विज्ञापन

Real Estate Hotspot: निवेश के लिए पुराना गुरुग्राम है बेहतर या नया गुरुग्राम, कहां मिलेगा सबसे दमदार रिटर्न?

Best property investment in gurugra: पुराना गुरुग्राम Vs नया गुरुग्राम,अगर आप भी प्रॉपर्टी में निवेश कर दमदार रिटर्न या रेगुलर रेंटल इनकम कमाना चाहते हैं, तो जानिए आपके बजट के लिए कौन सा इलाका बेस्ट रहेगा.

Real Estate Hotspot: निवेश के लिए पुराना गुरुग्राम है बेहतर या नया गुरुग्राम, कहां मिलेगा सबसे दमदार रिटर्न?
Gurugram Real Estate Boom: गुरुग्राम में किधर निवेश करना किस लिहाज से सही रहेगा, बता रहे हैं एक्‍सपर्ट्स.
Source: Canva

Real Estate Investment in Gurugram: साइबर सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम शहर अर्किटेक्चर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट और खूबसूरती का बेजोड़ उदाहरण है. अब गुरुग्राम का नाम भी सिंगापुर, दुबई और मलेशिया जैसे बेहद खूबसूरत और विकसित शहरों की श्रेणी में जुड़ रहा है. रोजगार केंद्र होने के नाते गुरुग्राम, बायर, इन्वेस्टर और बिल्डर सभी का हॉट फेवरेट बना हुआ है. पिछले दो दशकों में गुरुग्राम ने जिस तेजी से विकास किया है, उसने इसे देश के सबसे प्रमुख रियल एस्टेट बाजारों में शामिल कर दिया है. कभी दिल्ली का एक उपनगर माने जाने वाला यह शहर आज कॉर्पोरेट हब, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े आवासीय प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है. शहर के ऐसे ही विस्तार के साथ अब यहां का रियल एस्टेट बाजार दो हिस्सों में बंटता नजर आता है, पुराना गुरुग्राम और नया गुरुग्राम. 

ऐसे में निवेशकों के सामने बड़ा सवाल है कि निवेश के लिहाज से कौन सा क्षेत्र अधिक फायदे का सौदा साबित हो सकता है. 

रियल एस्टेट जानकारो का मानना है कि जहां पुराना गुरुग्राम आज भी स्थापित इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर किराये की मांग और मजबूत लोकेशन के कारण निवेशकों को अपनी ओऱ आकर्षित कर रहा है, वहीं नया गुरुग्राम भविष्य के विकास, आधुनिक टाउनशिप और बेहतर मूल्य वृद्धि की संभावनाओं के चलते तेजी से निवेश का नया केंद्र बन कर उभर रहा है.

एचसीबीएस डेवलपमेंट्स के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ सहारन का कहना है कि आज का खरीदार सिर्फ घर नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली और भविष्य में अच्छे रिटर्न की भी उम्मीद करता है. नए गुरुग्राम में बेहतर सड़कें, आधुनिक सुविधाएं, खुले क्षेत्र और तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर इसे परिवारों और निवेशकों के लिए आकर्षक बना रहा है. वहीं गुरुग्राम के पुराने इलाके भी अपनी स्थापित सुविधाओं और कनेक्टिविटी के कारण लोगों की पसंद बने हुए हैं. हालांकि, शहर के लगातार विस्तार और नए विकास कार्यों को देखते हुए नए गुरुग्राम में आने वाले वर्षों में अच्छी ग्रोथ और निवेश के बेहतर अवसर दिखाई दे रहे हैं.

पुराना गुरुग्राम: इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत किराये का बाजार

पुराना गुरूग्राम शहर का वह हिस्सा है जिसका विकास सबसे पहले हुआ था. पुराने गुरुग्राम में डीएलएफ फेज, एमजी रोड, गोल्फ कोर्स रोड, सेक्टर 14, 17, 22, 23 और आसपास के इलाके आते हैं. यह शहर का वह हिस्सा है जहां सबसे पहले आवासीय और व्यावसायिक विकास हुआ था. वर्षों के विकास के कारण यहां सड़कें, मेट्रो कनेक्टिविटी, स्कूल, अस्पताल, मॉल और अन्य सामाजिक सुविधाएं पूरी तरह विकसित हैं.

पुराने गुरुग्राम की सबसे बड़ी ताकत इसकी रणनीतिक लोकेशन है. साइबर सिटी, उद्योग विहार, गोल्फ कोर्स रोड और एमजी रोड जैसे बड़े रोजगार केंद्रों के नजदीक होने के कारण यहां किराये की मांग लगातार बनी रहती है. यही वजह है कि निवेशकों को यहां नियमित किराया आय का बेहतर अवसर मिलता है.
हालांकि, सीमित भूमि उपलब्धता और प्रीमियम लोकेशन के कारण यहां संपत्ति की कीमतें अपेक्षाकृत अधिक हैं. कई क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव और नई परियोजनाओं के लिए सीमित जगह भी चुनौती बनी हुई है. एमआरजी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर, रजत गोयल कहते हैं पुराना गुरुग्राम आज भी उन खरीदारों की पहली पसंद है जो विकसित क्षेत्रों में तुरंत रहने योग्य घर तलाश रहे हैं. वहीं नया गुरुग्राम उन लोगों को आकर्षित कर रहा है जो भविष्य की वृद्धि और बेहतर रिटर्न की संभावना देखते हैं. शहर के विकास का रुख स्पष्ट रूप से नए कॉरिडोर की ओर बढ़ रहा है और इसका लाभ आने वाले वर्षों में निवेशकों को मिल सकता है.

नया गुरुग्राम: भविष्य के विकास का नया केंद्र

नया गुरुग्राम शहर का वह हिस्सा है जो अभी भी विकासशील अवस्था में है. इसमें सेक्टर 79 से 95 और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं. पिछले दस वर्षों में इन क्षेत्रों में काफी विकास हुआ है और ये विकास अभी भी जारी है. नए गुरुग्राम की एक खासियत यह है कि यहाँ नए और आधुनिक टाउनशिप हैं. इनमें से कई परियोजनाओं में ऐसे डिज़ाइन, खुले स्थान और सुविधाएं हैं जो जीवन को आसान बनाती हैं.

सेक्टर 79 से 95, 95ए और 102 से 113 तक फैला नया गुरुग्राम आज शहर के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है. द्वारका एक्सप्रेसवे, साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर), एनएच-48 और प्रस्तावित मेट्रो विस्तार ने इस क्षेत्र की संभावनाओं को और मजबूत किया है.

सेक्टर 81, 84, 88, 90, 95, 106  और 109 जैसे इलाकों में आधुनिक टाउनशिप, बड़े आवासीय प्रोजेक्ट, क्लब हाउस, हरित क्षेत्र और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं. नए गुरुग्राम में बड़े आकार के घर और बेहतर प्लानिंग के कारण परिवारों और युवा खरीदारों की रुचि लगातार बढ़ रही है.

विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-धारूहेड़ा आरआरटीएस, मेट्रो विस्तार और द्वारका एक्सप्रेसवे के पूर्ण रूप से चालू होने के बाद इन क्षेत्रों में प्रॉपर्टी की कीमतों में बहुत उछाल देखने को मिल सकता है. पिरामिड इंफ्राटेक के अश्विनी कुमार का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में हमने देखा है कि घर खरीदारों की प्राथमिकताएं तेजी से बदली हैं. लोग अब केवल लोकेशन नहीं बल्कि बेहतर जीवनशैली, कनेक्टिविटी और भविष्य की संभावनाओं को भी महत्व दे रहे हैं. नया गुरुग्राम इन सभी मानकों पर खरा उतरता है. द्वारका एक्सप्रेसवे, एसपीआर और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के कारण यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में गुरुग्राम का सबसे बड़ा आवासीय और निवेश केंद्र बन सकता है.

कीमतों में बड़ा अंतर

निवेश के लिहाज से कीमत एक महत्वपूर्ण पहलू है. पुराने गुरुग्राम में स्थापित इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार केंद्रों की नजदीकी के कारण संपत्ति की कीमतें अपेक्षाकृत अधिक हैं. वहीं नए गुरुग्राम में अभी भी कई क्षेत्रों में निवेशकों को बेहतर कीमतों पर आवासीय विकल्प मिल रहे हैं.यही वजह है कि सीमित बजट वाले खरीदार और लंबी अवधि के निवेशक नए गुरुग्राम को प्राथमिकता दे रहे हैं. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में यहां कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है.

किराये की आय और निवेश रिटर्न के लिए कहां लगाएं पैसा?

यदि आपका मकसद हर महीने किराये से नियमित कमाई करना है, तो पुराना गुरुग्राम बेहतर विकल्प हो सकता है. यहां पहले से ही बड़ी संख्या में कंपनियां, दफ्तर और कारोबारी केंद्र मौजूद हैं, जिसके कारण किराये पर घर लेने वालों की मांग लगातार बनी रहती है.

वहीं, अगर आप अगले 5 से 10 साल में अपनी संपत्ति की कीमत बढ़ने से अच्छा फायदा कमाना चाहते हैं, तो नया गुरुग्राम बेहतर विकल्प माना जा सकता है. यहां तेजी से नई सड़कें, मेट्रो कनेक्टिविटी, आवासीय परियोजनाएं और व्यावसायिक विकास हो रहा है, जिससे भविष्य में संपत्तियों की कीमतों में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है.

हालांकि, जैसे-जैसे नए गुरुग्राम में आबादी और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी, वहां किराये की मांग भी मजबूत होने की संभावना है. इसलिए निवेश का फैसला करते समय अपने लक्ष्य,नियमित आय या लंबे समय में बेहतर रिटर्न,को ध्यान में रखना जरूरी है. एआईपीएल ग्रुप के डायरेक्टर शमशीर सिंह कहते हैं गुरुग्राम का विकास अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है. पुराने गुरुग्राम ने शहर को पहचान दी, जबकि नया गुरुग्राम भविष्य की दिशा तय कर रहा है. बेहतर कनेक्टिविटी, नए रोजगार केंद्रों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण नए क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं मजबूत दिखाई देती हैं. हालांकि जो निवेशक स्थिर आय और कम जोखिम चाहते हैं, उनके लिए पुराने गुरुग्राम का आकर्षण अभी भी बरकरार है.

रियल एस्टेट जानकारों का मानना है कि पुराने और नए गुरुग्राम दोनों के अपने-अपने फायदे हैं. पुराना गुरुग्राम बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत किराये की मांग और स्थापित बाजार के कारण सुरक्षित निवेश माना जाता है. वहीं नया गुरुग्राम कम कीमतों, आधुनिक विकास और भविष्य में बेहतर मूल्य वृद्धि की संभावनाओं के कारण निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है.

ऐसे में सही विकल्प निवेशक के बजट, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश अवधि पर निर्भर करेगा. जो लोग तत्काल किराया आय और विकसित माहौल चाहते हैं, उनके लिए पुराना गुरुग्राम बेहतर हो सकता है, जबकि लंबी अवधि में संपत्ति के मूल्य में वृद्धि की उम्मीद रखने वाले निवेशकों के लिए नया गुरुग्राम अधिक आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है.

ये भी पढ़ें- SpaceX ने मस्‍क को बनाया इतना रईस कि भारत की टॉप-10 कंपनियां खरीद लें, फिर बच जाएगी इतनी दौलत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Real Estate Market, Gurugram Real Estate, Real Estate Market, Real Estate Gurugram, Real Estate Advice
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com