विज्ञापन
14 minutes ago

भारतीय इकोनॉमी के एक नए और ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत के साथ, NDTV प्रॉफिट कॉन्क्लेव 2026 - 'India: The Real Deal' का आगाज हो चुका है. ये कॉन्‍क्‍लेव ऐसे समय में हो रहा है जब भारत ने अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौता और यूरोपीय संघ (EU) के साथ एक ऐतिहासिक 'मदर ऑफ ऑल डील्स' (सबसे बड़ा समझौता) की ओर कदम बढ़ाए हैं. इस कॉन्क्लेव में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का एक बेहद अहम सत्र है, जिसमें वह 'बजट 2026: भारत पर दांव' (Budget 2026: Betting on India) विषय पर एक उच्च-स्तरीय संवाद का नेतृत्व करेंगी. उनके संबोधन में भारत के राजकोषीय अनुशासन और विकास की प्राथमिकताओं के बीच संतुलन पर चर्चा होने की भी उम्मीद है. वहीं, व्यापार और नीतियों, खासकर हालिया व्‍यापारिक समझौतों पर चर्चा के लिए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मंच पर होंगे. वे भारत की व्यापार वार्ताओं और दुनिया के साथ रणनीतिक जुड़ाव के पीछे की असल कहानी पेश करेंगे.

यहां इस लाइव ब्‍लॉग में आपको इस बेहद महत्‍वपूर्ण कान्‍क्‍लेव की हर बड़ी अपडेट मिलेगी. 

यहां देखें लाइव वीडियो: 

NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: IDBI बैंक के विनिवेश पर क्‍या बोले DIPAM सचिव?

कॉन्‍क्‍लेव में सत्र के दौरान IDBI बैंक के विनिवेश पर बड़ा अपडेट सामने आया. NDTV प्रॉफिट के एक सवाल पर DIPAM सचिव डॉ. अरुणिश चावला ने कहा, 'हम अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं, जो कि मूल्यांकन (evaluation) और मंज़ूरी (approval) का चरण है. इस बारे में आपको मार्च के अंत तक, यानी वर्तमान वित्त वर्ष (current financial year) के खत्म होने तक और जानकारी मिल जाएगी.

NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: DIPAM सचिव बोले- हमारा काम विनिवेश नहीं, निवेश बढ़ाना है

NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: DIPAM सचिव अरुणिश चावला ने साफ किया कि उनके विभाग का मकसद कंपनियों को बेचना नहीं, बल्कि उनमें निवेश बढ़ाना है. उन्‍होंने कहा, 'अब हम सिर्फ विनिवेश (Disinvestment) विभाग नहीं रहे. हम DIPAM हैं. हमारा काम निवेश बढ़ाना और सरकारी संपत्तियों का सही प्रबंधन करना है. हम आम निवेशकों और छोटे शेयरधारकों के जीवन में खुशहाली के दीये जला रहे हैं.

आगे उन्‍होंने कहा, 'आप जिस 80,000 करोड़ रुपये के लक्ष्य की बात कर रहे हैं, उसमें केवल पारंपरिक विनिवेश (कंपनियों की हिस्सेदारी बेचना) या पुरानी जमीन की बिक्री ही शामिल नहीं है. इसमें 'एसेट मॉनेटाइजेशन' यानी सरकारी संपत्ति से कमाई के वे सभी नए और आधुनिक तरीके शामिल हैं जिन्हें हम अपना रहे हैं.  

NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: राजेश शर्मा बोले- MSME और NBFC को मिलेगा बढ़ावा

कापरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा ने कहा 'मैन्युफैक्चरिंग में MSME का योगदान लगभग 30% है और निर्यात में भी इसकी हिस्सेदारी लगभग 45% है, इसलिए वे एक बहुत ही महत्वपूर्ण स्तंभ हैं. अब यदि बजट में सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च और मैन्युफैक्चरिंग सर्विस सेक्टर पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, तो इन सभी क्षेत्रों को अंततः बढ़ावा मिलने वाला है. और मुझे लगता है कि NBFC सेक्टर उन्हें 'लास्ट माइल कनेक्टिविटी' (अंतिम छोर तक पहुंच) प्रदान करने में मदद करेगा, जहां औपचारिक बैंकिंग प्रणाली उनकी मांग को पूरा करने में सक्षम नहीं है. ऐसा इसलिए है क्योंकि ये इकाइयां कागजी कार्रवाई और जटिल क्रेडिट आवश्यकताओं को पूरा करने के मामले में उतनी व्यवस्थित नहीं होती हैं.' 

NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: एआई बदल रहा इंडस्‍ट्री की तस्‍वीर?

PB फिनटेक के को-फाउंडर, चेयरमैन और ग्रुप CEO यशिश दहिया ने AI के तेजी से बढ़ते प्रभाव पर अपनी बात रखी. उन्‍होंने कहा, AI तेजी से एक आम वस्तु बनता जा रहा है. उन्होंने समझाया कि किसी भी अन्य वस्तु की तरह, इसकी कीमत लगातार घट रही है, जिससे उन्नत एआई क्षमताएं और ज्‍यादस सुलभ होती जा रही है. उनका मानना है कि ये अच्‍छा है और इससे AI सभी के लिए सुलभ हो जाएगा. इससे विभिन्न सेक्‍टर्स और यूजर्स ग्रुप में इसका व्यापक उपयोग संभव हो सकेगा. उन्होंने आगे कहा कि AI न केवल उपयोग में आसान है, बल्कि ये बहुत क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला भी है, जो इंडस्‍ट्रीज की तस्‍वीर बदल रहा है. साथ ही लोगों और व्यवसायों को अभूतपूर्व रूप से दक्ष बना रहा है. 

किसान, युवा, महिलाएं... बजट में हर वर्ग को राहत: GVL न‍रसिम्‍हा राव

GVL न‍रसिम्‍हा राव ने कहा, 'इस बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, हर वर्ग के लिए प्रावधान हैं. हर वर्ग को इस विकास से लाभ मिल रहा है, और इसीलिए लंबे समय बाद जीएसटी दरों में कटौती होने पर खुशी का माहौल है, जो छह महीने पहले, चार महीने पहले हुई थी. जीएसटी हर कोई अदा करता है. अमीर हो या गरीब, हर कोई जीएसटी अदा करता है, और उन्हें बहुत बड़ी राहत मिली है.'

भारत की विकास यात्रा पर क्‍या बोले जीवीएल नरसिम्हा राव

भारत की आर्थिक प्रगति पर पूर्व राज्यसभा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, 'महंगाई अपने सबसे निचले स्तरों में से एक पर है, जो काफी हद तक नियंत्रण में है. कम महंगाई से आम आदमी को फायदा क्यों नहीं होता? जब हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हैं, तब वेतनभोगी वर्ग को फायदा क्यों नहीं होता? कल आरबीआई ने कहा कि उन्होंने इस साल के लिए अपने अनुमानों को और बेहतर करते हुए 7.3% की विकास दर का अनुमान लगाया है. क्या इससे मदद नहीं मिलती? वित्त मंत्री ने जिन तीन स्तंभों की बात की, मैं फिर से दोहराता हूं, मैं उनके भाषण पर वापस जाता हूं. उन तीन स्तंभों में उन्होंने विकास की बात की. उन्होंने समावेशिता की बात की.'

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्‍या बोले इकोनॉमिस्‍ट प्रवीण चक्रवर्ती?

अर्थशास्त्री और अखिल भारतीय प्रोफेशनल्‍स कांग्रेस के चेयरमैन प्रवीण चक्रवर्ती ने 'अधिक व्यापार' की मांग करते हुए तर्क दिया कि अमेरिका ने व्यापार समझौते में बहुत ज्‍यादा प्रतिबद्धता नहीं दिखाई है. 

भारत की असली ताकत को समझने का अवसर है ये कॉन्‍क्‍लेव

राष्ट्रीय शक्ति और औद्योगिक क्षमता पर चर्चा के लिए रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के साथ कल्याणी ग्रुप के राजिंदर सिंह भाटिया और अदाणी डिफेंस के आशीष राजवंशी भी मौजूद रहेंगे. यह इस बात को दर्शाता है कि भारत की आर्थिक महत्वाकांक्षा और रणनीतिक लचीलापन अब एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं.

NDTV के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल के मुताबिक, भारत की असली ताकत उसकी स्पष्टता और अभूतपूर्व विकास में है. ये कॉन्क्लेव उन मैक्रो-इकोनॉमिक प्रभावों और विकल्पों को समझने के बारे में है जो भारत के आर्थिक भविष्य की तस्‍वीर पेश करते हैं. 

नीति निर्माता और उद्योग जगत के लीडर्स रखेंगे अपनी बात

निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव डॉ अरुणिश चावला और मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन आर्थिक दृष्टिकोण साझा करेंगे. इसमें प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल भारत के आर्थिक विकल्पों पर ऐतिहासिक और व्यापक दृष्टिकोण रखेंगे. कॉन्क्लेव में उद्योग जगत के बड़े चेहरे जैसे राजीव मेमानी (EY इंडिया और CII अध्यक्ष), राहुल भारती (मारुति सुजुकी) और राजेश शर्मा (कैप्री ग्लोबल) मैन्‍युफैक्‍चरिंग और वित्त पर अपनी राय रखेंगे.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com