विज्ञापन

'भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई इकोनॉमी, बनी हुई है विकास की रफ्तार', NDTV के मंच पर बोलीं वित्त मंत्री

वित्त मंत्री ने कहा कि हालिया GST कलेक्शन और PMI के आंकड़े अच्छे बने हुए हैं. गाड़ियों की बिक्री के आंकड़े (Auto Sales Data) भी आर्थिक गतिविधियों में लगातार मजबूती की ओर इशारा करते हैं.

'भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई इकोनॉमी, बनी हुई है विकास की रफ्तार', NDTV के मंच पर बोलीं वित्त मंत्री

NDTV प्रॉफिट बिजनेस लीडरशिप अवार्ड्स 2026 के मंच पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी इकोनॉमी के तौर पर साल के दूसरे हिस्से में प्रवेश कर चुका है. उन्होंने कहा कि देश की विकास की रफ्तार व्यापक बनी हुई है, जो इकोनॉमी के कई सेक्‍टर्स में मजबूती दर्शाती है. उन्‍होंने कहा, 'भारत की विकास गाथा मजबूती और तेजी से फैसले लेने वाली पॉलिसी बनाने की क्षमता की कहानी है. बदलती आर्थिक स्थितियों के अनुसार ढलने की देश की क्षमता ने इसके विकास का मार्ग प्रशस्‍त किया है.  

NDTV प्रॉफिट बिजनेस लीडरशिप अवार्ड्स 2026' के मंच पर देश के कॉर्पोरेट लीडर्स, एंटरप्रेन्योर्स और इंडस्ट्री के दिग्गजों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, 'भारत की विकास गाथा मजबूती और तेजी से फैसले लेने वाली नीतिगत क्षमता की कहानी है. बदलती आर्थिक स्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की देश की क्षमता ने ही इसके विकास का मार्ग प्रशस्त किया है.' 

उन्होंने हालिया जीएसटी (GST) कलेक्शन, परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) और ऑटो सेल्स डेटा (गार्डियों की बिक्री) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि ये सभी संकेतक आर्थिक गतिविधियों में लगातार मजबूती की ओर इशारा करते हैं.

'रेगुलेशन ऐसा हो जो विकास को बढ़ावा दे, रोके नहीं'

व्यापारिक सुगमता (Ease of Doing Business) पर जोर देते हुए वित्त मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकारी नियमों और रेगुलेशन को एक 'गार्ड रेल' (सुरक्षा कवच) की तरह काम करना चाहिए, न कि किसी 'टॉल गेट' (रुकावट) की तरह. उन्होंने कहा कि भारत की सीमाएं या बाध्यताएं अब सड़कें या बंदरगाह नहीं रही हैं, बल्कि देश ने बीते वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपने आर्थिक साझेदारियों का तेजी से विस्तार किया है.

युवाओं और रोजगार पर सरकार का बड़ा फोकस

युवाओं के भविष्य और रोजगार पर बात करते हुए वित्त मंत्री ने कई सुधारों और सकारात्‍मक आंकड़ों के बारे में बताया. 

रोजगार योजना: सरकार ने 'पीएम विकसित भारत रोजगार योजना' के लिए 1 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जिसका लक्ष्य 3.5 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करना है.

कौशल विकास: 1.6 करोड़ युवाओं को 200 से अधिक कोर्स में मुफ्त ट्रेनिंग दी गई है, जबकि 1,000 आईटीआई (ITI) के आधुनिकीकरण के लिए 60,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं.

नियुक्ति पत्र और इंटर्नशिप: रोजगार पहलों के तहत अब तक 12 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं. वहीं, 'पीएम इंटर्नशिप प्रोग्राम' के जरिए युवाओं को देश की टॉप 500 कंपनियों में काम करने का अवसर मिल रहा है.

ऑरेंज इकोनॉमी से लेकर एआई (AI) और स्पोर्ट्स तक

वित्त मंत्री ने खुलासा किया कि बजट में 'ऑरेंज इकोनॉमी' (क्रिएटिव और कल्चरल इंडस्ट्री) पर की गई घोषणा का विचार कॉलेज के छात्रों के सुझाव से आया था.

छोटे शहरों में AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर उन्‍होंने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है. देश में 27 AI लैब्स स्थापित हो चुकी हैं और 543 नई लैब्स को मंजूरी मिल गई है.

स्टार्टअप्स में बंपर उछाल, 'खेलो इंडिया' में बंपर भागीदारी 

उन्‍होंने बताया कि साल 2014 में देश में केवल 340 मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 2.2 लाख से अधिक हो गई है. साथ ही 12 करोड़ नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं के तहत लोन मिले हैं.

'खेलो इंडिया' के जरिए 63,000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया है. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि अहमदाबाद 2030 राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) की मेजबानी करेगा.

कार्यक्रम के अंत में वित्त मंत्री ने उद्योग जगत के दिग्गजों को सम्मानित किया. बता दें कि NDTV प्रॉफिट बिजनेस लीडरशिप अवार्ड्स में विजेताओं का चयन दो चरणों वाली पारदर्शी प्रक्रिया से होता है, जिसमें वित्तीय स्क्रीनिंग और एक स्वतंत्र जूरी का असेसमेंट शामिल है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTV BLA, Business Leadership Awards, Business Leadership
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com