अगर आप अपनी बचत को सुरक्षित जगह निवेश करके कमाई करना चाहते हैं, तो बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. लेकिन एफडी कराते समय लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल होता है कि कहां सबसे ज्यादा मुनाफा होगा? बता दें कि एफडी पर मिलने वाला ब्याज सिर्फ जमा रकम पर ही नहीं, बल्कि टेन्योर और बैंक दरों पर भी निर्भर करता है. इस खबर में हम आपको बताएंगे कि अगर आपके पास 65 हजार रुपये है तो 3 साल के लिए किस बैंक के एफडी पर सबसे ज्यादा ब्याज मिलेगा?
अगर आपके पास 65,000 रुपये की बचत है और आप इसे 3 साल के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करना चाहते हैं, तो सिर्फ एसबीआई, पीएनबी और एचडीएफसी बैंक जैसे देश के बड़े बैंकों के ब्याज दरों को देखकर फैसला न करें. कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक इन बड़े बैंकों के मुकाबले ज्यादा ब्याज दे रहे हैं. इनमें जना स्मॉल फाइनेंस बैंक और शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक शामिल हैं. आइए समझते हैं कि 65,000 रुपये की एफडी पर कौन-सा बैंक कितना ब्याज दे रहा है और 3 साल बाद आपके हाथ में कितने पैसे आएंगे?
यह भी पढ़ें | FD Laddering: एफडी में निवेश का स्मार्ट तरीका, ब्याज भी मिलेगा और पैसों की कमी भी नहीं होगी
ये 2 स्मॉल फाइनेंस बैंक दे रहे ज्यादा ब्याज
नवंबर 2026 में उपलब्ध ब्याज दरों के मुताबिक, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक 3 साल की एफडी पर सामान्य ग्राहकों को 8 फीसदी तक ब्याज दे रहा है. वहीं, शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक 3 साल की अवधि के लिए 7.50 फीसदी तक ब्याज दे रहा है. इसकी तुलना में बड़े बैंकों की ब्याज दरें कम हैं. उदाहरण के लिए, एचडीएफसी बैंक 3 साल की एफडी पर करीब 6.55 फीसदी, जबकि पीएनबी और एसबीआई 6.30 फीसदी ब्याज दे रहे हैं.
65,000 रुपये की एफडी पर कहां कितना मिलेगा?
अगर आप 65,000 रुपये की एफडी 3 साल के लिए करते हैं, तो अलग-अलग ब्याज दरों पर अनुमानित रिटर्न इस तरह हो सकता है.
| बैंक | ब्याज दर | 3 साल बाद रकम |
| जना स्मॉल फाइनेंस बैंक | 8% | ₹82,436 |
| शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक | 7.5% | ₹81,232 |
| HDFC बैंक | 6.55% | ₹78,988 |
| SBI | 6.30% | ₹78,407 |
| PNB | 6.30% | ₹78,120 |
क्या स्मॉल फाइनेंस बैंक में एफडी कराना सुरक्षित है?
ज्यादा ब्याज मिलने का मतलब यह नहीं है कि बिना जांच-पड़ताल के निवेश कर देना चाहिए. स्मॉल फाइनेंस बैंक भी RBI से रेगुलेटेड होते हैं. इन बैंकों में जमा रकम पर डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉर्पोरेशन (DICGC) का डिपॉजिट इंश्योरेंस लागू होता है. इसके तहत एक बैंक में एक डिपॉजिटर के मूलधन और ब्याज को मिलाकर मैक्सिमम 5 लाख रुपये तक की जमा राशि का बीमा मिलता है. हालांकि एक ही बैंक में 5 लाख रुपये से ऊपर की गारंटी DICGC नहीं देता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं