विज्ञापन

रॉकिंग इन्‍वेस्‍टमेंट के चक्‍कर में चूना न लग जाए! गारंटीड रिटर्न के झांसे पर BSE ने निवेशकों को चेताया

क्‍या आप भी सोशल मीडिया पर बंट रहे इन्‍वेस्‍टमेंट सलाह के चक्‍कर में रहते हैं, अगर हां तो सावधान हो जाइए! यहां जानिए BSE ने कैसे लोगों और सुझावों से बचने की सलाह दी है.

रॉकिंग इन्‍वेस्‍टमेंट के चक्‍कर में चूना न लग जाए! गारंटीड रिटर्न के झांसे पर BSE ने निवेशकों को चेताया
मोबाइल पर स्‍ट्रैटजी चेक कर मार्केट की चाल देखता युवक (BSE ने ऐसे मामलों में सावधानी बरतने को कहा है)
सांकेतिक तस्‍वीर (Canva)

BSE Alert for Investors: क्‍या आप भी शेयर मार्केट में पैसे लगाते हैं? अगर हां तो कहीं आप भी इंस्‍टाग्राम, टेलीग्राम जैसे प्‍लेटफॉर्म पर बंट रहा 'ज्ञान' तो नहीं ले रहे? अगर हां तो मोटे मुनाफे की गारंटी आपको भारी पड़ सकती है. बिना वेरिफाई किए किसी को तवज्‍जो देना आपको नुकसान पहुंचा सकता है. कारण कि सोशल मीडिया पर खुद को रिसर्च एनालिस्‍ट, इन्‍वेस्‍टमेंट एडवाइजर बताने वाला हर आदमी सही नहीं होता. वो न तो SEBI रजिस्‍टर्ड एडवाइजर होता है और न ही उनके पास सही ज्ञान होता है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने निवेशकों को एक ऐसे ही व्यक्ति के बारे में सावधान किया है, जो सेबी (SEBI) के पास रिसर्च एनालिस्ट के रूप में रजिस्टर्ड (पंजीकृत) नहीं है, लेकिन अनधिकृत (unauthorised) सेवाएं दे रहा है और निवेशकों से पैसे मांग रहा है. 

'आशीष नायक रॉकिंग इन्वेस्टमेंट' से रहें दूर 

BSE ने निवेशकों को इस संस्था की ओर से पेश की जाने वाली किसी भी योजना या प्रोडक्ट से दूर रहने की सलाह दी है. एक्सचेंज ने स्पष्ट किया कि 'आशीष नायक रॉकिंग इन्वेस्टमेंट' (Ashish Nayak Rocking Investment) नाम की यह संस्था, जो निवेश की सलाह देने के लिए एक 'X' (ट्विटर) हैंडल और इसी नाम से एक टेलीग्राम चैनल चलाती है, वह न तो BSE के सदस्य के रूप में रजिस्टर्ड है और न ही किसी रजिस्टर्ड सदस्य की अधिकृत व्यक्ति (Authorized Person) है.

शिकायत निवारण का नहीं मिलेगा फायदा

BSE ने आगाह किया कि ऐसी योजनाओं में भारी जोखिम होता है. यदि इनमें कोई नुकसान या धोखाधड़ी होती है, तो निवेशकों को 'इन्वेस्टर प्रोटेक्शन' (निवेशक सुरक्षा) या विवाद निपटान तंत्र (dispute resolution mechanisms) का लाभ नहीं मिलेगा. एक्सचेंज ने निवेशकों से अपील की है कि वे किसी भी मध्यस्थ (intermediary) के साथ जुड़ने से पहले उसकी रजिस्ट्रेशन स्थिति की जांच BSE की वेबसाइट पर कर लें और सेबी के पोर्टल का उपयोग करें.

चेतावनी में कहा गया है कि जो निवेशक ऐसी योजनाओं में भाग लेते हैं, वे अपने जोखिम पर ऐसा करते हैं और किसी भी नुकसान के लिए वे BSE से मदद या शिकायत निवारण की मांग नहीं कर सकते.

गारंटीड रिटर्न के झांसे में न आएं

निवेशकों को सलाह दी गई है कि वे शेयर बाजार में निश्चित या गारंटीड रिटर्न (assured returns) का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था की योजना से न जुड़ें, क्योंकि कानूनन ऐसा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है.

इससे पहले भी BSE ने निवेशकों को सचेत किया था कि वे अपने ट्रेडिंग अकाउंट को संभालने या पोर्टफोलियो मैनेजमेंट के लिए अपनी 'यूजर आईडी और पासवर्ड' जैसी गोपनीय जानकारियां किसी के साथ साझा न करें. स्टॉक एक्सचेंज ने बताया कि टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे लोग सक्रिय हैं जो निवेशकों से लॉगिन आईडी/पासवर्ड मांगकर उनके ट्रेडिंग अकाउंट को संभालने का झांसा देते हैं.

हाल ही में बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने भी उन अनरजिस्टर्ड निवेश सलाहकारों (investment advisors) के खिलाफ अलर्ट जारी किया था, जो फर्जी सर्टिफिकेट दिखाकर खुद को सेबी से रजिस्टर्ड होने का झूठा दावा करते हैं. सेबी ने अपने रजिस्टर्ड मध्यस्थों और एजेंटों पर किसी भी अनरजिस्टर्ड संस्था के साथ प्रचार या विज्ञापन के लिए किसी भी तरह का आर्थिक या गैर-आर्थिक संबंध रखने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है.

ये भी पढ़ें: आ गई देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक, Hero ने लॉन्च की Flex Fuel Splendor और HF Deluxe, कीमत जान लीजिए

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com