आज के दौर में जैसे-जैसे महंगाई आसमान छू रही है.हर किसी के मन में बस एक ही सवाल घूमता है आखिर इस देश में एक आम इंसान से खास बनने और बिना किसी टेंशन के अमीरों जैसी रॉयल लाइफ जीने के लिए कितने पैसों की जरूरत होती है? कोई सोचता है कि काश बैंक बैलेंस में कुछ लाख रुपये आ जाएं, तो कोई रातोंरात करोड़पति बनने के सपने देखता है. आपके मन में भी ये सवाल जरूरी आया होगा कि आखिर वो कौन सा ऐसा जादुई नंबर है, जिसे हासिल करने के बाद आपको जिंदगी में कभी दोबारा पैसे के बारे में सोचना ही नहीं पड़ेगा? आसान भाषा में कहें तो कितने पैसे होने पर जिंदगी बिना पैसों की चिंता के आराम से गुजर सकती है?
इसी सवाल पर राज शमानी के पॉडकास्ट में पर्सनल फाइनेंस एक्सपर्ट ने अपनी राय रखी और एक दिलचस्प आंकड़ा बताया.तो चलिए जानते हैं कि आपके पास कितना बड़ा फंड होना चाहिए, जिसके बाद खर्चों की फिक्र न रहे और अपनी पसंद की लग्जरी लाइफ जी सकें.
भारत में लग्जरी लाइफ के लिए कितना पैसा काफी है?
राज शमानी के पॉडकास्ट में आए कोटक ऑल्टरनेट एसेट मैनेजर्स लिमिटेड (Kotak Alternate Asset Managers Limited)के मैनेजिंग डायरेक्टर एस. श्रीनिवासन के मुताबिक, भारत में करीब ₹50 करोड़ का कॉर्पस होने के बाद इंसान पूरी आजादी के साथ एक लग्जरी और 'Richie Rich' लाइफ जी सकता है. उनका कहना है कि इस रकम के बाद पैसे का नंबर ज्यादा मायने नहीं रखता.
₹50 करोड़ के बाद क्यों नहीं रहती पैसों की टेंशन?
एक्सपर्ट ने बताया कि अगर ₹50 करोड़ की रकम को भी कही सेफ जगह निवेश किया जाए और 6% सालाना रिटर्न पर आ जाए, तो हर साल करीब ₹3 करोड़ की पैसिव इनकम मिल सकती है. खास बात यह है कि इस दौरान आपका प्रिंसिपल अमाउंट भी सुरक्षित रहता है. उनके मुताबिक, इतनी सालाना इनकम एक शानदार लाइफस्टाइल के लिए काफी है.
रिटायरमेंट के लिए कितनी बड़ी रकम चाहिए?
एस. श्रीनिवासन में यह भी कहा गया कि कई लोग रिटायरमेंट के लिए ₹20 करोड़ या ₹30 करोड़ जैसी बड़ी रकम का टारगेट बना लेते हैं. लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी उनकी जमा पूंजी निवेश में रहती है और उस पर लगातार रिटर्न मिलता रहता है. यानी पूरा खर्च सिर्फ जमा रकम से नहीं चलता, बल्कि निवेश से होने वाली कमाई भी साथ देती है.
राज शमानी ने एक्सपर्ट से पूछा कि भारत में ऐसा कौन-सा आंकड़ा है, जिसके बाद इंसान पैसों के बारे में दोबारा सोचने की जरूरत महसूस न करे. जवाब में श्रीनिवासन ने कहा कि यह सवाल काफी हद तक व्यक्तिगत है, क्योंकि किसी के लिए बैंक में ₹5 लाख भी बड़ी रकम हो सकती है. हालांकि अगर 'Richie Rich' और पूरी फाइनेंशियल फ्रीडम वाली लाइफ की बात करें, तो उनका जवाब ₹50 करोड़ ही होगा.
केविन ओ'लेरी की 5 मिलियन डॉलर वाली बात
पॉडकास्ट में अमेरिका के मशहूर निवेशक और 'शार्क टैंक' के जज केविन ओ'लेरी का भी जिक्र हुआ. उन्होंने कहा था कि दुनिया के किसी भी देश में आर्थिक रूप से बेफिक्र रहने के लिए करीब 5 मिलियन डॉलर पर्याप्त माने जा सकते हैं. जब भारत का आंकड़ा पूछा गया, तो श्रीनिवासन ने फिर से ₹50 करोड़ को अपनी पसंद बताया.
पैसिव इनकम से बिना टेंशन के जिए लग्जरी लाइफस्टाइल
श्रीनिवासन के मुताबिक, अगर आपके पास ₹50 करोड़ का फंड है और वह सही तरीके से निवेश किया गया है, तो मिलने वाली पैसिव इनकम से आप घूमने-फिरने, लग्जरी लाइफस्टाइल और अपनी पसंद की चीजों का आनंद बिना पैसों की चिंता के उठा सकते हैं.उनका कहना है कि ₹50 करोड़ के बाद पैसे का नंबर उतना मायने नहीं रखता, जितना उस पैसे का सही इस्तेमाल और निवेश मायने रखता है.
ये भी पढ़ें- जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट... आखिर क्यों फटती है फोन की बैटरी? जानें बचने के तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं