ग्लोबल मार्केट से कमजोर संकेतों के बावजूद सोमवार को फ्लैट ओपनिंग और दिनभर जारी उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार आज बढ़त के साथ बंद हुए. BSE सेंसेक्स और NSE निफ्टी50, दोनों में 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त रही. सेंसेक्स 1.04% या 760 अंकों की तेजी के साथ 74,079 के पार बंद हुआ. वहीं निफ्टी 50 भी 1.08% या 244 अंकों की बढ़त के साथ 22,957 के पार बंद हुआ. आज रुपये भी मजबूती के साथ क्लोज हुआ. ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, रुपया डॉलर के मुकाबले 5 पैसे बढ़कर 93.06 पर बंद हुआ. दिन के कारोबार के दौरान, रुपये में 32 पैसे तक की मजबूती आई.
बाजार के ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर बंद
ज्यादातर सूचकांक हरे निशान में बंद हुए. निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.60 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस (2.34 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (2.33 प्रतिशत), निफ्टी रियल्टी (2.23 प्रतिशत), निफ्टी प्राइवेट बैंक (2.16 प्रतिशत) और निफ्टी सर्विसेज (1.66 प्रतिशत) की तेजी के साथ बंद हुआ. केवल निफ्टी ऑयल एंड गैस (1.37 प्रतिशत) और निफ्टी मीडिया (0.22 प्रतिशत) की कमजोरी के साथ बंद हुए.
लार्जकैप के साथ मिडकैप में भी तेजी
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 815.60 अंक या 1.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 54,492.65 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 202.55 अंक या 1.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 15,853.05 पर था.
सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, एक्सिस बैंक, टाइटन, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, इंडिगो,एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व,पावर ग्रिड, एनटीपीसी, बीईएल, एसबीआई,आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस और एचयूएल गेनर्स थे. रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और सन फार्मा लूजर्स थे.
तनाव कम होने की संभावना से मिला बल!
बाजार में तेजी आने की वजह रुपए में तेजी और ईरान-अमेरिका में तनाव कम होने की संभावना को माना जा रहा है. एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा, आरबीआई द्वारा सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने और डॉलर की आपूर्ति में सुधार करने के लिए हाल ही में उठाए गए कदमों से रुपए में 30 पैसे की मजबूती आई और यह 93.00 के आसपास बना हुआ है.
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी-ईरान तनाव कम होने की उम्मीदों से जोखिम भावना में सुधार से भी इस रिकवरी को सपोर्ट मिला है, हालांकि अनिश्चितता का स्तर अभी भी उच्च स्तर पर है. उछाल के बावजूद, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक अनिश्चितता का दबाव बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: Yes Boss: यस बैंक के नए बॉस भी SBI से ही आए, जानिए कौन हैं विनय टोंसे, जो अब होंगे MD और CEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं