विज्ञापन

सोना महंगा होने का उठाएं फायदा: घर में रखे 10 ग्राम सोने पर कितना मिल सकता है लोन? जानें ब्याज और EMI का गणित

Gold Loan: सोने की बढ़ती कीमतों के बीच गोल्ड लोन लेना एक स्मार्ट विकल्प है. जानें 10 ग्राम सोने पर बैंक आपको कितना पैसा दे सकता है, ब्याज दरें क्या हैं और EMI कैसे तय होती है.

सोना महंगा होने का उठाएं फायदा: घर में रखे 10 ग्राम सोने पर कितना मिल सकता है लोन? जानें ब्याज और EMI का गणित
Gold Loan Against Gold jewellery: गोल्ड लोन उन लोगों के लिए सही है जिन्हें जल्दी पैसे चाहिए और जो कम ब्याज दर पर लोन लेना चाहते हैं.
नई दिल्ली:

सोने की कीमतें इन दिनों तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में नया सोना खरीदना हर किसी के बस की बात नहीं लगती. लेकिन अगर आपके घर में पहले से सोना या जेवर रखे हैं, तो वही सोना मुश्किल समय में आपके काम आ सकता है. अचानक खर्च जैसे इलाज, बच्चों की फीस, शादी या किसी और जरूरी काम के लिए आपको तुरंत पैसे चाहिए हों, तो बैंक से सोने पर लोन लेना एक आसान रास्ता बन सकता है.

सोना सिर्फ गहना नहीं, बल्कि जरूरत के समय आपकी आर्थिक मदद भी करता है. बैंक में सोना गिरवी रखकर आप जल्दी लोन पा सकते हैं और  इसका प्रोसेस भी आसान होता है. आइए जानते हैं

10 ग्राम सोने पर कितना मिल सकता है लोन

बैंक सोने की पूरी कीमत का लोन नहीं देते. वे सोने के वैल्यू का एक हिस्सा ही देते हैं, जिसे LTV यानी Loan to Value कहा जाता है. RBI के नियम के मुताबिक 2.5 लाख रुपये तक के छोटे लोन पर बैंक सोने की कीमत का 85 प्रतिशत तक लोन दे सकते हैं. 2.5 लाख से 5 लाख रुपये तक के लोन पर यह सीमा 80 प्रतिशत है और 5 लाख से ऊपर के लोन पर 75 प्रतिशत तक लोन मिलता है.

गोल्ड लोन कैलकुलेशन, 1.50 लाख की कीमत पर कितना मिलेगा पैसा?

मान लीजिए आपके पास 10 ग्राम 22 कैरेट सोना है और बाजार में उसकी मौजूदा कीमत करीब 1,50,000 रुपये है. बैंक या गोल्ड लोन कंपनियां आमतौर पर सोने की कुल कीमत का 75 से 80 प्रतिशत तक लोन देती हैं. अगर कंपनी 75% लोन देती है, तो आप अपनी जरूरत के लिए 1,12,500 रुपये तक ले सकते हैं. वहीं, अगर आपको 80% की वैल्यू मिलती है, तो आपकी लोन राशि बढ़कर 1,20,000 रुपये तक हो जाएगी.

यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है कि आप अपनी जरूरत के हिसाब से पूरा अमाउंट लेना चाहते हैं या उससे कम. ध्यान रखें कि लोन की यह रकम सोने की शुद्धता और उस दिन के मार्केट रेट के हिसाब से थोड़ी ऊपर-नीचे हो सकती है.

ब्याज दर कितनी लगेगी

सोने का लोन पर्सनल लोन से सस्ता माना जाता है. देश के बड़े बैंक जैसे SBI, HDFC और ICICI में ब्याज दर करीब 8.5 प्रतिशत से 12 प्रतिशत तक है. SBI में दर करीब 8.70 प्रतिशत से शुरू होती है. कुछ NBFC में यह दर 9.5 प्रतिशत से लेकर 18 प्रतिशत तक भी जा सकती है.इसलिए लोन लेने से पहले अलग अलग बैंक की दर जरूर चेक करें. थोड़ा सा फर्क भी आपकी जेब पर असर डाल सकता है.

EMI कैसे चुकानी होगी

सोने के लोन में आपको कई तरीके मिलते हैं. आप हर महीने EMI देकर लोन चुका सकते हैं. इसके अलावा एक विकल्प यह भी होता है कि आप हर महीने सिर्फ ब्याज भरें और साल के अंत में पूरा मूल पैसा एक साथ चुका दें. इसे बुलेट पेमेंट कहा जाता है.

अगर आप 1 लाख रुपये का लोन 8.7 प्रतिशत सालाना ब्याज पर 12 महीने के लिए लेते हैं, तो आपकी EMI करीब 7,000 रुपये के आसपास हो सकती है. अगर आप सिर्फ हर महीने ब्याज भरते हैं, तो यह रकम लगभग 850 रुपये के आसपास बैठेगी. लोन लेते समय बैंक प्रोसेसिंग फीस भी लेते हैं, जिसे ध्यान में रखना जरूरी है.

समय पर पमेंट बहुत जरूरी

सोने का लोन लेना आसान है, लेकिन समय पर पैसा चुकाना उससे भी ज्यादा जरूरी है. अगर आप तय समय पर भुगतान नहीं करते, तो बैंक आपका सोना नीलामी में बेच सकता है. इसलिए हमेशा उतना ही लोन लें, जितना आप आराम से चुका सकें.

बैंक कैसे तय करते हैं सोने की कीमत?

जब आप बैंक में जेवर लेकर जाते हैं, तो बैंक पहले उसका वजन और कैरेट जांचता है. अगर आपके गहनों में पत्थर, मोती या दूसरी धातु लगी है, तो उनका वजन अलग कर दिया जाता है. लोन सिर्फ शुद्ध सोने के वजन पर मिलता है. इसलिए जो वजन आप घर पर सोच रहे होते हैं, बैंक में उससे कम भी निकल सकता है.

छोटे लोन पर मिल सकती है थोड़ी राहत

1 लाख रुपये तक के छोटे गोल्ड लोन पर कुछ बैंकों में खास ऑफर या छूट भी मिलती है. कई बैंक एक साल बाद लोन को रिन्यू करने का ऑप्शन भी देते हैं, जिससे आपको सोना वापस लेने के लिए थोड़ा और समय मिल सकता है.

ऊंची कीमत का फायदा कैसे उठाएं

आज जब सोने की कीमतें ऊंची हैं, तो आपके पुराने जेवर की वैल्यू भी ज्यादा है. इसका मतलब यह है कि आपको पहले के मुकाबले ज्यादा लोन मिल सकता है. अगर आप सोना बेचना नहीं चाहते, लेकिन पैसे की जरूरत है, तो गोल्ड लोन एक बेहतर विकल्प बन सकता है.

किसके लिए सही है गोल्ड लोन?

गोल्ड लोन उन लोगों के लिए सही है जिन्हें जल्दी पैसे चाहिए और जो कम ब्याज दर पर लोन लेना चाहते हैं. इसमें ज्यादा कागजी काम नहीं होता और पैसा जल्दी मिल जाता है. लेकिन सोच समझकर फैसला लेना जरूरी है.

लोन लेने से पहले  इन बातों का  रखें ध्यान

घर में रखा सोना सिर्फ तिजोरी की चीज नहीं है, वह जरूरत के समय आपकी ताकत बन सकता है.लोन लेने से पहले ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस, भुगतान का तरीका और समय सीमा साफ समझ लें. EMI कैलकुलेशन जरूर करें और यह तय करें कि आपकी आमदनी के हिसाब से यह बोझ ज्यादा तो नहीं होगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com