत के मुताबिक, 26 फरवरी को लूथरा को दो इंटरनेशनल नंबरों से कॉल आई थी. बताया जा रहा है कि ये कॉल पुर्तगाल और जर्मनी से किए गए थे, फोन करने वालों ने दावा किया कि पिछले साल 29-30 नवंबर की रात अमृतसर स्थित उनके घर के बाहर हुई फायरिंग में वही लोग शामिल थे और आगे भी हमला कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें- illicit relation: स्पा सेंटर में विदेशी लड़कियों संग आपत्तिजनक हालत में मिले दो युवक, पकड़े जाने पर छिपाने लगा मुंह

कॉल पर मांगी 10 करोड़ रुपये की रंगदारी

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ऑफिस की ओर से ईमेल के जरिए बताया गया कि मामला आगे की जांच के लिए स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया गया है. हालांकि जांच जारी होने का हवाला देते हुए पुलिस ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है. कॉल करने वालों पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है.

शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगस्त 2025 में लूथरा से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस केस का तरीका और धमकी देने का पैटर्न उन मामलों से मिलता-जुलता है, जिनमें पहले भी हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया गया था. अमृतसर में हुई फायरिंग की घटना की जांच पहले से ही जारी है. हाल के दिनों में कई चर्चित मामलों में डराने-धमकाने के लिए घर के बाहर गोली चलाने की घटनाएं सामने आई हैं. पुलिस यह भी देख रही है कि क्या इन मामलों के बीच कोई कड़ी है.

कई देशों से किए गए VoIP कॉल

शिकायत में दावा किया गया है कि धमकी भरे कॉल VoIP के जरिए किए गए और उनकी लोकेशन पुर्तगाल, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका तक ट्रेस हुई है. ऐसे में जांच एजेंसियां मामले के अंतरराष्ट्रीय एंगल को भी खंगाल रही हैं.

पहले से मिल रही थीं धमकियां

साहिल लूथरा विजयेन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस (VTDS) के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. शिकायत के मुताबिक अक्टूबर 2024 से ही उन्हें धमकियां मिल रही थीं. उसी दौरान कंपनी ने पंजाब में विस्तार की घोषणा की थी. शिकायत में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और गोल्डी बराड़ गैंग का भी जिक्र किया गया है. हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक किसी संगठन की सीधी भूमिका की पुष्टि नहीं की है.

साइबर हमले की भी कोशिश

मई 2025 में कंपनी के ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक करने की कोशिश भी हुई थी. शिकायत में दावा है कि कुछ डिजिटल गतिविधियां पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले अकाउंट्स से जुड़ी हो सकती हैं. साइबर क्राइम यूनिट इस एंगल की भी जांच कर रही है. वहीं अमृतसर फायरिंग मामले में पंजाब पुलिस ने रंजीत एवेन्यू थाने में FIR नंबर 120/2025 दर्ज की है. अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं. जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी.
 

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
Associate Editor - Crime & Investigation
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Defence Businessman Threaten Call, Defence Business, Sahil Luthra, Amritsar Firing, Punjab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com