साउथ कोरिया की ऑटो कंपनी हुंडई ने भारत में बड़े निवेश का ऐलान किया है. हुंडई इंडिया ने मंगलवार को भारत में 2032 तक 15.5 अरब डॉलर (करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करने की घोषणा की है.
हुंडई मोटर ग्रुप ने एक बयान में कहा कि उसके एग्जीक्यूटिव चेयरमैन यूसुन चुंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और भारत के ऑटोमोटिव उद्योग के भविष्य और लंबी अवधि की ग्रोथ की रणनीति पर चर्चा की.
क्या है हुंडई का प्लान?
15.5 अरब डॉलर का यह निवेश 2032 तक होगा. कंपनी के मुताबिक, यह पैसा अगले सात साल में मैनुफैक्चरिंग के विस्तार, रिसर्ड एंड डेवलपपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, पार्ट्स के लोकलाइजेश के लिए लोकल सप्लायर्स को तैयार करने और भविष्य की टेक्नोलॉजी के इनोवेशन पर खर्च होगा.
इतने बड़े पैमाने पर निवेश के लिए हुंडई ग्रुप भारत में एक खास एंटीटी भी स्थापित करेगा. यह एंटीटी इंफ्रास्ट्रक्चर, भविष्य की टेक्नोलॉजी और ऑटोमेटिव इकोसिस्टम में निवेश का सारा काम संभालेगी.
इसके अलावा, इसका काम बेहतरीन लोकल पार्टनर्स की पहचान करना और अच्छे लोकल सप्लायर्स के साथ सहयोग बढ़ाना भी होगा.
इस निवेश का बड़ा हिस्सा R&D पर खर्च होगा. हुंडई ने बताया है कि R&D के लिए 70 करोड़ डॉलर का निवेश होगा. इससे भारत में ही नई टेक्नोलॉजी पर रिसर्च होगी और भारत इनोवेशन हब के तौर पर स्थापित हो सकेगा.
इससे फायदा क्या होगा?
हुंडई मोटर ग्रुप के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन यूसुन चुंगने कहा कि भारत दुनिया भर में हुंडई ग्रुप के सबसे अहम और रणनीतिक बाजारों में से एक है.
उन्होंने कहा कि इस निवेश से रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा होंगे और भारत के विकास के लिए अपने पार्टनर्स और स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर काम करेंगे.
हुंडई मोटर ग्रुप के भारत में 24 हजार से ज्यादा कर्मचारी है और कंपनी का कहना है कि इस बड़े निवेश से मैनुफैक्चरिंग, R&D, इंजीनियरिंग और सप्लाई चेन सेक्टर में अच्छी क्वालिटी के रोजगार के मौके पैदा होने की उम्मीद है.
कंपनी ने कहा कि हुंडई मोटर ग्रुप की सुविधाओं में सीधे तौर पर नौकरियां पैदा करने के अलावा, यह निवेश सप्लायर पार्टनरशिप, टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट और उभरते हुए मोबिलिटी वेंचर्स के जरिए बड़े ऑटोमोटिव इकोसिस्टम में रोजगार को बढ़ावा देगा.
इतना ही नहीं, कंपनी भारत में मैनुफैक्चरिंग भी बढ़ाएगी. हुंडई और किया (Kia) की मैनुफैक्चरिंग भारत में होगी. कंपनी ने कहा कि इससे भारत, हुंडई ग्रुप के लिए दुनिया के प्रमुख एक्सपोर्ट हब में से एक बन जाएगा.
ये वीडियो भी देखें- New Honda Elevate Facelift 2026: अब मिले Creta वाले फीचर्स!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं