अगर आप अपनी मेहनत की कमाई को सेविंग अकाउंट में जमा करके रखते हैं, तो आपके लिए एक बड़ा अपडेट है. दिग्गज सरकारी बैंकों केनरा बैंक (Canara Bank), बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India) के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर के IDFC FIRST Bank ने अपने सेविंग्स अकाउंट की ब्याज दरों (Interest Rates) में बदलाव कर दिया है. सभी बैंकों की नई ब्याज दरें इसी हफ्ते से लागू हो चुकी हैं.
जहां एक तरफ सरकारी बैंकों ने अलग-अलग बैलेंस स्लॉट के हिसाब से दरें तय की हैं, वहीं एक प्राइवेट बैंक ऐसा भी है जो ग्राहकों को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के बराबर यानी पूरे 7% का बंपर ब्याज ऑफर कर रहा है.
आइए जानते हैं कि किस बैंक में कितना बैलेंस रखने पर आपको कितना ब्याज मिलेगा...
IDFC FIRST Bank: 3 लाख से ऊपर बैलेंस पर 7% का बंपर ब्याज
अगर आप अपने खाते में ₹3 लाख से ₹25 लाख के बीच बैलेंस मेंटेन रखते हैं, तो IDFC फर्स्ट बैंक आपको सबसे तगड़ा 7.00% का सालाना ब्याज दे रहा है. IDFC फर्स्ट बैंक ने 1 सितंबर से अपनी नई दरें लागू की हैं. बैंक प्रोग्रेसिव इंटरेस्ट मॉडल पर ब्याज ऑफर कर रहा है, जिसका सबसे बड़ा फायदा मिडिल क्लास और कामकाजी लोगों को मिल रहा है.
इसे ऐसे समझिए कि... अगर आपके खाते में ₹5 लाख जमा हैं, तो पहले 3 लाख पर 2.50% की दर से ब्याज मिलेगा.लेकिन जैसे ही बैलेंस ₹3 लाख के पार पहुंचेगा...यानी बाकी के 2 लाख पर सीधे 7% के हिसाब से रिटर्न जुड़ने लगेगा. वहीं ₹25 लाख से ऊपर और ₹5 करोड़ तक के बैलेंस पर बैंक 6.25% का ब्याज दे रहा है.
Bank of India (BOI): 2.50% से 6.25% तक का रिटर्न
बैंक ऑफ इंडिया ने सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों में बदलाव किया है. बैंक ने आम ग्राहकों के लिए ₹50 करोड़ तक के जमा पर 2.50% का बेस रेट रखा है, जबकि बहुत बड़े कॉर्पोरेट हाई-नेट-वर्थ बैलेंस पर दरें काफी ज्यादा बढ़ जाती हैं. अगर बैलेंस ₹2,000 करोड़ के पार जाता है, तो वहां अधिकतम ब्याज 6.25% तक पहुंच जाता है. हालांकि ये बड़े कॉरपोरेट्स के लिए है.यानी आम लोगों के लिए यहां ब्याज दरों में कोई खास बड़ा उछाल नहीं देखा गया है.
Canara Bank: 5 सितंबर से लागू हुईं नई दरें
केनरा बैंक ने 5 सितंबर से अपने डोमेस्टिक और और एनआरआई (NRI) सेविंग्स अकाउंट पर इन्टरेस्ट रेट को रिवाइज किया है. बैंक में ₹100 करोड़ तक के नॉर्मल सेविंग्स बैलेंस पर सालाना 2.50% का ब्याज दिया जा रहा है.अगर बैलेंस ₹100 करोड़ से ₹300 करोड़ के बीच है तो यह बढ़कर 2.65% हो जाता है और ₹2,000 करोड़ से ज्यादा के बल्क डिपॉजिट पर अधिकतम 4.00% का रिटर्न मिलता है.
किस बैंक में सेविंग अकाउंट बैलेंस पर मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
अगर आप अपने सेविंग्स अकाउंट में जमा पैसे पर ज्यादा से ज्यादा रिटर्न कमाना चाहते हैं, तो IDFC FIRST Bank जैसे प्राइवेट बैंक आपको फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के करीब यानी 7% का सालाना ब्याज ऑफर कर रहे हैं. वहीं, केनरा बैंक और बैंक ऑफ इंडिया जैसे सार्वजनिक बैंकों में आम ग्राहकों के लिए सेविंग्स डिपॉजिट पर ब्याज दर 2.50% के आसपास ही बनी हुई . इसलिए बड़ा फंड रखने वालों को बैंक चुनते समय इन दरों को जरूर देख लेना चाहिए.
ये भी पढ़ें- Village Business Ideas: गांव में शुरू करें ये 3 बिजनेस, हर महीने होगी ₹60,000 तक की बंपर कमाई! सरकार भी देगी सब्सिडी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं