गुजरात के मुंद्रा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आज 23 जून को एक नया इतिहास रच दिया. मुंद्रा एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल फ्लाइट की सफल लैंडिंग के साथ नियमित उड़ान की शुरुआत हुई. गोवा से उड़ान भरकर आई Star Air की फ्लाइट जैसे ही मुंद्रा एयरपोर्ट पहुंची, उसका वाटर कैनन सलामी के साथ भव्य स्वागत किया गया. एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस खास मौके को यादगार बना दिया.
मुंद्रा एयरपोर्ट बना देश का नया बिजनेस हब, स्टार एयर के साथ शुरू हुआ सफर
नई बनी 1,900 मीटर लंबी रनवे पर Star Air के एयरक्राफ्ट की सेफ लैंडिंग हुई. इसके साथ ही मुंद्रा एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों का ऑपरेशन आधिकारिक रूप से शुरू हो गया. यह कदम गुजरात के तेजी से बढ़ते इंडस्ट्रियल सेक्टर और देश के सबसे बड़े प्राइवेट पोर्ट मुंद्रा के लिए बड़ी उपलब्धि है. इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से न केवल कच्छ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह पूरा इलाका एक पूरी तरह से इंटीग्रेटेड, मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स और बिजनेस हब में बदल जाएगा. स्टार एयर इस एडवांस टर्मिनल से कुल 8 शहरों के लिए अपनी सेवाएं दे रहा है, जिससे व्यापार, कॉमर्स, माल ढुलाई और टूरिज्म को एक नई एक्सप्रेस रफ्तार मिलेगी.

मुंद्रा एयरपोर्ट की शुरुआत पर बोले जीत अदाणी- बिजनेस और टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स (Adani Airport Holdings) के डायरेक्टर जीत अदाणी ने मुंद्रा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया है.
उन्होंने कहा कि इस हवाई सेवा के शुरू होने से मुंद्रा के लोकल बिजनेस और टूरिज्म दोनों को एक बहुत बड़ा बूस्ट मिलेगा. जीत अदाणी के मुताबिक, पहले मुंद्रा तक पहुंचने के लिए लोगों को एक या दो जगह रुककर एक लंबा सफर तय करना पड़ता था, लेकिन अब इस डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस की वजह से यात्रियों का वह लंबा समय बहुत कम हो गया है.
दिल्ली-मुंबई के बाद अब अहमदाबाद रूट की तैयारी
मुंद्रा एयरपोर्ट से मौजूदा समय में दिल्ली, गोवा, मुंबई और सूरत जैसे बड़े शहरों के लिए फ्लाइट ऑपरेशन किया जा रहा है. जीत अदाणी ने आने वाले नए रूट्स की जानकारी देते हुए बताया कि अभी बातचीत का दौर चल रहा है और बहुत जल्द अहमदाबाद को भी मुंद्रा एयरपोर्ट के कनेक्टेड नेटवर्क में एक नए डेस्टिनेशन के रूप में जोड़ दिया जाएगा.

अभी सिर्फ स्टार एयर की सर्विस, बाकी एयरलाइंस के लिए करना होगा इंतजार
मुंद्रा एयरपोर्ट से उड़ान भरने में दूसरी एयरलाइंस की दिलचस्पी के सवाल पर उन्होंने साफ किया कि फिलहाल अभी सिर्फ स्टार एयर (Star Air) ही यहां से अपने ऑपरेशंस शुरू कर रही है. जैसे-जैसे इस रूट पर यात्रियों की मांग बढ़ेगी, उम्मीद है कि दूसरी एयरलाइंस कंपनियां भी यहां से अपनी कनेक्टिविटी शुरू करेंगी.एयरपोर्ट से बड़े (नैरो-बॉडी) विमानों के उड़ान भरने को लेकर उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी. शुरुआत में यहां से केवल रीजनल फ्लाइट और रीजनल ट्रासपोर्टेशन सर्विस ही दी की जाएंगी. आने वाले समय में डिमांड बढ़ने पर यहां बड़े प्लेन भी आने लगेंगे.
एविएशन सेक्टर में सप्लाई की कमी
जीत अदाणी ने यह भी बताया कि आज के समय में एयरलाइंस कंपनियों के लिए नए और बड़े नैरो-बॉडी प्लेन हासिल करना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है. एविएशन मार्केट की सप्लाई चेन बहुत तंग चल रही है और कंपनियों के पास जो भी विमान मौजूद हैं, वे पहले से ही अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ रहे हैं.
DGCA और BCAS से मिली हरी झंडी
टर्मिनल पर यात्रियों की संख्या और ट्रैफिक के अनुमान को लेकर जीत अदाणी ने बताया कि इसके लिए एक डिमांड स्टडी पूरी की जा चुकी है. हालांकि इसके सटीक आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन इसकी पूरी डिटेल जल्द ही साझा की जाएगी.
मुंद्रा पोर्ट भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट पोर्ट है और यहां देश का सबसे बड़ा मल्टिपल-प्रोडक्ट सेज (SEZ) भी मौजूद है, जो भारत के आयात-निर्यात का मुख्य केंद्र माना जाता है. इस नए एयरपोर्ट के आने से ट्रेड बेहद आसान हो जाएगा. पोर्ट के जरिए आने-जाने वाले भारी-भरकम सामान को अब हवाई रूट का भी तुरंत सपोर्ट मिलेगा, जिससे नेशनल और ग्लोबल सप्लाई चेन और ज्यादा मजबूत होगी.
1900 मीटर लंबा रनवे और वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं
अदाणी ग्रुप के बेहतरीन डेवलपमेंट मॉडल पर तैयार किया गया मुंद्रा एयरपोर्ट पूरी तरह से एडवांस टेक्नोलॉजी से लैस है. यहां 1,900 मीटर लंबा एक बड़ा रनवे बनाया गया है, जो पैसेंजर फ्लाइट विमानों के साथ-साथ कार्गो विमानों को भी आसानी से संभाल सकता है. इसके नए और एडवांस टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा पार्किंग एरिया, कई चेक-इन काउंटर्स, आरामदायक लाउंज और एक बढ़िया फूड कोर्ट बनाया गया है. इसके साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की पूरी सुविधा और गाड़ियों से आसानी से उतरने के लिए ड्रॉप-ऑफ जोन्स की खास व्यवस्था की गई है.
देश के 8 और बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स को संभालता है अदाणी ग्रुप
इस नए प्रोजेक्ट में अदाणी ग्रुप ने अपने उस बड़े अनुभव का इस्तेमाल किया है जो उसने देश के बेहतरीन एयरपोर्ट्स को मैनेज करके हासिल किया है. आपको बता दें कि मुंद्रा एयरपोर्ट के अलावा अदाणी ग्रुप देश के 8 अन्य बड़े और वर्ल्ड-क्लास इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स का ऑपरेशन भी बहुत सफलतापूर्वक संभाल रहा है. इन एयरपोर्ट्स में नवी मुंबई, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, मंगलुरु और गुवाहाटी जैसे देश के प्रमुख शहर शामिल हैं. अब मुंद्रा एयरपोर्ट भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है.
ये भी पढ़ें- रेवेन्यू, प्राइवेसी से लेकर AI तक: WhatsApp के नए ग्लोबल हेड कुणाल शाह के सामने हैं ये बड़ी चुनौतियां
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं