Mobile Blast Reasons: आज के समय में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन चुका है. लेकिन यही फोन अगर अचानक ब्लास्ट हो जाए, तो कुछ ही सेकेंड में बड़ा हादसा हो सकता है. मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां युवक की जेब में रखा मोबाइल अचानक फट गया. धमाका इतना तेज था कि उसकी पैंट में आग लग गई, शरीर के कई हिस्से झुलस गए और पैर की हड्डी तक टूट गई.
ऐसी घटनाओं के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि आखिर मोबाइल की बैटरी क्यों फटती है? क्या इसके पहले कोई संकेत मिलते हैं? औरऐसी दुर्घटना से बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए? आइए आसान भाषा में समझते हैं हर सवाल के जवाब...
मोबाइल की बैटरी फटने की सबसे बड़ी वजह क्या है?
मोबाइल ब्लास्ट का सबसे बड़ा कारण लिथियम-आयन (Lithium-ion) बैटरी में खराबी या उसका जरूरत से ज्यादा गर्म होना माना जाता है. कई मामलों में बैटरी के अंदर का तापमान अचानक बहुत बढ़ जाता है, जिसे थर्मल रनअवे (Thermal Runaway) कहा जाता है. इसी वजह से बैटरी में आग लग सकती है या वह फट सकती है.
1. मैन्युफैक्चरिंग फॉल्ट भी बन सकता है बड़ी वजह
अगर बैटरी बनाने या फोन असेंबल करने के दौरान कोई तकनीकी कमी रह जाए, तो आगे चलकर यह बड़ा खतरा बन सकती है. बैटरी की अंदरूनी सेल्स ज्यादा गर्म होने पर शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है. आमतौर पर सस्ती या खराब क्वालिटी की बैटरियों में यह जोखिम ज्यादा माना जाता है.
2. फोन गिरने से बैटरी अंदर से हो सकती है खराब
अगर आपका फोन कई बार गिर चुका है, तो संभव है कि बैटरी को अंदर से नुकसान पहुंचा हो. इससे बैटरी का मैकेनिकल और केमिकल स्ट्रक्चर बदल सकता है, जिससे ओवरहीटिंग और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है.अगर बैटरी फूलने (Swelling) लगे, तो उसे नजरअंदाज न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर जाकर बैटरी बदलवानी चाहिए.
3. थर्ड-पार्टी या नकली चार्जर इस्तेमाल करना पड़ सकता है भारी
कई लोग ओरिजिनल चार्जर की जगह सस्ते या लोकल चार्जर का इस्तेमाल करते हैं. यह आदत बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकती है.ऐसे चार्जर कई बार फोन की जरूरत के मुताबिक पावर कंट्रोल नहीं कर पाते, जिससे बैटरी खराब होने या ब्लास्ट होने का खतरा बढ़ जाता है.
4. पूरी रात फोन चार्जिंग पर छोड़ना सही नहीं
रातभर फोन चार्जिंग पर छोड़ देना भी बैटरी को नुकसान पहुंचा सकता है. इससे ओवरहीटिंग, ओवरचार्जिंग और शॉर्ट सर्किट जैसी समस्याएं हो सकती हैं.हालांकि, कई नए स्मार्टफोन 100% चार्ज होने के बाद करंट रोक देते हैं, लेकिन सभी फोन में यह सुविधा नहीं होती. खासकर पुराने या बजट स्मार्टफोन में पूरी रात चार्जिंग पर छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है.
5. फोन पर जरूरत से ज्यादा लोड डालना भी खतरनाक
अगर फोन में लगातार भारी गेम, हाई-ग्राफिक्स ऐप या एक साथ कई काम किए जाते हैं, तो प्रोसेसर ज्यादा गर्म हो सकता है.कई कंपनियां थर्मल लॉक या थर्मल पेस्ट जैसी टेक्नोलॉजी देती हैं, लेकिन कुछ मामलों में यह भी काम नहीं कर पाती. इसलिए फोन जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगे, तो उसका इस्तेमाल कुछ समय के लिए बंद कर देना चाहिए.
6. तेज धूप या गर्म कार में फोन छोड़ना भी खतरनाक
मोबाइल को लंबे समय तक सीधी धूप में या बंद कार के अंदर छोड़ना बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है.ज्यादा गर्मी से बैटरी के अंदर गैस बनने लगती है, जिससे बैटरी फूल सकती है और ब्लास्ट होने का खतरा बढ़ सकता है.
7. पानी लगने के बाद भी बढ़ सकता है ब्लास्ट का खतरा
अगर फोन वाटर-रेसिस्टेंट नहीं है और उसमें पानी चला जाए, तो बैटरी खराब हो सकती है. खासकर पहले से डैमेज बैटरी में पानी जाने पर शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट का खतरा बढ़ सकता है.
फोन ब्लास्ट होने से पहले मिल सकते हैं ये सिंग्नल
अगर आपका फोन नीचे दिए गए संकेत दे रहा है, तो सावधान हो जाइए.
- स्क्रीन धुंधली (Blur) होने लगे या अचानक काली पड़ जाए.
- फोन बार-बार हैंग होने लगे और बहुत स्लो चलने लगे.
- बात करते समय या सामान्य इस्तेमाल में भी फोन जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगे.
फोन के ब्लास्ट होने से बचाने के लिए न करें ये गलतियां
- हमेशा ओरिजिनल चार्जर और ओरिजिनल बैटरी का इस्तेमाल करें.
- नकली चार्जर या फेक बैटरी कभी इस्तेमाल न करें.
- भीगे हुए फोन को चार्जिंग पर न लगाएं.
- चार्जिंग के दौरान फोन का इस्तेमाल करने से बचें.
- बैटरी खराब या फूल गई है तो तुरंत बदलवाएं.
- फोन को बहुत ज्यादा गर्म जगह पर न रखें.
- पूरी रात चार्जिंग पर लगाकर न छोड़ें.
- फोन को कार के डैशबोर्ड या सीधी धूप में न रखें.
- तकिए के नीचे या सिर के पास फोन चार्जिंग पर रखकर न सोएं.
- चार्ज करते समय मोबाइल का कवर निकाल देना बेहतर माना जाता है, क्योंकि इससे गर्मी आसानी से बाहर निकलती है.
- पावर स्ट्रिप या एक्सटेंशन बोर्ड की बजाय सेफ पावर सॉकेट का इस्तेमाल करना बेहतर होता है.
इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
फोन के किसी भी असामान्य सिग्नल को नजरअंदाज न करें. अगर बैटरी फूल रही है, फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है या चार्जिंग के दौरान कुछ दिक्कत आ रहा है तो तुरंत उसे ठीक कराएं.. हमेशा ओरिजिनल चार्जर का इस्तेमाल करें, फोन को तेज गर्मी और पानी से बचाएं और चार्जिंग के दौरान उसे तकिए के नीचे या सिर के पास रखकर न सोएं. इससे मोबाइल ब्लास्ट जैसी गंभीर घटनाओं का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- Mutual Fund क्लेम के नियमों में बड़ा बदलाव, अब नाम-पता में छोटी गलतियों की वजह से नहीं अटकेगा नॉमिनी का पैसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं