Gold Silver Predictions: सोने और चांदी की कीमतों में चल रहे उतार-चढ़ाव ने न केवल निवेशकों, बल्कि एक्सपर्ट्स और एनालिस्ट्स को भी हैरान कर दिया है. मिडिल ईस्ट संकट की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है और इस बीच सोने-चांदी की कीमतों (Gold Silver Prices) में उथल-पुथल देखने को मिल रही है. ज्वैलरी मार्केट में शनिवार को सोना 1.5 लाख रुपये/10 ग्राम के करीब बिक रहा है. 24 कैरेट सोने के दाम1,50,150 रुपये/ 10 ग्राम, 22 कैरेट सोने के दाम 1,37,560 रुपये/10 ग्राम और18 कैरेट सोने के दाम 1,12,600 रुपये/10 ग्राम है.
शुक्रवार को दिनभर बंद रहने के बाद शाम को घरेलू कमोडिटी मार्केट MCX खुला था, जहां 5 जून की डिलीवरी वाला सोना 0.01% बढ़कर 1,51,363 रुपये/10 ग्राम के लेवल पर क्लोज हुआ, जबकि 2 मई की डिलीवरी वाली चांदी 2,47,500 रुपये के लेवल पर क्लोज हुई.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने-चांदी के भाव
विदेशी बाजारों में डॉलर की कमजोरी और मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में बढ़ते जियो-पॉलिटिकल टेंशन के बीच कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को सोना 4,600 डॉलर/औंस और चांदी 74 डॉलर/ औंस के लेवल के ऊपर टिके रहे.
सोना (Gold): $4,600 के ऊपर स्थिर
- कीमतों का स्तर: पिछले सत्र में लगभग 2% की बढ़त के बाद सोना $4,600 प्रति औंस के ऊपर कारोबार कर रहा है.
- डॉलर का असर: जापानी येन में हस्तक्षेप की आशंका के बाद अमेरिकी डॉलर में आई कमजोरी ने बुलियन कीमतों को समर्थन दिया है.
- साप्ताहिक रुझान: इस बढ़त के बावजूद, सोना लगातार अपनी दूसरी साप्ताहिक गिरावट की राह पर है.
- सेंट्रल बैंक की मांग: वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के अनुसार, पहली तिमाही (Q1) के दौरान दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने अपने स्वर्ण भंडार में इजाफा किया है.
चांदी (Silver): $74 के पार निकली कीमतें
- मार्केट अपडेट: शुक्रवार को चांदी $74 प्रति औंस के ऊपर ट्रेड करती देखी गई.
- डॉलर में गिरावट: चांदी की कीमतों में आई तेजी का मुख्य कारण अमेरिकी डॉलर में आई भारी कमजोरी है. चूंकि कीमती धातुएं डॉलर में आंकी जाती हैं, इसलिए डॉलर के नरम होने से इनकी मांग बढ़ी है.
- साप्ताहिक गिरावट: सोने की तरह चांदी भी लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट की ओर बढ़ रही है.

एक हफ्ते के भीतर सोना सस्ता हुआ या महंगा?
सोने और चांदी में इस हफ्ते गिरावट देखने को मिली, जिससे सोना 1,000 रुपये ओर चांदी 3,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई है. इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम इस हफ्ते 1,216 रुपये कम होकर 1,50,263 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि पहले यह 1,51,479 रुपये पर था. 22 कैरेट सोने की कीमत कम होकर 1,37,641 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,38,755 रुपये प्रति 10 ग्राम थी. 18 कैरेट सोने का दाम कम होकर 1,12,697 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,13,609 रुपये प्रति 10 ग्राम था. इस हफ्ते सोने में सबसे न्यूनतम दाम 29 अप्रैल को 1,47,973 रुपये प्रति 10 ग्राम देखा गया. वहीं, उच्चतम दाम 27 अप्रैल को 1,51,186 रुपये प्रति 10 ग्राम देखा गया.
चांदी इस हफ्ते सस्ती हुई या महंगी?
सोने के साथ चांदी की कीमत में भी गिरावट देखने को मिली है. चांदी का दाम 3,494 रुपये कम होकर 2,40,331 रुपये प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,43,828 रुपये प्रति किलो था. इस हफ्ते चांदी में सबसे न्यूनतम दाम 29 अप्रैल को 2,36,300 रुपये प्रति किलो देखा गया. वहीं, उच्चतम दाम 27 अप्रैल को 2,43,720 रुपये प्रति किलो देखा गया.
ये भी पढ़ें: होटलों में खाना 10% महंगा, सिलेंडर का बिल भी ग्राहकों के सिर फूटेगा! केवल महंगी LPG ही नहीं, 3 और वजहें भी
आगे कैसी रहेगी सोने-चांदी की चाल?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने और चांदी में गिरावट की वजह फेड की ओर महंगाई बढ़ने के संकेत देना और सख्त टिप्पणी करना है, जिससे इस साल ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम हो गई है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों के लगातार ऊपरी स्तर पर बने रहने के कारण सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.
- मिडल ईस्ट तनाव: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीदें धुंधली होने से निवेशकों की चिंता बढ़ी है.
- सप्लाई रिस्क: ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी और हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर ईरान के नियंत्रण के संकेतों ने ऊर्जा आपूर्ति की चिंताओं को बढ़ा दिया है.
- महंगाई और ब्याज दरें: सप्लाई चेन में जोखिम के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका है. इससे यह उम्मीद मजबूत हुई है कि केंद्रीय बैंक लंबे समय तक ब्याज दरों को उच्च स्तर पर रख सकते हैं या उनमें और सख्ती कर सकते हैं.
बैंक ऑफ अमेरिका की मानें तो सोना अगले एक साल में 6,000 डॉलर/औंस यानी करीब 2 लाख/10 ग्राम के करीब जा सकता है. वहीं चांदी 85.93 डॉलर/औंस यानी 2.84 लाख रुपये के पार जा सकती है.
(Disclaimer: सोने-चांदी या किसी भी कमोडिटी पर दी गई जानकारी को निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए. किसी भी तरह का निवेश करने से पहले अपने निवेश सलाहकार की मदद लेने की सलाह दी जाती है. यहां एक्सपर्ट की राय से NDTV का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं