High FD Returns: समय के साथ लोगो के निवेश करने के तरीकों में बदलाव आया है. कोरोना के बाद जहां रिकॉर्ड तोड़ डीमेट अकाउंट खुले हैं, वहीं अब इक्विटी मार्केट के साथ कमोडिटी बाजार में भी पैसा बनाया जा रहा है. हालांकि जब सेफ रिटर्न की आती है तो आज भी फिक्स्ड डिपॉजिट का कोई तोड़ नहीं है. बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर, एफडी एक ऐसा जरिया है जो तय समय पर गारंटीड रिटर्न देता है. इसके अलावा बात अगर सीनियर सिटीजन की करें तो एफडी पर उनका भरोसा लगातार बना हुआ है. इसी भरोसे को देखते हुए कई बैंक अब सीनियर सिटीजन को एफडी पर 8% या उससे भी ज्यादा ब्याज की पेशकश कर रहे हैं.
स्मॉल फाइनेंस बैंकों ने मारी बाजी
अगर आप बड़े कमर्शियल बैंकों की तुलना में थोड़ा ज्यादा रिटर्न चाहते हैं, तो स्मॉल फाइनेंस बैंक इस समय सबसे शानदार ऑप्शन साबित हो रहे हैं. ये बैंक सीनियर सिटीजन को अपनी तरफ खींचने के लिए सामान्य ग्राहकों से 0.50% से 0.75% तक एक्सट्रा ब्याज दे रहे हैं.
- उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक
ये बैंक वरिष्ठ नागरिकों के लिए 3 करोड़ रुपये से कम की एफडी पर, 2 साल से लेकर 3 साल तक की अवधि के लिए 8% का ब्याज दे रहा है.
- जना स्मॉल फाइनेंस बैंक
जना बैंक में भी वरिष्ठ नागरिकों को 375 से 400 दिनों की अवधि वाली एफडी पर 8% ब्याज मिल रहा है. मजेदार बात ये है कि बैंक अपनी कुछ खास योजनाओं में दूसरे ग्राहकों को भी अच्छे रेट ऑफर कर रहा है.
- सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक
रिटर्न के मामले में सूर्योदय बैंक सबसे आगे है. 29 मार्च से लागू नई दरों के अनुसार, ये बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 30 महीने की एफडी पर 8.25% और 5 साल की एफडी पर 8.05% का भारी-भरकम ब्याज दे रहा है.

High FD Returns
बड़े सरकारी और निजी बैंकों का क्या हाल?
भले ही स्मॉल फाइनेंस बैंक 8% का आंकड़ा छू रहे हों, लेकिन सेफ्टी और नेटवर्क की वजह से बहुत से निवेशक आज भी एसबीआई, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई जैसे बड़े बैंकों पर भरोसा करते हैं. इन बैंकों की दरें थोड़ी कम जरूर हैं, लेकिन ये स्टेबल मानी जाती हैं.
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बात करें तो देश का सबसे बड़ा बैंक 2 साल से लेकर 3 साल से कम की अवधि पर वरिष्ठ नागरिकों को 6.90% ब्याज दे रहा है. दूसरी तरफ एचडीएफसी बैंक 2 साल 11 महीने 1 दिन से लेकर 3 साल तक की एफडी पर 6.95% ब्याज की पेशकश कर रहा है.
- आईसीआईसीआई बैंक में 2 साल 1 दिन से लेकर 3 साल तक की अवधि पर 6.95% ब्याज मिलेगा. कोटक महिंद्रा बैंक की रिटर्न थोड़ी बेहतर है. इसमें 2 से 3 साल की एफडी पर वरिष्ठ नागरिकों को 7.20% ब्याज मिल रहा है. इसके अलावा अगर एक्सिस बैंक की रिटर्न देखें तो एफडी पर 6.95% की दर से ब्याज मिल रहा है. देश के दूसरे बड़े सरकारी बैंक पीएनबी जहां 6.80% ब्याज दे रहा है, वहीं केनरा बैंक 6.85% की दर ऑफर कर रहा है.
एफडी क्यों है बेस्ट?
शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड के उलट इसमें अमाउंट सेफ रहता है.
निवेशक मासिक, तिमाही या सालाना आधार पर ब्याज का भुगतान चुन सकते हैं, जिससे घर के खर्चों में मदद मिलती है.
जरूरत पड़ने पर कुछ पेनल्टी देकर एफडी को समय से पहले तुड़वा भी सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं