विज्ञापन

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कार्गो जहाजों को निशाना बनाना मंजूर नहीं, UN में भारत की दो टूक

संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारत के प्रतिनिधि परवथानेनी हरीश ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों को अस्वीकार्य बताया है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कार्गो जहाजों को निशाना बनाना मंजूर नहीं, UN में भारत की दो टूक

मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और बढ़ते तनाव के बीच भारत ने साफ और सख्त रुख अपनाया है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि परवथानेनी हरीश ने कहा कि समुद्र में चलने वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना और उन पर काम कर रहे आम लोगों की जान को खतरे में डालना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का जिक्र करते हुए कहा कि यहां से बड़ी मात्रा में दुनिया का तेल और व्यापार गुजरता है, इसलिए यहां जहाजों की सुरक्षा जरूरी है.

पिछले 79 दिनों से बंद पड़ी सप्लाई

संयुक्त राष्ट्र की ये खास बैठक में ऊर्जा और सप्लाई की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई, जिसमें भारत ने अपना पक्ष रखा. भारत के प्रतिनिधि परवथानेनी हरीश ने कहा कि इस संकट से निपटने के लिए सिर्फ छोटे समय के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय की रणनीति और देशों के बीच सहयोग बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और तनाव का भारत की पावर सप्लाई पर सीधा असर पड़ा है. युद्ध शुरू होने से पहले भारत का बड़ा हिस्सा करीब 40% कच्चा तेल और करीब आधी गैस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते आता था, लेकिन पिछले 79 दिनों से ये सप्लाई बंद पड़ी है, जिससे देश के लिए चिंता बढ़ गई है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए हैं 13 भारतीय जहाज

28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 11 भारतीय कार्गो जहाज सामान लेकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सेफ निकल चुके हैं. लेकिन हालात ठीक नहीं होने की वजह से अभी भी वहां 13 भारतीय जहाज फंसे हुए हैं, जिसमें सरकारी कंपनी SCI का एक जहाज एलएनजीसी दिशा भी शामिल है. इन फंसे हुए जहाजों में 3 बड़े तेल टैंकर और एक बड़ा LPG टैंकर भी है. इसी बीच हालात की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई भारतीय जहाजों पर हमले हो चुके हैं, जिसमें कुछ नाविकों की जान भी चली गई है और इस महीने दो जहाज डूब चुके हैं. हाल ही में 13 मई 2026 को सोमालिया से यूएई के शारजाह जा रहा एक भारतीय पोत हाजी अली ओमान के पास हादसे का शिकार हो गया, जिसमें आग लगने के बाद वो पूरी तरह डूब गया.

ये भी पढ़ें: LPG पर आ गई गुड न्‍यूज, 47 लाख परिवारों के लिए हो गया महीने भर का इंतजाम! ये रहा अपडेट

रविवार को होर्मुज पार कर एक और जहाज देश पहुंचा

रविवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करके मार्शल द्वीप समूह के झंडे वाला एलपीजी टैंकर SYMI भारत के कांडला पोर्ट पर पहुंच गया. युद्ध शुरू होने के बाद ये भारत पहुंचने वाला 12वां LPG टैंकर है, जिसमें करीब 19,965 मीट्रिक टन गैस लोड थी. इस जहाज ने 13 मई 2026 को होर्मुज पार किया था.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच, भारत सरकार वहां फंसे 13 भारतीय झंडे वाले कार्गो जहाजों को सेफ निकालने की लगातार कोशिश कर रही है और ईरान सरकार के साथ लगातार संपर्क में है.

ये भी पढ़ें- रिस्ट्रिक्टेड कैटेगरी में आया सिल्वर, कारोबारी बोले- नुकसान होगा, पर हम पीएम के साथ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com