नई दिल्ली. हेल्थ या लाइफ इंश्योरेंस लेने के बाद अगर बीमा कंपनी आपका क्लेम पूरा या पार्शियली खारिज कर देती है, तो अब उसे इसकी साफ वजह बतानी होगी. इंश्योरेंस कंपनियां बिना ठोस कारण बताए क्लेम रिजेक्ट नहीं कर सकेंगी. इसके अलावा पॉलिसीधारक घर बैठे अपने इंश्योरेंस क्लेम की पूरी स्थिति भी देख सकेंगे. इंश्योरेंस रेगुलेटर इरडा (IRDAI) इसके लिए नई व्यवस्था तैयार कर रहा है. इरडा के चेयरमैन अजय सेठ ने गुरुवार (19 नवंबर) को बताया कि इन बदलावों को लागू करने के लिए अगले 10 दिनों में दो वर्किंग ग्रुप बनाए जाएंगे. ये समूह क्लेम से जुड़ी प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और इंश्योरेंस कंपनियों की जवाबदेही तय करने पर काम करेंगे.
क्लेम कहां अटका, अब मिलेगी पल-पल की जानकारी
अक्सर अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज और उनके परिजनों को इंश्योरेंस कंपनी से मंजूरी मिलने का इंतजार करना पड़ता है. कई बार अस्पताल से छुट्टी मिलने के समय भी क्लेम की मंजूरी और भुगतान में देरी होती है. इस समस्या को दूर करने के लिए एक वर्किंग ग्रुप ऐसी व्यवस्था तैयार करेगा, जिसमें पॉलिसीहोल्डर अपने क्लेम की रियल टाइम स्थिति देख सकेंगे. इसमें इलाज से पहले अस्पताल में भर्ती होने की मंजूरी, डिस्चार्ज का प्रोसेस और अंतिम भुगतान तक की जानकारी मिलेगी. इस व्यवस्था के जरिए यह भी पता चल सकेगा कि क्लेम किस लेवल पर पेंडिंग है और उसके निपटारे में कितनी प्रगति हुई है.
यह भी पढ़ें | Health Insurance Policy: 10, 20 या 25% को-पेमेंट, आपके लिए कौन सा ऑप्शन रहेगा फायदेमंद?
पूरा या आधा क्लेम काटने पर बताना होगा कारण
इरडा का दूसरा वर्किंग ग्रुप इंश्योरेंस क्लेम को पूरी तरह या पार्शियली से खारिज करने के लिए एक समान मानक तैयार करेगा. अभी कई मामलों में इंश्योरेंस कंपनियां क्लेम का पूरा भुगतान नहीं करतीं या उसका कुछ हिस्सा काट लेती हैं. लेकिन ग्राहकों को इसकी स्पष्ट वजह समझ नहीं आती. नई व्यवस्था में कंपनियों को हर रिजेक्ट किए गए या आंशिक रूप से मंजूर किए गए क्लेम का कारण दर्ज करना होगा. इसके लिए एक समान नियम बनाए जाएंगे, ताकि कंपनियां अस्पष्ट वजहों का सहारा लेकर क्लेम खारिज न कर सकें. इसका फायदा यह होगा कि ग्राहक न सिर्फ अपने क्लेम के फैसले की वजह जान सकेंगे, बल्कि अलग-अलग इंश्योरेंस कंपनियों के क्लेम सेटलमेंट और शिकायतों के निपटारे के रिकॉर्ड की तुलना भी कर पाएंगे.
इंश्योरेंस का प्रीमियम जानने के लिए नहीं देना होगा मोबाइल नंबर
इरडा बीमा खरीदने वालों की प्राइवेसी का भी ध्यान रखना चाहता है. फिलहाल कई इंश्योरेंस कंपनियों की वेबसाइट और ऐप पर पॉलिसी का प्रीमियम जानने के लिए नाम और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी देनी पड़ती है. इसके बाद ग्राहकों को कई अनचाही कॉल आने लगती हैं. इरडा चेयरमैन ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्राहकों को अपनी निजी जानकारी शेयर किए बिना भी इंश्योरेंस पॉलिसी की कीमत देखने की सुविधा मिलनी चाहिए. इसके लिए भी नियम बनाए जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं