त्योहारी सीजन में सोने-चांदी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. इस हफ्ते सोना1,200 रुपये से ज्यादा महंगा हुआ है, जबकि चांदी का भाव भी बढ़कर 2.21 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है. हालांकि, एक हफ्ते की तेजी के बावजूद सोने-चांदी की कीमतें अपने ऑल-टाइम हाई से काफी सस्ती हैं. ऐसे में जो लोग सोने-चांदी की खरीदारी करने की सोच रहे हाम उनके मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या खरीदारी के लिए यह सही समय है, या आने वाले में भाव गिरेंगे? अगर आप सोने-चांदी की खरीदारी का प्लान बना रहे हैं, तो ये जानना जरूरी है कि सोने-चांदी का ताजा भाव क्या है और रिकॉर्ड हाई से ये अभी कितना सस्ता मिल रहा है. तो चलिए जानते हैं...
24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने का भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव एक हफ्ते में 1,292 रुपये बढ़कर 1,49,430 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. पिछले हफ्ते इसकी कीमत 1,48,138 रुपये थी.
दूसरी ओर, 22 कैरेट सोना 1,184 रुपये महंगा होकर 1,36,878 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. पहले इसका भाव 1,35,694 रुपये था.
वहीं, 18 कैरेट सोने की कीमत 969 रुपये बढ़कर 1,12,073 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जो पहले 1,11,104 रुपये थी.
चांदी ₹2.21 लाख के पार
चांदी की कीमत में भी इस हफ्ते तेजी आई है. इसका भाव 280 रुपये बढ़कर 2,21,109 रुपये प्रति किलो हो गया है. पिछले हफ्ते चांदी 2,20,829 रुपये प्रति किलो पर थी.हालांकि, इस दौरान चांदी का भाव 5 अक्टूबर को शाम के सत्र में 2,24,157 रुपये प्रति किलो के ऊंचे स्तर पर पहुंचा था. वहीं, 7 अक्टूबर को शाम के सत्र में इसका सबसे कम भाव 2,20,866 रुपये प्रति किलो रहा.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने का दाम 4,200 डॉलर प्रति औंस और चांदी का दाम 60 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया है.
ऑल-टाइम हाई से कितना सस्ता है सोना-चांदी?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फिलहाल सोने का भाव 1,51,503 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 2,25,820 रुपये प्रति किलो है. सोने के करीब 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल-टाइम हाई से तुलना करें, तो यह अभी लगभग 41,500 रुपये सस्ता है.
वहीं, 29 जनवरी 2026 को MCX पर 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाने वाली चांदी अब अपने उच्चतम स्तर से करीब 1.94 लाख रुपये प्रति किलो नीचे है. यानी पिछले एक हफ्ते में भाव बढ़ने के बावजूद दोनों धातुएं अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी सस्ती हैं.
बता दें कि IBJA दिन में दो बार, सुबह और शाम, सोने-चांदी के भाव जारी करता है. ये दरें बिना जीएसटी और मेकिंग चार्ज के होती हैं. आपके शहर में ज्वेलरी खरीदने की कीमत इससे अलग हो सकती है.
यह भी पढ़ें | सोना जाएगा 2.80 लाख रुपये के पार? बाबा वेंगा की वायरल भविष्यवाणी पर Expert ने बताया सच, एक जरूरी सलाह भी दी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं