Kanwar Yatra UP Buses News: सावन का पावन महीना बस शुरू ही होने वाला है और इसी के साथ शुरू हो जाएगी कांवड़ यात्रा. इसको लेकर UPSRTC यानी उत्तर प्रदेश पथ परिवहन निगम ने ज्यादा बसें चलाने का फैसला लिया है. हर साल लाखों श्रद्धालु अलग-अलग जगहों से गंगाजल भर कर शिव मंदिरों में अभिषेक करते हैं. इस दौरान दूर-दराज से लोग बसों से पहुंचते हैं. ऐसे में जाहिर है कि बसों में भीड़ काफी बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए UPSRTC ने मांग के आधार पर संबंधित बड़े शहरों के बीच ज्यादा बसें चलाने का फैसला लिया है.
इसी के साथ 24 घंटे वाला कंट्रोल रूम भी सेट करने का फैसला लिया गया है. बस संचालन की मॉनिटरिंग के लिए हर क्षेत्रीय कार्यालयों में ये कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे. रविवार को UPSRTC की ओर से आधिकारिक तौर पर ये जानकारी दी गई.
गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार रूट पर बसें
30 जुलाई से शुरू होने जा रही श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्यभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं. रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख रूटों पर भी जरूरत के हिसाब से एक्सट्रा बसों का संचालन होगा.
24 घंटे एक्टिव रहेंगे कंट्रोल रूम
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि यात्रा की निगरानी के लिए हर क्षेत्रीय मुख्यालय पर चौबीसों घंटे (24x7) काम करने वाला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) बनाया जाएगा. यह कंट्रोल रूम कांवड़ यात्रा की शुरुआत से लेकर खत्म होने तक लगातार एक्टिव रहेगा और पूरी यात्रा का रिकॉर्ड रखेगा.
अधिकारियों और ड्राइवरों को सख्त निर्देश
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्रता से पेश आएं और उनकी हर संभव मदद करें. बसों का संचालन केवल जिला प्रशासन द्वारा तय किए गए वैकल्पिक (डायवर्टेड) रास्तों पर ही होगा, ताकि कांवड़ यात्रा में किसी तरह की रुकावट न आए.
ये भी पढ़ें: NPS Swasthya: अब पेंशन से होगा इलाज! पेंशन फंड से सीधे भरेगा अस्पताल का बिल, जानिए किसे मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं