विज्ञापन

मिस्ड कॉल से आया प्लान, भारतीय इंजीनियर अपूर्व श्रीवास्तव ने खड़ा किया $1 बिलियन का AI स्टार्टअप

Avoca AI Startup Success Story: Avoca ने काफी कम समय में अच्छी ग्रोथ हासिल की है. 2026 तक कंपनी ने सीरीज B तक पहुंचकर टोटल 125 मिलियन डॉलर से ज्यादा की फंडिंग ले ली.

मिस्ड कॉल से आया प्लान, भारतीय इंजीनियर अपूर्व श्रीवास्तव ने खड़ा किया $1 बिलियन का AI स्टार्टअप

Avoca AI Startup Success Story: छुटी हुई कॉल यानी मिस्ड कॉल को बहुत हल्के में लिया जाता है. लेकिन भारतीय मूल के इंजीनियर ने इसी मिस्ड कॉल की वजह से पैदा होती समस्याओं पर फोकस किया और 1 अरब डॉलर का स्टार्टअप खड़ा कर दिया. ये कहानी है अपूर्व श्रीवास्तव की. उन्होंने समझा कि एक मिस्ड कॉल भी कितने काम की हो सकती है. इसी सोच को उन्होंने एक बड़े आइडिया में बदला और Avoca नाम का स्टार्टअप खड़ा किया. इस खबर में आपको बताते हैं कि कैसे ये ख्याल आया, स्टार्टअप की शुरुआत कैसे हुई और ये Avoca काम कैसे करता है. 

अपूर्व श्रीवास्तव का बचपन अमेरिका के मिशिगन में बीता. यहां वो अपने परिवार और पास‑पड़ोस के छोटे व्यवसायों के फोन कॉल उठाने में मदद करते थे. इसी दौरान उन्हें एक आसान लेकिन बड़ी बात समझ आई कि होम‑सर्विस बिजनेस जैसे एसी, प्लंबिंग या बिजली के काम में अगर फोन मिस हो जाए, तो उसका सीधा मतलब है पैसों का नुकसान होना. इसी सोच ने Avoca की नींव रखी.

पढ़ाई और टेक्निकल बैकग्राउंड

अपूर्व श्रीवास्तव ने MIT से कंप्यूटर साइंस पढ़ी. पढ़ाई के साथ ही उन्होंने एआई पर काम किया और इसके कोर्स की तैयारी की. फिर उन्होंने एप्पल और गूगल में इंटर्न के तौर पर काम किया. इसके बाद उन्होंने सनशाइन और रीटूल जैसी कंपनियों में इंजीनियर की नौकरी की. यहां उन्हें समझ आया कि एआई का सही इस्तेमाल किताबों की बातें करने के बजाय असल जिंदगी की समस्याएं सुलझाने में करना चाहिए.

को‑फाउंडर से मुलाकात

अपूर्व की पढ़ाई MIT में हो रही थी, वहीं उनकी दोस्ती टायसन चेन से हुई. दोनों ने मिलकर एक ऐसा AI बनाया जो रेस्टोरेंट्स की फोन कॉल अपने आप उठा ले. शुरुआत में उनका सारा फोकस रेस्टोरेंट्स पर था. लेकिन साल 2023 में टैक्सस में उनकी मुलाकात एक HVAC कंपनी रेस्क्यू एयर से हुई. यहीं से उनकी सोच बदल गई. उन्हें एक जरूरी बात समझ आई कि रेस्टोरेंट में अगर एक फोन कॉल छूट जाए, तो करीब 40 डॉलर का ही नुकसान होता है. लेकिन HVAC या होम सर्विस में एक कॉल मिस होना मतलब 30 हजार से 40 हजार डॉलर का नुकसान. मतलब ये कि होम सर्विस में एक फोन कॉल की कीमत बहुत ज्यादा होती है. यहीं से उन्हें साफ दिख गया कि असल में बड़ा मौका होम सर्विस के बाज़ार में है, ना कि रेस्टोरेंट्स में.

ये भी पढ़ें- 'समय बताएगा...', OPEC से अलग हुआ UAE तो भारत को फायदा या नुकसान, जानिए क्‍या है सागर अदाणी का अनुमान

क्या करती है Avoca कंपनी

Avoca की शुरुआत साल 2022 में हुई. Avoca एक ऐसा एआई फोन असिस्टेंट बनाता है जो इंसान की तरह खुद फोन उठाता है. ये दिन और रात कॉल संभाल सकता है, अपॉइंटमेंट फिक्स करता है, ग्राहक की डिटेल्स अपने सिस्टम में सेव करता है और पुराने ग्राहकों को दुबारा कॉल भी करता है. इसकी खास बात ये है कि ये सिर्फ बातें रिकॉर्ड नहीं करता, बल्कि कैलेंडर देखकर तुरंत बुकिंग कर देता है. Avoca खास तौर पर प्लंबिंग और रूफिंग जैसे होम सर्विस बिजनेस के सॉफ्टवेयर के लिए काम करता है.

कंपनी की शानदार वैल्यूएशन

Avoca ने काफी कम समय में अच्छी ग्रोथ हासिल की है. 2026 तक कंपनी ने सीरीज B तक पहुंचकर टोटल 125 मिलियन डॉलर से ज्यादा की फंडिंग ले ली और इसकी वैल्यूएशन 1 बिलियन डॉलर हो गई. इसमें कई बड़े और भरोसेमंद निवेशकों ने पैसा लगाया है. आज Avoca के 800 से ज्यादा ग्राहक हैं, जिनमें जाने माने नेशनल ब्रांड्स भी शामिल हैं. 

ये भी पढ़ें- Gold Silver: सोना 2 लाख, चांदी 3 लाख तक पहुंचेगी! पैसे लगाकर छोड़ेंगे एक साल, क्‍या हो जाएंगे मालामाल?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com