Petrol-Diesel Price 5 July 2026: अगर आप आज अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने जा रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. सरकारी तेल कंपनियों ने 5 जुलाई को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. यानी आपको पहले वाले रेट पर ही पेट्रोल और डीजल मिलेगा. हालांकि, लोगों के मन में अब भी एक सवाल है कि जब कच्चे तेल की कीमतें नीचे आ रही हैं, तो भारत में पेट्रोल-डीजल कब सस्ता होगा? आइए जानते हैं आज आपके शहर का रेट और सरकार ने इस पर क्या कहा है...
5 जुलाई को आपके शहर में पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव
- दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है.
- चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर है.
- नोएडा में पेट्रोल 101.96 रुपये और डीजल 95.44 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल 111.68 रुपये और डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- भुवनेश्वर में पेट्रोल 110.49 रुपये और डीजल 102.15 रुपये प्रति लीटर है.
- चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.54 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर है.
- लखनऊ में पेट्रोल 101.86 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- पटना में पेट्रोल 113.37 रुपये और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
क्या जल्द सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल?
कच्चे तेल की कीमतों में हाल के दिनों में गिरावट जरूर आई है. यहां तक कि ब्रेंट क्रूड ने मिडिल ईस्ट युद्ध के दौरान आई तेजी भी लगभग खत्म कर दी है. इसके बावजूद फिलहाल भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद कम है.
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ कहा है कि इस समय पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने की कोई वजह नहीं बनती. उनके मुताबिक सरकारी तेल कंपनियां अभी भी उस महंगे कच्चे तेल का स्टॉक इस्तेमाल कर रही हैं, जिसे पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान ऊंचे दाम पर खरीदा गया था. ऐसे में अभी कीमतें घटाना आसान नहीं है.
तेल कंपनियां अभी क्यों नहीं घटा रहीं पेट्रोल-डीजल के दाम?
सरकारी तेल कंपनियां यानी IOC, BPCL और HPCL को अभी भी पुराने नुकसान की भरपाई करनी है. सरकार के अनुसार इन कंपनियों पर करीब 2.18 लाख करोड़ रुपये का बोझ रहा है. इसके अलावा कंपनियों के पास महंगे दाम पर खरीदा गया कच्चा तेल भी मौजूद है. यही वजह है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की संभावना कम दिखाई दे रही है.
हालांकि, मंत्री ने यह भी कहा है कि अगर आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक नीचे रहती हैं, तो आगे चलकर कीमतों में बदलाव पर विचार किया जा सकता है.
सरकार ने क्या कहा?
हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पिछले चार साल में पेट्रोल की कीमत में केवल 5.58 फीसदी और डीजल की कीमत में 6.23 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में बड़े उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत ने आम लोगों पर उसका असर काफी हद तक नहीं पड़ने दिया. उन्होंने यह भी कहा कि हाल में पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े हालात के बावजूद देश में कहीं भी फ्यूल की कमी नहीं हुई. भारत के करीब 1.07 लाख पेट्रोल पंप सामान्य तरीके से चलते रहे और किसी भी पंप पर तेल खत्म होने की स्थिति नहीं आई.
हर रोज क्यों बदलती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें?
पेट्रोल और डीजल की कीमतें कई बातों पर निर्भर करती हैं. इनमें सबसे बड़ा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत, रुपये और डॉलर की कीमत का अंतर और केंद्र व-राज्य सरकारों के टैक्स का होता है. अगर कच्चा तेल महंगा होता है या रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले कमजोर होती है, तो पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है.
घर बैठे ऐसे जानें अपने शहर का लेटेस्ट रेट
अगर आप अपने शहर का ताजा पेट्रोल और डीजल रेट जानना चाहते हैं, तो इसके लिए पेट्रोल पंप जाने की जरूरत नहीं है. इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम अपनी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एसएमएस सेवा के जरिए हर दिन नए रेट जारी करती हैं. इससे आप घर बैठे ही कुछ सेकंड में अपने शहर की कीमत देख सकते हैं.
- इंडियन ऑयल के ग्राहक RSP लिखकर उसके बाद अपने शहर का कोड टाइप करें और 9224992249 पर एसएमएस भेजें.
- भारत पेट्रोलियम के ग्राहक RSP लिखकर 9223112222 पर भेज सकते हैं.
- वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ग्राहक HP Price लिखकर 9222201122 पर एसएमएस भेजकर ताजा रेट जान सकते हैं.
इसके साथ ही तीनों सरकारी तेल कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर भी हर दिन अपडेटेड कीमतें उपलब्ध रहती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं