ChatGPT की पैरेंट कंपनी OpenAI ने भारत में अपने कारोबार को और मजबूत करने को लेकर बड़ा ऐलान किया है. सैम ऑल्टमैन की कंपनी OpenAI ने Uber India के पूर्व हेड प्रभजीत सिंह को भारत का नया मैनेजिंग डायरेक्टर (India MD) बनाया है. सितंबर से वह OpenAI के सबसे सीनियर लीडर होंगे और भारत में OpenAI की कमान संभालेंगे.
OpenAI के मुताबिक प्रभजीत सिंह भारत में कंज्यूमर ग्रोथ, बिजनेस पार्टनरशिप, कंपनियों में AI का इस्तेमाल बढ़ाने, सरकार के साथ काम करने और पूरे ऑपरेशन की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों, कंपनियों, संस्थानों और सरकारी विभागों तक AI को पहुंचाना होगा. वह OpenAI के एशिया पैसिफिक (APAC) मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मणि को रिपोर्ट करेंगे.
Uber से OpenAI तक का सफर
प्रभजीत सिंह इससे पहले Uber India और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट थे. उनके पास भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में Uber के कारोबार को आगे बढ़ाने का अनुभव है. उन्होंने IIT खड़गपुर और IIM अहमदाबाद से पढ़ाई की है. OpenAI को उम्मीद है कि उनका एक्सपीरिेंस भारत जैसे बड़े और तेजी से बढ़ते बाजार में कंपनी की ग्रोथ को नई रफ्तार देगा.
भारत पर OpenAI का बढ़ता फोकस
सैम ऑल्टमैन की अगुवाई वाली कंपनी OpenAI पिछले कुछ समय से भारत में तेजी से अपना विस्तार कर रही है. कंपनी स्टार्टअप, बड़ी कंपनियों, डेवलपर कम्युनिटी और सरकारी स्किल प्रोग्राम के साथ लगातार काम बढ़ा रही है. नवंबर 2025 में OpenAI ने नई दिल्ली में अपना पहला ऑफिस भी खोला था. कंपनी का मानना है कि भारत AI अपनाने वाले दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल है.
सैम ऑल्टमैन को भारत पर भरोसा
सैम ऑल्टमैन कई बार भारत में AI की तेजी से बढ़ती पहुंच की तारीफ कर चुके हैं. इस साल फरवरी में India AI Summit के दौरान उन्होंने कहा था कि भारत में AI को अपनाने की रफ्तार शानदार है. उनके मुताबिक भारत इंफ्रास्ट्रक्चर, AI मॉडल और AI एप्लिकेशन, तीनों स्तर पर तेजी से निवेश कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा था कि भारत का टेक सेक्टर AI की वजह से तेजी से आगे बढ़ने के लिए तैयार है.
भारत OpenAI के लिए क्यों है खास?
भारत ChatGPT इस्तेमाल करने वाले सबसे बड़े बाजारों में से एक बन चुका है. यही वजह है कि OpenAI यहां अपने बिजनेस, ChatGPT, एंटरप्राइज सर्विस और डेवलपर नेटवर्क को तेजी से बढ़ाना चाहती है. भारत में AI का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है और इसी वजह से कंपनी यहां अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है.
GPT-5.6 Sol भी किया लॉन्च
प्रभजीत सिंह की नियुक्ति के साथ ही OpenAI ने GPT-5.6 Sol भी पेश किया है. कंपनी का कहना है कि यह अब तक का सबसे मजबूत सेफ्टी सिस्टम वाला AI मॉडल है. इसमें गलत इस्तेमाल, साइबर अटैक और बार बार होने वाली गलत गतिविधियों को रोकने के लिए पहले से ज्यादा मजबूत सुरक्षा दी गई है.
AI को सुरक्षित बनाने पर जोर
OpenAI के मुताबिक GPT-5.6 Sol को लॉन्च करने से पहले कई हफ्तों तक इसकी जांच की गई. कंपनी ने बताया कि लाखों GPU घंटों की टेस्टिंग और एक्सपर्ट टीम की मदद से मॉडल को अलग अलग तरह के जोखिम के खिलाफ परखा गया. कंपनी का कहना है कि यह सेफ्टी फीचर पहले से ही चालू रहेगा ताकि AI का गलत इस्तेमाल कम किया जा सके.
भारत में AI की रफ्तार होगी और तेज
भारत में नया मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने और नया AI मॉडल लाने से OpenAI का फोकस अब और ज्यादा भारत पर रहेगा. बैंकिंग, IT, एजुकेशन, सरकारी सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे कई सेक्टर में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ सकता है. इससे साफ है कि OpenAI अब भारत को अपने सबसे अहम बाजारों में से एक मानकर आगे बढ़ रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं