अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में एक बार फिर नरमी का रुख देखने को मिल रहा है. ईरान और अमेरिका के बीच संभावित बातचीत और कूटनीतिक हल की खबरों के बाद वैश्विक कमोडिटी मार्केट में कच्चे तेल के दाम नीचे आए हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई इस गिरावट के बीच भारतीय सरकारी तेल कंपनियों जैसे IOCL, BPCL, HPCL ने बुधवार की सुबह 6 बजे देशभर में पेट्रोल और डीजल की नई दरें जारी कर दी हैं. दरअसल, भारतीय तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के 15 दिनों के औसत मूल्य के आधार पर रोजाना कीमतों की समीक्षा करती हैं. फिलहाल, कंपनियों ने पिछले कई महीनों से खुदरा कीमतों में स्थिरता बनाए रखी है.
नई दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के रेट?
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल में आई नरमी के बावजूद घरेलू बाजार में भारतीय तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि कीमतें पूरी तरह से स्थिर बनी हुई हैं. नई दिल्ली में आज यानी बुधवार को पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बनी हुई है.
दो महीने से नहीं कम हुए दाम
राजधानी दिल्ली में पिछले दो महीनों से पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई फेरबदल दर्ज नहीं किया गया है. 25 मई 2026 के बाद से ही यहां कीमतें लगातार स्थिर बनी हुई हैं. हालांकि, इस बीच कच्चे तेल में बड़ी गिरावट आ चुकी है. ऐसे में अब लोगों की तेल कंपनियों से कीमत में कमी की उम्मीदें बढ़ गई है. अगर ऐसा होता है तो इससे आम वाहन चालकों और माल ढुलाई क्षेत्र से जुड़े वाहन चालकों व मालिकों को काफी राहत मिलेगी.
वैश्विक बाजार में क्यों सुस्त पड़ा कच्चा तेल?
ईरान-अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच कूटनीतिक बातचीत के संकेतों ने तेल बाजार की चिंताओं को कम किया है. इसके अलावा, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में कच्चे तेल की मांग को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण भी कीमतें दबाव में हैं. इस बीच वैश्विक बाजार में WTI क्रूड फ्यूचर्स सितंबर वायदा में 0.35 डॉलर यानी 0.46% की गिरावट दर्ज की गई है और यह 75.42 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है. सुबह के कारोबार के दौरान क्रूड का निचला स्तर 74.66 डॉलर और ऊपरी स्तर 75.50 डॉलर प्रति बैरल रहा.
यह भी पढ़ें- कटे-फटे नोटों को बदलने से मना नहीं कर सकता बैंक, इनकार किया तो यहां करें शिकायत
अपने मोबाइल पर ऐसे चेक करें पेट्रोल-डीजल की नई दरें
आप घर बैठे केवल एक SMS भेजकर अपने शहर के पेट्रोल और डीजल के ताजा भाव आसानी से जान सकते हैं. इसके लिए बस आपको नीचे बताए गए तरीके से अपने मोबाइल फोन से एक एसएमएस भेजना होगा.
- Indian Oil (IOCL) के ग्राहक: अपने मोबाइल से RSP <स्पेस> डीलर कोड लिखकर 9224992249 पर भेजें.
- Bharat Petroleum (BPCL) के ग्राहक: RSP <स्पेस> डीलर कोड लिखकर 9223112222 पर भेजें.
- Hindustan Petroleum (HPCL) के ग्राहक: HPPRICE <स्पेस> डीलर कोड लिखकर 9222201122 पर भेजें.
यह भी पढ़ें- PF कटौती की सैलरी लिमिट 15,000 से बढ़कर 25,000 रुपये होगी! समझिए आपको कैसे फायदा होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं