CII Annual Business Summit: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी आज नई दिल्ली में आयोजित हो रहे CII Annual Business Summit 2026 के स्पेशल प्लेनरी सेशन को संबोधित किया, जिसपर उद्योग जगत और बाजार की नजरें टिकी हुई हैं. ग्लोबल इकोनॉमी, जियोपॉलिटिकल तनाव, भारत@100 विजन और भविष्य की ग्रोथ स्ट्रैटेजी जैसे अहम मुद्दों पर गौतम अदाणी अपने विचार साझा किए. गौतम अदाणी ने देश और दुनिया की आर्थिक चुनौतियों के बीच बड़ा संदेश दिया है.
गौतम अदाणी ने CII Annual Business Summit 2026 में कहा कि इस साल की थीम हमें ग्लोबल इकोनॉमी, इंडस्ट्री और समाज के भविष्य के बारे में सोचने के लिए कहती है. उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों तक दुनिया को यह बताया गया कि दुनिया पूरी तरह ‘फ्लैट' यानी एक समान और खुली हो चुकी है.सप्लाई चेन हमेशा खुली रहेंगी,एनर्जी सप्लाई बिना रुकावट जारी रहेगा, टेक्नोलॉजी सीमाओं से परे होगी, पूंजी बिना किसी रोक-टोक के दुनिया में घूमेगी, क्लाउड की कोई राष्ट्रीयता नहीं होगी.
नेशनल सिक्योरिटी अब सबसे बड़ी प्राथमिकता
गौतम अदाणी ने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि ये धारणाएं पूरी तरह सही नहीं थीं. अब जो दुनिया उभर रही है वह फ्लैट नहीं बल्कि ‘फ्रैक्चर्ड' यानी बंटी हुई है. अब सप्लाई चेन नेशनल सिक्योरिटी को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं. एनर्जी फिर से सुरक्षा चर्चाओं के केंद्र में आ गई है. सेमीकंडक्टर अब केवल टेक्नोलॉजी नहीं बल्कि स्ट्रैटजिक पावर बन चुके हैं. डेटा को नेशनल रिसोर्स की तरह देखा जा रहा है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सुरक्षित डेटा सेंटर्स की दीवारों के पीछे विकसित की जा रही है.
एनर्जी और डिजिटल सिक्योरिटी ही अब देश की असली ताकत
उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट संघर्ष और इंफ्रास्ट्रक्चर पर हुए टार्गेटेड हमलों ने यह साफ कर दिया है कि एनर्जी सिक्योरिटी और डिजिटल सिक्योरिटी अब अलग-अलग विषय नहीं रहे. अब यही दोनों मिलकर किसी भी देश की ताकत की दो सबसे अहम नींव बन चुके हैं.
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन ने कहा किअब यह साफ दिख रहा है कि जो देश अपनी ऊर्जा पर नियंत्रण रखेगा, वही अपने औद्योगिक भविष्य को आगे बढ़ाएगा. जो देश कंप्यूटिंग और टेक्नोलॉजी पर नियंत्रण रखेगा, वही इंटेलिजेंस और AI के भविष्य को दिशा देगा. और जो देश इन दोनों पर पकड़ बनाएगा, वही आने वाली सदी को आकार देगा. उन्होंने इसे नई ताकत की ज्योमेट्री बताया.
21वीं सदी की असली आजादी का नया फॉर्मूला
गौतम अदाणी ने कहा कि अगर 1947 राजनीतिक आजादी का प्रतीक था, तो 21वीं सदी में असली स्वतंत्रता उस ऊर्जा में है जो हमारे घरों को रोशन करती है और उस इंटेलिजेंस में है जो हमारे सोचने और फैसले लेने की दिशा तय करती है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक थ्योरी नहीं है, बल्कि दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं यूएस और चीन इसे अच्छी तरह समझ चुकी हैं.
यूएस और चीन की स्ट्रैटेजी से भारत को सीख
उन्होंने कहा कि भले ही दोनों देशों की राजनीतिक व्यवस्था और सिस्टम अलग-अलग हों, लेकिन उनके रणनीतिक लक्ष्य एक जैसे हैं. गौतम अदाणी ने कहा कि कोई भी देश खुद को वास्तव में आत्मनिर्भर नहीं कह सकता, अगर वह अपनी अर्थव्यवस्था को चलाने वाली ऊर्जा या अपने भविष्य को आकार देने वाली इंटेलिजेंस के लिए दूसरे देशों पर निर्भर हो.
गौतम अदाणी ने कहा कि अमेरिका ने शेल ऑयल और गैस क्रांति के जरिए खुद को ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत बनाया, जबकि चीन ने बड़े स्तर पर रिन्यूएबल एनर्जी और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस किया. उनके मुताबिक अब ऊर्जा और इंटेलिजेंस अलग-अलग नहीं रहे, बल्कि दोनों साथ मिलकर नई ग्लोबल पावर तय करेंगे.
भारत की ग्रोथ और AI का भविष्य
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत इसकी बढ़ती मांग है. मार्च 2026 तक भारत 500 गीगावॉट पावर क्षमता पार कर चुका है और 2047 तक इसे 2000 गीगावॉट तक ले जाने का लक्ष्य है. गौतम अदाणी ने कहा कि AI आने वाले समय में डेटा सेंटर और बिजली की मांग को कई गुना बढ़ा देगा.
UPI की तरह AI बदलेगा भारत
गौतम अदाणी ने कहा कि जैसे UPI ने छोटे व्यापारियों और आम लोगों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ा, वैसे ही AI नए बिजनेस मॉडल और नई कंपनियां बनाएगा. उन्होंने कहा कि AI सिर्फ सॉफ्टवेयर नहीं, बल्कि ऊर्जा, डेटा सेंटर, चिप्स और नेटवर्क का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर है.
Adani Group का बड़ा प्लान
गौतम अदाणी ने कहा कि समूह गुजरात के खावड़ा में दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट बना रहा है. साथ ही Google और Microsoft के साथ बड़े डेटा सेंटर कैंपस पर काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत को अपने AI फ्यूचर का इंफ्रास्ट्रक्चर खुद बनाना और अपने देश में ही रखना होगा.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं