Maruti Suzuki Price Hike 2026: अगर आप अगले महीने मारुति सुजुकी की नई कार घर लाने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी और थोड़ी जेब ढीली करने वाली खबर है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) ने ऐलान किया है कि वो जून 2026 से अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी अपनी कारों के दाम 30,000 रुपये तक बढ़ाने का मन बना चुकी है. मारुति सुजुकी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी. कंपनी का कहना है कि लगातार बढ़ रहे लागत के दबाव की वजह से उन्हें ये कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है.
लगातार बढ़ रही लागत
कंपनी ने बताया, "पिछले कुछ महीनों से कंपनी लागत कम करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही थी, जिससे ग्राहकों पर बढ़ती कीमतों का असर कम रहे. लेकिन, मौजूदा समय में महंगाई का स्तर काफी ऊंचा हो चुका है और कॉस्ट लगातार बढ़ रही है. ऐसे में कंपनी के पास बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा बाजार पर डालने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है."
किन गाड़ियों के बढ़े दाम?
मारुति सुजुकी, जो भारत की सबसे बड़ी कार कंपनियों में से एक है, अपनी सस्ती से लेकर लग्जरी गाड़ियों तक के लिए जानी जाती है. कंपनी एस-प्रेसो जैसी बजट कार से लेकर इन्विक्टो जैसे प्रीमियम मॉडल तक बेचती है. अभी इन गाड़ियों की कीमत करीब 3.49 लाख रुपये से शुरू होकर 28.7 लाख रुपये तक जाती है. लेकिन अब कंपनी जून 2026 से अपनी सभी कारों के दाम बढ़ाने जा रही है. अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में करीब 30,000 रुपये तक का इजाफा देखने को मिल सकता है.
पिछले साल दी थी राहत
पिछले साल ग्राहकों को मारुति की गाड़ियों पर बड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब हालात थोड़े बदल गए हैं. सितंबर में जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद कंपनी ने अपनी कई पॉपुलर कारों की कीमतों में अच्छी-खासी कटौती की थी. जैसे एस-प्रेसो करीब 1.29 लाख रुपये तक सस्ती हो गई थी, जबकि ऑल्टो K10 के दाम 1.07 लाख रुपये तक घटाए गए थे. इसके अलावा सेलेरियो करीब 94,100 और वैगन-आर लगभग 79,600 रुपये तक सस्ती हुई थी. हालांकि उस बड़ी राहत के बाद अब साल 2026 के बीच में कंपनी ने कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे ग्राहकों को फिर से महंगाई का झटका लगने वाला है.
आने वाले दिनों में लग सकता है और झटका
ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रहे उतार-चढ़ाव और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों की वजह से ऑटो कंपनियों पर दबाव साफ दिख रहा है. मारुति सुजुकी के इस फैसले के बाद आने वाले दिनों में दूसरी कार कंपनियां भी अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं