विज्ञापन

Market Closing: आखिरी घंटे में सेंसेक्स, निफ्टी ने दिखाई ताकत, ऑयल-ऑटो शेयरों ने बनाया निवेशकों का दिन

Share Market Closing: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को आखिरी घंटे में जोरदार रिकवरी देखने को मिली. शुरुआती गिरावट को पीछे छोड़ते हुए सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में बंद हुए. ऑयल एंड गैस और ऑटो शेयरों में आई खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया.

Market Closing: आखिरी घंटे में सेंसेक्स, निफ्टी ने दिखाई ताकत, ऑयल-ऑटो शेयरों ने बनाया निवेशकों का दिन

Share Market Closing: बुधवार को शेयर बाजार में पूरे दिन काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. शुरुआत में बाजार सुस्त रहा और बीच-बीच में तेज गिरावट भी आई, जिससे निवेशक परेशान दिखे. लेकिन आखिरी एक घंटे में अचानक जोरदार तेजी आई और बाजार ने जबरदस्त वापसी की. बड़े निवेशकों और कुछ बड़े शेयरों में खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही आखिर में बढ़त के साथ बंद हुए. खासकर ऑयल-गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों ने बाजार को ऊपर उठाने में सपोर्ट किया. जो बाजार सुबह कमजोर दिख रहा था, वही दिन के आखिर तक निवेशकों को पैसा बनाकर दे गया.

बाजार का लेखा-जोखा

बुधवार को बाजार में दिनभर गिरावट देखने को मिली, लेकिन आखिर में शानदार रिकवरी हुई. निफ्टी दिन में नीचे गिरकर 23,397 तक पहुंच गया था, लेकिन बाद में इसमें करीब 260 अंकों की तेजी आई और ये 23,659 के स्तर पर बंद हुआ. इसी तरह सेंसेक्स भी दिन में एक समय 74,529 तक गिर गया था, लेकिन आखिरी घंटे में करीब 800 अंकों की जोरदार वापसी करते हुए 75,318 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ. यानी दिन की शुरुआत भले ही कमजोर रही, लेकिन अंत में बाजार ने मजबूत वापसी करके नुकसान की भरपाई कर ली.

बाजार में टॉर गेनर्स और लूजर्स

बुधवार के उतार-चढ़ाव भरे बाजार में कुछ शेयरों ने अच्छी कमाई दी, वहीं कुछ सेक्टर कमजोर भी रहे. निफ्टी में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज सबसे आगे रहा, क्योंकि एल्युमीनियम की कीमतों में तेजी और देश में मांग बढ़ने से इसके शेयर चढ़े. वहीं बजाज ऑटो के शेयर भी तेजी में रहे, जिसकी वजह मजबूत सेल और आने वाले त्योहारों से जुड़ी उम्मीदें थीं. 

दूसरी तरफ, एफएमसीजी सेक्टर के शेयर जैसे डाबर और हिंदुस्तान यूनिलीवर में गिरावट देखने को मिली क्योंकि निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया. इसके अलावा मीडिया सेक्टर भी कमजोर रहा और इस दिन के सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले सेक्टर्स में शामिल रहा.

सेक्टर्स का हाल

बुधवार को बाजार में अलग-अलग सेक्टर का मिला-जुला असर देखने को मिला. ऑयल एंड गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी हुई, जिससे बाजार को मजबूती मिली और माहौल पॉजिटिव हो गया. इन सेक्टर्स के दम पर बाजार ने शानदार वापसी की. वहीं दूसरी तरफ मीडिया और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली, जिसकी वजह से ये लाल निशान में बंद हुए. अगर छोटे शेयरों की बात करें, तो मिडकैप शेयरों में हल्की तेजी रही, जबकि स्मॉलकैप शेयर लगभग सपाट रहे और उनमें कुछ ज्यादा एक्शन देखने को नहीं मिला.

लेवल को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट?

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अभी ऊपर के स्तरों पर बेचने का दबाव बना हुआ है, यानी जैसे ही बाजार थोड़ा ऊपर जाता है, लोग शेयर बेचने लगते हैं.  निफ्टी के लिए 23,700 से 23,800 का स्तर एक बड़ी रुकावट बन गया है. अगर निफ्टी इस स्तर के ऊपर टिक जाता है, तो बाजार में नई तेजी आ सकती है और ये 24,000 तक भी पहुंच सकता है. वहीं नीचे की तरफ 23,400 का स्तर फिलहाल सपोर्ट की तरह काम करेगा. अगर निफ्टी इससे नीचे जाता है, तो 23,300 का स्तर उसके लिए दूसरा सपोर्ट हो सकता है.

आगे कैसी रह सकती है मार्केट की चाल?

भले ही बाजार ने आज अच्छी वापसी दिखाई हो, लेकिन एक्सपर्ट्स अभी इसकी तेजी को लेकर भरोसे में नहीं हैं. उनका कहना है कि फिलहाल बाजार एक सीमित दायरे में ही चल रहा है और इसमें हल्का दबाव भी बना हुआ है. अब निवेशकों की नजर अमेरिका के फेड की अप्रैल बैठक की रिपोर्ट पर टिकी है. इस रिपोर्ट से ये संकेत मिलेगा कि आने वाले समय में ब्याज दरों में कोई बदलाव होगा या नहीं, जिसका असर दुनिया भर के बाजारों पर पड़ेगा, जिसमें भारत भी शामिल है. तब तक बाजार में बड़े ट्रेंड की उम्मीद कम है, इसलिए निवेशकों को अच्छे शेयरों में ही पैसा लगाना चाहिए.

ये भी पढ़ें- मेटा में वर्क फ्रॉम होम का द एंड! क्या AI निगल जाएगा 8,000 नौकरियां?
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com