Job Alert: पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार के मोर्चे पर एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है. आईटी जगत की दिग्गज कंपनी इन्फोसिस (Infosys) पंजाब में अपना विस्तार करने जा रही है, जिससे राज्य के हजारों युवाओं को अपने ही घर के पास नौकरी पाने का मौका मिलेगा. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने Infosys के को-फाउंडर एनआर नारायणमूर्ति (N. R. Narayana Murthy) का इसके लिए धन्यवाद भी किया. उन्होंने गुरुवार को मोहाली में इन्फोसिस के नए कैंपस का भूमि पूजन (Groundbreaking Ceremony) किया.
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रोजेक्ट 286 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है. वहीं टाटा स्टील के 3,200 करोड़ के प्रोजेक्ट के बारे में भी उन्होंने बताया और कहा कि सीधे 2,500 युवाओं को जॉब मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 से पहले पंजाब से उद्योग बाहर जा रहे थे, लेकिन अब निवेशकों का भरोसा राज्य की नीतियों पर फिर से लौटा है. इस कैंपस के बनने से पंजाब के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
286 करोड़ का निवेश, 2700 युवाओं को नौकरी
करीब 286 करोड़ के इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा पंजाब के युवाओं को होगा. डायरेक्ट जॉब्स की बात करें तो इस नए कैंपस के जरिए लगभग 2,700 युवाओं को सीधी नौकरी (Direct Employment) मिलेगी. वहीं इनडायरेक्ट जॉब्स के रास्ते भी खुलेंगे. बताया गया कि हजारों की संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार (जैसे सपोर्ट स्टाफ, लॉजिस्टिक्स आदि) के अवसर पैदा होंगे. यह कैंपस करीब 3.5 लाख स्क्वायर फीट में फैला होगा, जहां एक साथ 3,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी. इसमें सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक और फूड कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी.
लुधियाना में 3,200 करोड़ का निवेश, 2,500 युवाओं को जॉब
इन्फोसिस के अलावा मुख्यमंत्री ने एक और बड़े प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि आगामी 20 मार्च को लुधियाना में 3,200 करोड़ रुपये के टाटा स्टील प्रोजेक्ट का उद्घाटन होगा. इस अकेले प्रोजेक्ट से लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है.
सीएम मान ने बताया कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब सरकार 1.55 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आकर्षित कर चुकी है. इन सभी प्रोजेक्ट्स के धरातल पर आने से आने वाले समय में करीब 5.44 लाख युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं