EPFO WhatsApp Services: EPFO के करोड़ो सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ी खबर है. संगठन ने 2 बड़ी सुविधाओं का ऐलान किया है. केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने रविवार को EPFO की WhatsApp सेवाओं और निष्क्रिय PF खातों के ऑटोमैटिक सेटलमेंट की शुरुआत की है. इससे खाताधारक WhatsApp पर PF बैलेंस, पिछली 5 ट्रांजैक्शन और पासबुक की जानकारी ले सकेंगे. वहीं, 1,000 रुपये तक बैलेंस वाले करीब 1 लाख निष्क्रिय खातों में जमा 5 करोड़ रुपये का भुगतान बिना व्यक्तिगत क्लेम के किया जाएगा.
दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की इन दोन पहलों का मकसद PF से जुड़ी नियमित सेवाओं को आसान बनाना और ऐसे खाताधारकों तक उनकी जमा राशि पहुंचाना है, जिनके निष्क्रिय खातों में छोटी रकम पड़ी हुई है.
WhatsApp पर मिलेगी ये सुविधाएं
EPFO की सत्यापित WhatsApp सेवा के जरिए सदस्य अब अपने मोबाइल पर PF से जुड़ी कई जानकारियां हासिल कर सकेंगे. इसमें शामिल हैं:
- PF खाते का बैलेंस
- पिछली 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी
- पासबुक से जुड़ी जानकारी
- PMVBRY से संबंधित व्यक्तिगत मार्गदर्शन
- जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने में सहायता
इस सुविधा से सदस्यों को सामान्य सेवाओं के लिए EPFO कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी. WhatsApp जैसे परिचित मोबाइल प्लेटफॉर्म पर सेवाएं मिलने से PF की जानकारी हासिल करना आसान होगा.
निष्क्रिय खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट
EPFO ने पात्र निष्क्रिय PF खातों के ऑटोमैटिक सेटलमेंट की सुविधा भी शुरू की है. इसके तहत आधार सत्यापित ऐसे निष्क्रिय खातों में, जिनका बैलेंस 1,000 रुपये या उससे कम है, व्यक्तिगत क्लेम दाखिल करने की जरूरत नहीं होगी.
EPFO निर्धारित पहचान और बैंक खाते के सत्यापन के बाद पात्र खातों का सेटलमेंट शुरू करेगा. इससे खातों में पड़ी रकम सही लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
करीब 1 लाख खातों में 5 करोड़ रुपये का लाभ
श्रम मंत्रालय के मुताबिक, इस पहल से लगभग 1 लाख निष्क्रिय EPF खातों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इन खातों में कुल करीब 5 करोड़ रुपये जमा हैं.
ऑटोमैटिक सेटलमेंट के जरिए पात्र सदस्यों को अलग से क्लेम प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी. हालांकि, भुगतान के लिए पहचान और बैंक खाते का निर्धारित सत्यापन जरूरी होगा.
इन दोनों पहलों से EPF सदस्यों को रोजमर्रा की जानकारी और सहायता आसानी से मिल सकेगी. WhatsApp सेवा से बैलेंस और पासबुक की जानकारी प्राप्त करना सुविधाजनक होगा, जबकि ऑटोमैटिक सेटलमेंट से पात्र निष्क्रिय खातों में जमा छोटी रकम पाने की प्रक्रिया आसान होगी.
यह भी पढ़ें | EPFO स्टार्टअप्स में लगाएगा 30 करोड़ कर्मचारियों के PF का पैसा? जानिए सरकार का प्लान,आपके फंड पर क्या होगा असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं