पिज्जा हट (Pizza Hut) का पिज्जा तो आपने भी जरूर खाया होगा! 'यम!' ब्रैंड की इस कंपनी को लेकर एक बड़ी खबर आई है. ये कंपनी 2.7 बिलियन डॉलर यानी करीब 25,486 करोड़ रुपये में बिक गई है. यम ब्रैंड ने मंगलवार को ऐलान किया कि उसने अपने 'पिज्जा हट' कारोबार को बेचने का फैसला लिया है. बताया जा रहा है कि कंपनी के शेयरहोल्डर्स के लिए ज्यादा वैल्युएशन करने और अपने दूसरे ग्लोबल रेस्तरां ब्रैंड्स पर ध्यान केंद्रित करने के उद्देश्य से समीक्षा की गई थी, जिसके बाद ये फैसला लिया गया है. 'यम!' ने कहा कि ये डील पिज्जा चेन के लिए नवंबर 2025 में शुरू की गई विभिन्न रणनीतिक संभावनाओं की व्यापक समीक्षा के बाद किया गया है.
पिज्जा हट को खरीदा किसने?
अब आपके मन में सवाल होगा कि कंपनी बिक तो गई पर खरीदा किसने, तो हम आपको सबसे पहले ये बता दें कि पॉपुलर पिज्जा चेन को प्राइवेट इक्विटी फर्म लॉन्गरेंज कैपिटल और यम चाइना होल्डिंग्स के बीच बांटा जाएगा.
समझौते के तहत, चीन के बाहर पिज्जा हट का कारोबार लगभग 1.5 बिलियन डॉलर में निजी निवेश कंपनी लॉन्गरेंज कैपिटल को बेचा जाएगा, जबकि पिज्जा हट चाइना का अधिग्रहण यम चाइना होल्डिंग्स लगभग 1.2 बिलयन डॉलर में करेगी.
पिज्जा हट के नए मालिकों के पास पूरा अनुभव
कंपनी के अनुसार, उसके नेतृत्व और निदेशक मंडल ने निष्कर्ष निकाला कि अलग-अलग मालिकाना हक वाले स्ट्रक्चर्स, पिज्जा हट के लान्ग टर्म ग्रोथ के लिए बेहतर अवसर प्रदान करेंगे और साथ ही शेयरधारकों के लिए फायदेमंद रहेंगे. कंपनी ने कहा कि नए मालिकों के पास त्वरित सेवा रेस्तरां इंडस्ट्री का व्यापक अनुभव है और वे अपने-अपने बाजारों की जरूरतों के अनुसार रणनीतियां तैयार करेंगे.
यम! ब्रांड्स के CEO क्रिस टर्नर ने कहा कि इस सौदे से कंपनी अधिक केंद्रित तरीके से काम कर सकेगी, जबकि वह अपने अन्य व्यवसायों में विकास के लिए अपनी तकनीक, प्रतिभा और वैश्विक पहुंच का लाभ उठाती रहेगी. उन्होंने पिज्जा हट को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित रेस्तरां ब्रांडों में से एक बताया और इसके वैश्विक विस्तार में योगदान देने वाले कर्मचारियों, फ्रेंचाइजी साझेदारों और टीम सदस्यों की सराहना की.
2.3 बिलियन डॉलर के अलावा भी मिल सकती है राशि
यम! को उम्मीद है कि करों, लेनदेन से जुड़े शुल्कों और अन्य समायोजनों के बाद उसे लगभग 2.3 बिलियन डॉलर की शुद्ध राशि प्राप्त होगी. इसमें संभावित अतिरिक्त प्रदर्शन-आधारित भुगतान शामिल नहीं है. कंपनी को वर्ष 2030 तक लॉन्गरेंज कैपिटल के साथ हुए समझौते के तहत अतिरिक्त 75 मिलियन डॉलर भी मिल सकते हैं, यदि कुछ निर्धारित प्रदर्शन लक्ष्य हासिल कर लिए जाते हैं.
कंपनी ने यह भी कहा कि कारोबार अलग करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे 2026 के शेष समय में लगभग 85 मिलियन डॉलर का एकमुश्त खर्च उठाना पड़ सकता है. हालांकि पिज्जा हट का विनिवेश किया जा रहा है, लेकिन यम! चीन के बाहर पिज्जा हट के कारोबार को अपनी स्वामित्व वाली 'बाइट बाय यम!' प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म की सेवाएं प्रदान करती रहेगी. इसके अलावा, कंपनी संक्रमण काल के दौरान कुछ कॉर्पोरेट सेवाएं भी उपलब्ध कराएगी ताकि कारोबार का हस्तांतरण सुचारू रूप से पूरा किया जा सके.
ये भी पढ़ें: Big Basket से CEO हरि मेनन का इस्तीफा, अमेजन से आए अमित नंदा को कमान, क्या है कंपनी का प्लान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं