स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं. 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार ‘वंदे मातरम' को मुख्य थीम के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है. इस बार लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम के सभी छह छंद गूंजेंगे.
जानकारी के लिए बता दें कि देश वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है. हाल ही में संसद के मौजूदा सत्र में भी वंदे मातरम पर चर्चा हुई थी और बिल भी पारित हुआ था. इसमें कहा गया था कि राष्ट्रगान से पहले राष्ट्रगीत बजाया जाएगा. तभी यह भी स्पष्ट कर दिया गया था कि वंदे मातरम की छह छंद इस बार समारोह में सुनने को मिल जाएंगी.
वायुसेना क्या करने वाली है
बताया जा रहा है कि भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर एक बड़ा ध्वज भी लेकर उड़ने वाला है, जो वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने को दर्शाएगा. वैसे, इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की युवा शक्ति को भी सम्मानित किया जाएगा. 2047 तक विकसित भारत की दिशा में जो युवा अहम योगदान दे रहे हैं, प्रधानमंत्री मोदी उनका सम्मान करेंगे.
सुरक्षा की कैसी तैयारी
हर बार की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा काफी मजबूत कर दी गई है. 15 अगस्त को होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए 20,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जा रही है. 1,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, फेस रिकग्निशन सिस्टम और ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम के जरिए निगरानी रखी जाएगी.
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए एक खास ऐप का भी इस्तेमाल करेगी. इसके अलावा सादे कपड़ों में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. अभी के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और बस स्टैंडों समेत प्रमुख स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दे दिए गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं